रविवार, 17 सितंबर 2023

सरकार सभी महिलाओं को मासिक तीन हजार रुपए आर्थिक सहयोग दें


* सीतामढ़ी में वृद्धा पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने किया प्रदर्शन, 400 की जगह 3 हजार हो पेंशन

* सहरसा में बुजुर्गों को मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकार मार्च निकाला

* कर्नाटक और मध्यप्रदेश सरकार की तरह बिहार सरकार में भी सरकार सभी महिलाओं को मासिक तीन हजार रुपए आर्थिक सहयोग दें

सहरसा. बिहार के सहरसा में बुजुर्गों को मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकार मार्च निकाला है.इसी तरह की मिली जुली मांग एकता परिषद बिहार के द्वारा की जा रही है.इस संदर्भ में एकता परिषद का नेता विजय गोरैया कहते हैं कि कर्नाटक और मध्य प्रदेश सरकार की तरह बिहार सरकार भी सरकार सभी महिलाओं को  मासिक तीन हजार रुपए आर्थिक सहयोग दें.

        अब बिहार में प्रेशर पॉलिटिक्स शुरू कर दी गयी है. लोकसभा का चुनाव 2024 में और राज्य विधानसभा का चुनाव 2025 में है.इस समय राज्य में प्रदेश सरकार ने Mukhyamantri Vridhjan Pension Yojana की शुरुआत की है.सभी बूढ़े बुजर्गों को बुढ़ापे में अच्छे से जीवन व्यतीत करने के आर्थिक सहायता स्वरूप पेंशन दी जाएगी. बिहार वृद्धजन पेंशन योजना को दो भागों में बांटा गया है.जिस बुजुर्ग की आयु 60 से 79 वर्ष के बीच में उसको 400 रुपये हर माह पेंशन के रूप में प्रदान की जाएगी.वहीं जिस बुजुर्ग की उम्र 80 वर्ष से अधिक है उसको 500 रुपये हर माह पेंशन के तौर पर दी जाएगी.

      इस वृद्धजन पेंशन योजना से वृद्धजन नाखुश है.बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी,मुनाफाखोरी आदि से परिवार में आर्थिक संकट बढ़ती जा रही है.इसके आलोक में प्रभावित लोग सड़क पर उतरने लगे है.सीतामढ़ी में वृद्धा पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया. फिलहाल वृद्ध लोगों को पेंशन में 400 रुपये दिए जाते हैं. जिसे 3 हजार तक करने की मांग की जा रही है. 

       आज शनिवार को बिहार के सहरसा में बुजुर्गों को मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकार मार्च निकाला है.ग्रामीणों ने इस दौरान नारा लगाया कि सरकार करे दो हजार, नहीं तो होगा तकरार. वृद्धा पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर पंचगछिया ग्राम पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में अधिकार मार्च निकाला गया.

      पंचगछिया ग्राम पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में निकले गए अधिकार मार्च में बड़ी संख्या में महिला, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए. सभी के हाथों में मांगों के समर्थन में लिखी गई नारे की तख्तियां थी. सभी अधिकार मार्च में एक ही मांग कर रहे थे कि भारत के अन्य राज्यों के पेंशन की भांति बिहार के बुजुर्गों को भी पेंशन दें. इसी मांग के समर्थन में अधिकार मार्च निकाल कर सरकार के वर्तमान पेंशन योजना का विरोध करते हुए नई पेंशन योजना लागू करने की लोगों ने मांग की.

राज्य सरकार द्वारा मासिक आर्थिक सहयोग दिए जाने की आवश्यकता 

जन संगठन एकता परिषद के संस्थापक पी.व्ही.राजगोपाल है.इस समय एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणसिंह परमार हैं.वे मुजफ्फरपुर में आए थे.अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष रणसिंह परमार ने कहा कि कर्नाटक और मध्य प्रदेश की सरकार महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाता है.उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से निवेदन किए कि आप भी बिहार की सभी महिलाओं को मासिक आर्थिक सहयोग तीन हजार रुपए दें ताकि बढ़ती महंगाई के बीच में खुद का परिवार की जिंदगी बचा सके.

