🔥 CHINGARI PRIME NEWS
🔴 Breaking News | Latest Updates | India News | Politics | Sports | Business | Entertainment

बुधवार, 22 मार्च 2023

पू.च.की टीम ने लीजेंड्स ऑफ पू.च.टीम को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से पराजित कर दिया

 रोमांचक मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम 3 विकेट से विजयी...


मोतिहारी. स्थानीय गांधी मैदान मोतिहारी के ग्राउंड-3 पर बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित दोस्ताना क्रिकेट मैच में जिला प्रशासन पू.च.की टीम ने लीजेंड्स ऑफ पू.च.टीम को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से पराजित कर दिया.

      निर्धारित 15 ओवर के मुकाबले में लीजेंड्स ऑफ पू.च.टीम के कप्तान रामप्रकाश सिन्हा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।लीजेंड्स ऑफ पू.च. टीम ने सलामी बल्लेबाज प्रीतेश रंजन के नाबाद 29 रन(रिटायर्ड हर्ट),गुलाब खान 26 रन,विकास कुमार(बेस्ट बैट्समैन व फिल्डर) के नाबाद 57 रन,ऐयाज अहमद के 14 रन के बदौलत 15 ओवर में 146/2 रन का एक अच्छा स्कोर खड़ा कर दिया।जिलाप्रशासन पू.च.के गेंदबाज खेल पदाधिकारी गौरव कुमार ने 1 और राशिद जमाल खान ने 1 विकेट चटकाया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिला प्रशासन की टीम ने लगातार विकेट गिरने के बावजूद रन गति को हमेशा बनाये रखा जिसका फायदा आखिरकार टीम को मिला और जिला प्रशासन की टीम ने 14.5 ओवर में 147/7 रन का स्कोर बनाकर मैच 3 विकेट से अपने नाम कर लिया.

          जिला प्रशासन पू.च.टीम की ओर से मैन ऑफ द मैच उप विकास आयुक्त समीर सौरभ ने शानदार नाबाद 46 रन,अमरजीत कुमार ने 44 रन और प्रभात कुमार झा ने 22 रन की पारी खेली।लीजेंड्स ऑफ पू.च.के गेंदबाज ऐयाज अहमद ने 3 विकेट जबकि संजय कुमार टुन्ना ने 2 विकेट लिए।प्रकाश रंजन और अजय कुमार को 1-1 विकेट मिला।मैच में अम्पायर की भूमिका वरिष्ठ खिलाडी इब्राहिम लोधी और मंजूर आलम ने निभाया.

जिला पदाधिकारी , श्री शीर्षत कपिल अशोक, पुलिस अधीक्षक ,श्री कान्तेश मिश्रा, उप विकास आयुक्त, श्री समीर सौरभ और बीसीए टूर्नामेंट कमिटी के कन्वेनर और इसीडीसीए सचिव, ज्ञानेश्वर गौतम ने विजेता और उपविजेता टीम को कप और खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल देकर पुरस्कृत किया.

       मौके पर जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारीगण,जिले के वरिष्ठ खिलाड़ीगण और खेलप्रेमियों की उपस्थिति रही.



आलोक कुमार

जिला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम द्वारा स्टॉल का उद्घाटन फीता काटकर किया

  


गया। ’बिहार का 111 वां स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आज हरिहर सुब्रह्मण्यम स्टेडियम, गांधी मैदान, गया में सरकार के कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं से संबंधित विभागों का स्टॉल लगाया गया, जहां आम जन योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।’

   इसी परिप्रेक्ष्य में जिला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम द्वारा स्टॉल का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत वहां लगे विभिन्न स्टॉल यथा जीविका, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, महिला एवं बाल विकास निगम, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नगर विकास एवं आवास विभाग अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदन योजना, जिला प्रोग्राम कार्यालय, डीआरसीसी एवं 159वीं वाहिनी सीआरपीएफ का निरीक्षण किया गया। साथ ही स्टॉल में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया।

गांधी मैदान स्टेडियम में आपदा विभाग द्वारा भूकंप से सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसका जिलाधिकारी द्वारा अवलोकन किया गया।

  कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, ज़िला शिक्षा पदाधिकारी, ज़िला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्त्तागण, निदेशक, डीआरडीए, डीपीओ आईसीडीएस, डीपीओ मनरेगा, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, संचार प्रबंधक, जीविका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


आलोक कुमार

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को किया गया सम्मानित

 * बिहार दिवस के अवसर पर श्रम कल्याण मैदान में विकास मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

* सुबह में स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को किया गया सम्मानित

नालंदा। बिहार दिवस के अवसर पर आज जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।मुख्य कार्यक्रम स्थानीय श्रम कल्याण मैदान में आयोजित किया गया।

     इस अवसर पर श्रम कल्याण मैदान में विकास मेला का आयोजन किया गया जिसमें 21 विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से विभाग से संबंधित कार्यों/योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया जिसमें लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।

मुख्य समारोह का शुभारंभ सांसद श्री कौशलेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक,उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्त्ता आदि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

     इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बड़े गौरव की बात है कि आज हम बिहार शरीफ की धरती पर बिहार दिवस का समारोह मना रहे हैं, जिसके नाम पर अपने राज्य का नाम पड़ा है। उन्होंने सभी जिला वासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं दीं। सांसद एवं विधायकगणों ने भी अपने संबोधन में बिहार के विकास के  संकल्प के साथ जिलावासियों को शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ एस एस बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं द्वारा बिहार गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। साक्षरता कला जत्था द्वारा सात निश्चय-2 एवं जल जीवन हरियाली पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

 विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा एकल नृत्य, समूह नृत्य, गायन, लघु नाटिका आदि की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान प्रदान करने के लिए चयनित महिला पदाधिकारियों / कर्मियों, जन प्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों एवं मेधावी छात्राओं  को भी आज प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं को प्रोत्साहन राशि भी भेंट की गई। कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी आगत अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

    इस अवसर पर सांसद, विधान पार्षद श्रीमती रीना यादव, विधायक हिलसा, विधायक राजगीर, जिला परिषद अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्त्ता सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं हम लोग उपस्थित थे।

आलोक कुमार

युवा क्रांति बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन

  


पटना। भारतीय युवा कांग्रेस के द्वारा दो दिवसीय 21 और 22 मार्च को युवा क्रांति बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का  सफल आयोजन आज पटना के जगजीवन राम शोध संस्थान में बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। 

            अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के प्रशिक्षण टीम ने आज युवा प्रदेश कमेटी एवं प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष को संगठन के बुनियादी ढांचे  और कांग्रेस की इतिहास प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को अवगत कराया।इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास जी सभी पदाधिकारी तथा विधानसभा प्रभारी को धन्यवाद दिया और यह बताया कि युवाओं की भागीदारी कितनी अहम भूमिका निभाने वाली है ,साथ ही में उन्होंने यह भी बताया की सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के मुद्दों को भी प्रमुख रूप से उठाएं ,गांव गली चौराहे में जाकर हम सभी के नेता आदरणीय श्री राहुल गांधी जी के संदेश को पहुंचने का काम करें और यह कहा कि हाथ जोड़ो और बूथ जोड़ो कार्यक्रम को वास्तविकता में जमीन पर उतरने की जो प्राण हमारे नेता ने लिया है उसको भलीभूत करने का सभी से संकल्प दिलाया ।

              अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव श्री तारिक अनवर जी ने इस