 बिहार सरकार ध्यान दें 

इस समय छोटे-मोटे घरेलू जरूरतों पूरा करने का तनाव महिलाएं झेल रही.अगर दिल्ली में 'आप' सरकार फ्री-बस यात्रा की सुविधा दे सकती है.राजस्थान एवं मध्य प्रदेश की सरकार में 500/-रु. या इससे कम कीमत पर गैस-सिलेंडर उपलब्ध करा सकती हैं.कर्नाटक एवं मध्यप्रदेश की सरकार 2000/-रु. व 1000/-रु. क्रमश: नकद प्रत्येक माह प्रदान कर सकती हैं.तो बिहार में महिला मतदाताओं की अमूल्य वोट पाकर बार-बार सत्ता में आने वाली नीतीश सरकार बेहाल महिलाओं को 'विशेष मासिक आर्थिक सहयोग' क्यों नहीं प्रदान कर सकती.  नीतीश-सरकार के लिए महिलाओं का कर्ज चुकता करने का समय आ गया है.

इसके आलोक में जोरदार अभियान चलाने का निश्चय

 एकता परिषद, बिहार का प्रांत स्तरीय अभियान.अभियान का नाम - "मासिक तीन हजार".संदर्भ--  गृह-प्रबंधन में आर्थिक खींचतान से तनाव ग्रस्त बिहार की महिलाओं के लिए, कर्नाटक एवं एम.पी. की तरह,  राज्य सरकार से मासिक आर्थिक सहयोग की मांग. हर महिला के लिए मात्र तीन हजार रुपये मासिक. अभियान-अवधि-27 सितंबर शहीद भगत सिंह जयंती से 11 अक्टूबर जे.पी. जयंती तक. इस अवधि में जनता के बीच कहीं जन-संपर्क, कहीं हस्ताक्षर अभियान, कहीं संवाद-यात्रा तो कहीं प्रचार-गोष्ठी के कार्यक्रम चले. कार्यक्षेत्र के हर एवं जिला अधिकारी को, माननीय मुख्यमंत्री महोदय को संबोधित मांग-पत्र भी सौंपे जाएंगे. 


आलोक कुमार

पल्ली पुरोहित फादर वाल्टर सुशील गाब्रिएल क्रूसवीर बच्चों को देखकर खुश

 दरभंगा.आज खास दिन दरभंगा में रहा.यहां पर क्रूसवीर बच्चों का दिवस रहा.क्रूसवीर बच्चे सफेद परिधान में थे.घर से ही सफेद परिधान में बच्चे होली रोसरी चर्च  में पहुंचे.दरभंगा पल्ली के प्रधान पल्ली पुरोहित फादर वाल्टर सुशील गाब्रिएल क्रूसवीर बच्चों को देखकर खुश थे.

क्रूसवीर बच्चों का रहा दिवस                                   

आज 17 सितंबर है.दरभंगा पल्ली में क्रूसवीर दिवस समारोह मनाया गया. इस अवसर पर क्रूसवीर के बच्चों ने क्रूसवीर को लेकर शपथ लिया और क्रूसवीर का सफर शुरू किया.इस अवसर पर मुजफ्फरपुर धर्मप्रांत के फादर वाल्टर सुशील गाब्रिएल और गोरखपुर धर्मप्रांत के फादर अनीश और फादर नोएल (सी0एस0टी0) ने मिलकर मिस्सा किए.दोनों पुरोहित गोरखपुर धर्मप्रांत के सिरो मालाबार से जुड़े हैं.दोनों फादर अनीश और फादर नोएल (सी0एस0टी0) के बिशप गोरखपुर धर्मप्रांत में रहते हैं.

क्रूस के चार हथियार 

यह कहा जाता है कि प्रभु येसु ख्रीस्त के वचनों पर चलने के लिए क्रूस के चार हथियार प्रार्थना, परम प्रसाद, बलिदान और प्रेरिताई है.उसको अपने जीवन में आत्मसात करना जरूरी है, तभी ईश्वरीय शक्ति की प्राप्ति होगी. 

सही संस्कार की प्राप्ति के लिए विशेष अर्चना 

इस मौके पर बच्चे-बच्चियों को उनके माता-पिता ने फूल देकर आशीर्वाद दिया और उपस्थित भक्तों ने बच्चों के सही संस्कार की प्राप्ति के लिए विशेष अर्चना की. सभी बच्चों को आध्यात्मिक जीवन में मजबूत बनने का आशीर्वाद दिया.


आलोक कुमार

पवित्र मिस्सा का संचालन महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष सेबेस्टियन कल्लूपुरा ने किया

 पटना.राजधानी पटना में राजा बाजार है.यहां के फ्रेंड कॉलोनी,एजी कॉलोनी रोड में  रोमन कैथोलिक समुदाय का चर्च है.इस का चर्च का नाम संत मेरी चर्च है.इसको 2005 में स्थापित किया गया.कैथोलिकों की संख्या 31 है. पल्ली पुरोहित फादर जोसेफ राज है.यहां पर संत मेरी एकेडमी संचालित है.

  आज यहां पल्ली दिवस धूमधाम से मनाया गया.पल्ली दिवस के अवसर पर पवित्र मिस्सा का संचालन महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष सेबेस्टियन कल्लूपुरा ने किया.उनके साथ बाढ़ पल्ली के फादर तंबी, पल्ली पुरोहित फादर जोसेफ राज और महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष के सेक्रेटरी फादर एलेक्स वी साथ में थे.

  सर्वप्रथम पटना महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष सेबेस्टियन कल्लूपुरा ने 13 बच्चों को दृढ़करण संस्कार दिया.उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम किया गया.बच्चों ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. बच्चे,महिला,एवं पुरुषों के द्वारा गीत व नृत्य प्रस्तुत किया गया. अंत में पल्ली वासियों ने प्रीतिभोज किया.उसके बाद धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त किया गया.


आलोक कुमार

राहुल सिंह को प्रवक्ता बनाया

 पटना. भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी0भी0 ने प्रदेश से लेकर जिला स्तर पर युवा कांग्रेस में प्रवक्ताओं को नियुक्त किया है. इसी क्रम में बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के विशाल कुमार यादव को मुख्य प्रवक्ता तथा संस्कार यादव, मो0 कमालुद्दीन राजा, अजमेर करीम, जयवर्द्धन सिंह, अमित पाण्डेय, शशांक रंजन, सुन्दरम पाठक एवं राहुल सिंह को प्रवक्ता बनाया गया है.

बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने इन लोगों के मनोनयन के लिए भारतीय युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इन प्रवक्ताओं के मनोनयन से युवा कांग्रेस का पक्ष को मजबूती के साथ प्रेस मीडिया के सामने आयेगा.


आलोक कुमार

शनिवार, 16 सितंबर 2023

रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत कराये जा रहे कार्यों का लिया जायजा

  मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत कराये जा रहे कार्यों का लिया जायजा


पटना. मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बख्तियारपुर के गंगा तट स्थित सीढ़ी घाट का भ्रमण कर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया. सीढ़ी घाट पर जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री चैतन्य प्रसाद ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया. जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीढ़ी घाट तक श्रद्धालुओं का आवागमन सुगमतापूर्वक हो सके, इसको ध्यान में रखते हुए कार्य कराएं. गंगा नदी की मुख्यधारा तक लोग आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए पथ का निर्माण कराएं.

      हर रविवार को हम यहां नहाने आते.उस समय सीढ़ी घाट से गंगा नदी की मुख्य धारा तक पहुंचने के लिए रास्ता हुआ करता था.बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचकर छठ पूजा करते थे. पहले यहां पुल से होकर गंगा नदी की मुख्यधारा तक लोग आसानी से चले जाते थे. बचपन मुख्यमंत्री ने सीढ़ी घाट स्थित श्री राधे कृष्ण मंदिर (ठाकुरबाड़ी) में पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.

      पंडित शीलभद्र याजी मेमोरियल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी पंडित शीलभद्र याजी एवं उनकी धर्मपत्नी स्व0 बालकेश्वरी जी के स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

    इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री संजय कुमार झा, सांसद श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, विधायक श्री अनिरुद्ध प्रसाद, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, ए०डी०जी० श्री संजय कुमार सिंह, आयुक्त पटना प्रमंडल श्री कुमार रवि, आई० जी० पटना प्रक्षेत्र श्री राकेश राठी, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री कार्तिकेय धनजी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.


आलोक कुमार 

शुक्रवार, 15 सितंबर 2023

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिनका दखल कब्जा लेना है

  

गया। अपर मुख्य सचिव उद्योग विभाग बिहार सरकार श्री संदीप पॉन्द्रिक द्वारा आज गया ज़िले के डोभी प्रखंड अंर्तगत (akic) अमृतसर कोलकाता इंटीग्रेटेड कॉरिडोर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। 1670 एकड़ में फैले यह कॉरिडोर के तहत वैसे रैयती जमीन जिनका लिया गया है उन्हें तेजी से मुआवजा उपलब्ध करवाए। अपर मुख्य सचिव ने काफी संतोष प्रकट करते हुए उक्त प्रस्तावित कॉरिडोर को नक्शे के माध्यम से जानकारी लिया कि किसी ओर से रास्ता निकल रहा है, किसी ओर से योजना का काम प्रारंभ होना है, किस ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलपमेंट किया जाएगा, नया फोरलेन सड़क किस तरफ से निकलेगा। उसे भी मैप के माध्यम से देखा। जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिनका दखल कब्जा लेना है वह ले लिया गया है। जिन्हें मुआवजा देना था वह भी युद्ध स्तर पर कैंप लगाकर वितरित किया गया है। शेष बचे लोगों को जिला भू अर्जन पदाधिकारी के माध्यम से मुआवजा वितरित किया जाएगा।

     निरीक्षण के क्रम में कुछ स्थानीय लोगों ने जिला पदाधिकारी को अवगत कराया की मुआवजा वितरित एवं कागजों का सत्यापन करने में जिला भू अर्जन कार्यालय के प्रधान सहायक एवं सहायक द्वारा लापरवाही बरती जा रही है इस पर जिला पदाधिकारी ने जिला भू अर्जन पदाधिकारी को विस्तार से जांच करते हुए संबंधित को निलंबित करने का आदेश दिया है। इस अवसर पर बियाडा के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।


आलोक कुमार



गुरुवार, 14 सितंबर 2023

बाल संसद के बच्चों का एक मंच है

कौवाकोल.नवादा जिले के प्रखंड कौवाकोल के आदर्श उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोखोदेवरा में बाल संसद का गठन किया गया है.यहां बिहार वाटर डेवलपमेंट सोसाइटी,पटना के द्वारा ग्लोबल प्रोग्राम चलाया जाता है.उनके आगमन पर बाल संसद के सदस्यों के साथ अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया.

   बाल संसद के बारे में बिहार वाटर डेवलपमेंट सोसाइटी के जौन डि क्रुस ने बच्चों के बीच विस्तार से बाल संसद के कार्यों एवं गठन की प्रक्रिया पर विस्तृत रूप से जानकारी दी.बाल संसद के बच्चों का एक मंच है जहां वे अपने विद्यालय समाज, परिवार, स्वास्थ्य शिक्षा आदि पर खुलकर बात करते हैं.इस बाल - संसद का उद्देश्य है - बच्चे एवं बच्चियों में जीवन कौशल का विकास करना, नेतृत्व एवं निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना, विद्यालय गतिविधियों एवं प्रबंधन में भागीदारी सुनिश्चित करना तथा विद्यालय को आनंददायी, सुरक्षित और साफ-सुथरा रखना.

       उन्होंने कहा कि उन्मुखीकरण में बाल संसद के सभी सदस्य प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, शिक्षा मंत्री, उप शिक्षा मंत्री स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, उप स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. कुल 14 प्रतिभागी बाल संसद में शामिल किया जाएगा.इसके बाद छात्राओं को लोकतंत्र के महत्व को समझाने और विद्यालय प्रबंधन में अपनी भागीदारी निभाने के लिए बाल संसद का गठन प्रत्यक्ष मतदान से कराया गया. स्कूल की साफ-सफाई, समय प्रार्थना सभा का आयोजन, सुचारू व नियमित ढंग से मध्याह्न भोजन का संचालन, खेल-कूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए छात्राओं को छह समूह में बांटा गया है.प्रत्येक समूह से दो-दो प्रतिनिधि चुने गए. योग्यता को देखते हुए मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा किया गया.

       बिहार वाटर डेवलपमेंट सोसाइटी,पटना के द्वारा ग्लोबल प्रोग्राम अंतर्गत प्रखंड कौवाकोल के आदर्श उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोखोदेवरा में शैक्षणिक अवसरों और पोषण संबंधी जरूरतों के बारे में बाल संसद के सदस्यों के साथ अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया.बच्चो के द्वारा विधालय एव गांव सम्बन्धित समस्याओं का आकलन किया गया।इस कार्यक्रम में  77 बच्चे एवं शिक्षकों ने भाग लिया.

आलोक कुमार

 

समन्वय स्थापित कर जनहित का कार्य करने व करवाने का सार्थक प्रयास

 नवादा.बिहार में काफी दिनों के बाद विभिन्न आयोगों को पुनर्गठित किया गया है.इसमें अनुसूचित जाति आयोग भी है.अनुसूचित जाति आयोग में पूर्व विधायक राजेंद्र कुमार को अध्यक्ष, पूर्व विधायक ललन भूइयां को उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम, वैशाली के अशोक पासवान के साथ पटना के जगदीश चौधरी को सदस्य बनाया गया है.अनुसूचित जाति आयोग के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित का कार्य करने व करवाने का सार्थक प्रयास बिहार वाटर डेवलपमेंट सोसाइटी ने किया है.

     बिहार वाटर डेवलपमेंट सोसाइटी से जुड़े जौन डि'कुस ने बताया कि सोसाइटी के द्वारा ग्लोबल प्रोग्राम संचालित है. इस ग्लोबल प्रोग्राम के अन्तर्गत अनुसूचित जाति आयोग के साथ समन्वयक बैठक की गई.आयोजित समन्वयक बैठक नवादा जिले के ग्राम निर्माण मंडल सोखोदेवरा आश्रम में किया गया. इस बैठक में गैर सरकारी संस्था के एवं अनुसूचित जाति के छह गांवों के महिला व पुरुष शामिल हुए.

     उन्होंने कहा कि इस समन्वयक बैठक में कई महत्वपूर्ण  बिंदुओं पर चर्चा की गई.* सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति के लिए योजनाएं संचालित है उक्त योजनाओं से अनुसूचित जाति के लोगों को समुचित लाभ दिलवाना है.अव्वल योजनाओं से लाभ लेने के योजनाओं की जानकारी एवं समुदाय की सहभागिता की जानकारी वृहद रूप से दी गई.* संवैधानिक अधिकारों को प्राप्त करने एवं शिक्षा से वंचित अनुसूचित जाति समुदाय को शिक्षा प्राप्त करने पर जोर दिया गया.* जीविकोपार्जन के लिए  स्वरोजगार करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके. *स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष रूप से अवगत कराया गया.

आलोक कुमार


मंच का सफल संचालन सुश्री मेरी एडलिन, शिक्षिका द्वारा किया गया

 












 सकारात्मक ऊर्जा का प्रयोग करते हुए आगे बढ़े बच्चें : जिलाधिकारी

अपने माता-पिता, परिवार, जिला, राज्य एवं देश का नाम करें रोशन

 शिक्षा, खेलकूद के साथ-साथ कला संस्कृति का भी है महत्व

स्थानीय प्रेक्षागृह में जिलास्तरीय युवा महोत्सव-2023 का भव्य आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ सम्पन्न

उत्कृष्ट एवं बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित

जिला स्तर पर चयनित बच्चे राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में लहराएंगे परचम

बेतिया ।  कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, पश्चिमी चंपारण, बेतिया के संयुक्त तत्वाधान में आज स्थानीय प्रेक्षागृह में जिलास्तरीय युवा महोत्सव-2023 का भव्य आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय द्वारा जिलास्तरीय युवा महोत्सव-2023 का दीप प्रज्जवलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया।

        युवा महोत्सव में प्रदर्श कला एवं चाक्षुष कला अंतर्गत समूह लोक नृत्य, समूह गायन, लोक गीत, सुगम संगीत, लोक गाथा, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय गायन, तबला, हारमोनियम, ढ़ोलक वॉयलिन, इलेक्ट्रोनिक ड्रम, सारंगी, सरोद, शहनाई वादन, वक्तृता आदि प्रतियोगिता में प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में चयनित जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

       युवा महोत्सव के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट एवं बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटों देकर सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागी राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शरीक होकर जिले का नाम रौशन करेंगे।

               इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिला में युवा उत्सव का आयोजन हो रहा है। जिला प्रशासन बच्चों के लिए इस तरह का कार्यक्रम का आयोजन करा रहा है ताकि सफल बच्चे राज्य स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में पश्चिम चम्पारण जिला का नाम रौशन करेंगे। यहां उपस्थित प्रतिभागी प्रखंड स्तर, अनुमंडल स्तर से चयनित होकर आए हैं, सभी को मेरी शुभकामनाएं है। बच्चे अपनी प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करें। सफल नहीं होने बच्चो को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। वे बेहतर प्रयास करेंगे और अगली बार जरूर सफल होंगे।

                  उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शिक्षा, खेलकूद का महत्व है, उसी प्रकार कला संस्कृति का भी महत्व है। युवा देश की तकदीर एवं तस्वीर को बदलते हैं। ऊर्जा का सही दिशा में प्रयोग करें। सकारात्मक ऊर्जा का प्रयोग करते हुए आगे बढ़े और अपने माता-पिता, परिवार, जिला, राज्य एवं देश का नाम रौशन करें। आपके सही दिशा में सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने से आपके परिवार, समाज, प्रखंड, अनुमंडल, जिला एवं राज्य का विकास होगा। इसमें आपकी अहम भूमिका रहेगी।

            जिलाधिकारी ने बच्चों के परिजनों एवं शिक्षकों से कहा कि आप प्रेरणास्रोत है, मार्गदर्शक है। आपके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ये बच्चे बहुत ऊंचाई तक जाएंगे। बच्चों की प्रतिभा के अनुकूल उन्हें प्रेरित करें। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे तरीके से संस्कार भी जरूर दें।

उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार ने कहा कि बच्चे अपने अंदर की प्रतिभा को पहचाने और उसे सही समय पर निकाल कर लाएं। पॉजिटिव चीजों पर ध्यान दें, इससे आपका पर्सनल डेवलपमेंट, आपके परिवार का डेवलपमेंट होगा, तो स्वतः हमारे जिले, राज्य एवं देश का डेवलपमेंट हो जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों में प्रतिभा है। सभी प्रतिभागियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं, आप सभी अपना बेस्ट परफोरमेन्स दें।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री अनिल राय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, श्री कुमार रविन्द्र, प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा, श्री विपिन कुमार यादव, जिला नजारत उप समाहर्ता, श्री अनिल कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, श्री मनीष कुमार, निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, श्री रजनीकांत प्रवीण, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, श्री अनंत कुमार, अधीक्षक, उत्पाद, श्री मनोज कुमार सिंह, डीआरडीए, श्री सुजीत बरनवाल, वरीय उप समाहर्ता, डॉ0 राजकुमार सिन्हा, श्रीमती बेबी कुमारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी उपस्थित रहे।

    जिलास्तरीय युवा महोत्सव-2023 के अवसर पर मंच का सफल संचालन सुश्री मेरी एडलिन, शिक्षिका द्वारा किया गया।

आलोक कुमार

बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी एवं बैंकर्स करें सार्थक प्रयास: जिलाधिकारी

  बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी एवं बैंकर्स करें सार्थक प्रयास: जिलाधिकारी

पात्र आवेदकों की मदद करें, उन्हें बेवजह परेशान नहीं करें। ऐसा करने वाले अधिकारियों एवं बैंकों के विरूद्ध की जायेगी कार्रवाई

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति की विशेष बैठक सम्पन्न

योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बैनर, फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित करने का निर्देश

अभियान चलाकर कैम्प मोड में बैंक खाता खुलवाने का निर्देश

माननीय सांसद, श्री संजय जायसवाल द्वारा दिये गये महत्वपूर्ण सुझाव



बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की विशेष बैठक सम्पन्न हुयी।

    बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा किये जा रहे कार्य, जिले का साख/जमा/अनुपात, एसीपी, पीएमआइइजीपी, केसीसी, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आदि की समीक्षा की गयी।अग्रणी जिला प्रबंधक, पश्चिम चम्पारण द्वारा पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्य प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

     समीक्षा के क्रम में बताया गया कि सीडी रेसियो में पश्चिम चम्पारण जिला की रैंकिंग बिहार में टॉप फाइव में है। अधिकांश बैंकों का सीडी रेशियो अच्छा है लेकिन कुछ को बैंकों का सीडी रेशियो अपेक्षाकृत कम है, जिसमें समय वांछित सुधार लाने की आवश्यकता है।

       आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 की प्रथम तिमाही तक कुल-150 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित कराया गया है। जिसमें दुधारू पशुपालन एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के लिए 24, बकरी पालन के लिए 67, मुर्गी पालन के लिए 24 एवं मछली पालन के लिए 35 प्रतिभागी शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 134 पुरुष एवं 16 महिला प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया है, जिसमें 132 बीपीएल प्रतिभागी सम्मिलित हुए। इसके अलावा विभागीय निर्देशानुसार मंडल कारा, बेतिया में 35 विचाराधीन कैदियों को 10 दिवसीय मछली पालन का प्रशिक्षण भी दिया गया है।

       समीक्षा के क्रम में माननीय सांसद, श्री संजय जायसवाल द्वारा कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये तथा विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि हनी प्रोडक्शन को बढ़ावा देने के उदेश्य से आर सेटी के माध्यम से प्रशिक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। हनी प्रोडक्शन के लिए जिले में अनुकूल वातावरण तथा संसाधन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना महत्वपूर्ण है। ज्यादा से ज्यादा बेरोजगार युवा स्वरोजगार कर सकें इसके लिए मुद्रा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्राप्त आवेदनों का सही तरीके से निष्पादन करना होगा। इच्छुक एवं योग्य बेरोजगार व्यक्तियों को समयबद्ध तरीके से मुद्रा योजना से लाभान्वित किया जाय।

       माननीय सांसद द्वारा मुद्रा योजना, पीएमईजीपी योजना से संबंधित विस्तृत अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही बैंकों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं से समय पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए अवेयरनेस गाइड/अभियान चलाने को कहा गया।

         जिलाधिकारी द्वारा माननीय सांसद को आश्वस्त किया गया कि दिये गये सुझावों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन कराना सुनिश्चित किया जायेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सीडी रेशियो में जिन बैंकों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है, वे इसमें समय वांछित सुधार लाने का प्रयास करें। पीएमईजीपी, किसान क्रेडिट ऋण योजना, मुद्रा योजना आदि बेहद महत्वपूर्ण है। इसके क्रियान्वयन में अधिकारी एवं बैंकर्स तत्परता दिखाएं तथा इच्छुक व्यक्तियों को लाभान्वित करें।

     उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना महत्वाकांक्षी योजना है। इसके अंतर्गत लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को ऋण प्रदान कर लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ाया जा सकता है। इस योजना के तहत प्राप्त आवेदन को निर्धारित समयावधि में नियमानुसार निष्पादन कराना सुनिश्चित किया जाय।

     जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के वैसे व्यक्ति जिनका अब तक बैंकों में खाता नहीं खुला है, उनका खाता खुलवाने के लिए अभियान चलाया जाय। विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में बैंक खाता की अनिवार्यता है। इसलिए यह बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कैम्प मोड में बैंक खाता खुलवाना सुनिश्चित किया जाय। इसके साथ ही बैंक खाता खुलवाने हेतु कैम्पों के आयोजन का तथा सीएसपी का संबंधित क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई छूटे नहीं।

     उन्होंने निर्देश दिया कि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए किन-किन दस्तावेजों की आवश्यकता है, इससे संबंधित बैनर, फ्लेक्स बैंक परिसर, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाय ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके तथा उन्हें परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

     जिलाधिकारी ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी एवं बैंकर्स सार्थक प्रयास करें। इस दिशा में अपेक्षित प्रगति दिखनी चाहिए। पात्र आवेदकों की मदद करें, उन्हें बेवजह परेशान नहीं करें। ऐसा करने वाले अधिकारियों एवं बैंकों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।

      इस अवसर पर माननीय सांसद, श्री संजय जायसवाल, उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, निदेशक, डीआरडीए, श्री सुजीत कुमार बरनवाल, संयोजक-सह-अग्रणी जिला प्रबंधक, श्री सतीश कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, श्री अनिल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रबंधक/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


आलोक कुमार


बुधवार, 13 सितंबर 2023

बुधवार को पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू

 पटना.राजधानी पटना का चर्चित नीलेश मुखिया हत्याकांड में पुलिस ने आरोपियों के घर कुर्की जब्ती का कार्रवाई शुरू कर दी है.इसकी जानकारी पाटलिपुत्र थाने के थानाध्यक्ष एसके शाही ने दी.मौके पर उपस्थित पुलिस ने बताया कि स्व.महेंद्र राय के तीन पुत्र पप्पू राय, राजकुमार उर्फ धप्पू राय और गोरख राय नीलेश मुखिया हत्याकांड के आरोपी है.तीनों फरार है.डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चस्पा किया गया.बावजूद,इसके तीनों फरार चल रहे हैं.

      नीलेश मुखिया हत्याकांड मामले में फरार नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. गुरुवार 31 अगस्त को हत्याकांड के मुख्य आरोपित तीनों भाइयों पप्पू, धप्पू और गोरख राय के घर पर पाटलिपुत्र थाने की पुलिस ने इश्तेहार चिपका दिया. 

         पुलिस ने आगे कहा कि इस मामले में आरोपी पप्पू, धप्पू और गोरख राय के घर की कुर्की जब्ती का वारंट कोर्ट से मंगलवार को ले ली थी.जिसके बाद बुधवार को पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है.तीनों भाई संयुक्त रूप से रहते हैं.इसके आलोक में चल संपत्ति की कुर्की जब्ती की गई है.

     पुलिस ने कहा कि आरोपियों को कानून सम्मत आत्मसमर्पण करने का अंतिम मौके दिए गये थे.इसके बावजूद आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं करने के कारण पुलिस ने आरोपियों के घर पर कुर्की जब्ती का कार्रवाई शुरू कर दी है.पिछले 44 दिनों से तीनों आरोपी फरार चल रहे है. पटना पुलिस दीघा और पाटलिपुत्र इलाके में कुर्की की कार्रवाई कर रही है.साथ ही फरार चल रहे हैं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है.

     सूत्रों का कहना है कि नीलेश मुखिया हत्याकांड का मुख्य आरोपी पप्पू, धप्पू और गोरख राय घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल में हैं. पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसकी भनक लगने के बाद पटना पुलिस भी वहां रवाना हुई है. लेकिन इसकी पटना पुलिस के किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है. बताते चलें कि नीलेश की हत्या के बाद आस पास के लोगों ने स्वतः अपनी दुकानों को बंद कर विरोध जताया था.

   मंगलवार को कोर्ट से इजाजत के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है.इसके पहले पुलिस ने आरोपियों के घर पर इश्तेहार चिपकाया था, लेकिन तीनों आरोपियों में से किसी ने भी अब तक सरेंडर नहीं किया है.31 जुलाई को नीलेश मुखिया को अपराधियों ने कुर्जी मोड़ के आगे वार्ड पार्षद के कार्यालय के समक्ष गोली मार दी थी.

  असामयिक सुनियोजित ढंग गोली लगने के बाद नीलेश मुखिया को कुर्जी होली फैमिली हॉस्पिटल के ओपीडी इमरजेंसी कक्ष में लाया गया.ओपीडी इमरजेंसी कक्ष के सीएमओ ने बेहतर इलाज के लिए पटना नगर निगम के वार्ड नम्बर 22 बी की वार्ड पार्षद सुचित्रा सिंह के गोली के शिकार पति नीलेश प्रसाद को रेफर कर दिया.

  तब जाकर परिजनों ने पाटलिपुत्र कॉलोनी में स्थित एक निजी अस्पताल रूबेन में भर्ती कराया. उन्हें बेहतर इलाज के लिए 7 अगस्त को दिल्ली एम्स ले जाया गया.एम्स में ही 23 अगस्त को उनकी मौत हो गई. जिसके बाद पुलिस ने 14 अगस्त को शूटर राजा के साथ लाइनर शाहनवाज को गिरफ्तार किया. इस दोनों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने दो शूटर क्यास खान और उसके भाई मो. इमरान उर्फ लल्लू को और एक लाइनर विकास को 9 सितंबर को जेपी गंगा पथ से उठाया.दोनों भाई सुल्तानगंज थाना के कर्बला रोड के रहने वाले हैं.


यह भी हुआ था

    नीलेश मुखिया के भाई सुरेश ने तीनों भाइयों भाइयों पप्पू, धप्पू और गोरख राय को नामजद अभियुक्त बनाया था.इस बीच पप्पू राय ने हाथ जोड़कर वीडियो जारी कर रहा कि हम लोग निर्दोष है.पुलिस अपराधी को पकड़े.हम भी साथ देने को तैयार है.पुलिस जहां भी बुलाये वहां पर आने को तैयार है.अगर हम दोषी होते है तो फांसी पर चढ़ने को तैयार है.मगर तब भी फरार है.अभियुक्त गोरख राय की पत्नी रजनी देवी और तीनों अभियुक्तों की मां ने कहा कि तीनों को फंसाया है.पटना नगर निगम की पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी है.पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी के पति गोरख राय हैं. पप्पू राय और थप्पू राय देवर है.पूर्व डिप्टी मेयर रजनी देवी का कहना है कि तीनों कोई कुकृत्य नहीं किये है.वहीं अभियुक्तों के परिजनों का भी कहना है कि जो शूटर और लाइनर पकड़े गए हैं,सभी पप्पू, धप्पू और गोरख राय का नाम नहीं लिए है और न 10 लाख रुपए सुपारी देने की बात कहे है.


 नीलेश मुखिया के समर्थक हत्यारे को फांसी देने की मांग करने लगे

31 जुलाई को शूटआउट में घायल हुए नीलेश मुखिया की दिल्ली एम्स में मौत के बाद उनकी लाश पटना पहुंच चुकी है. उनके आवास पर लोगों की भीड़ लग गई.कुछ देर बाद शव यात्रा निकाली गई. इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए.नीलेश मुखिया के समर्थक हत्यारे को फांसी देने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे. नीलेश मुखिया के आवास से निकाली गई शव यात्रा लोयला स्कूल के पास पहुंची. इसके बाद नीलेश मुखिया के घर की ओर मुड़ गई.यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए. इसमें महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हुए.लोग की भीड़ बढ़ती ही जा रही है. गली-गली से लोग नीलेश मुखिया की शव यात्रा में शामिल होने के लिए निकले.महिला समर्थकों ने कहा कि नीलेश मुखिया के साथ अच्छाई भी मर गई.

     बहरहाल इन तीनों भाइयों का घर वार्ड पार्षद सुचित्रा सिंह के घर के पास ही है. इससे पहले पुलिस ने तीनों भाइयों के घर पर सरेंडर का वारंट 31 अगस्त गुरुवार को इश्तेहार के रूप में चिपकाया था.लेकिन तीनों में से किसी ने भी न सरेंडर नहीं किया.अंतत: 13 सितंबर बुधवार को पुलिस ने चल संपति की कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है.

आलोक कुमार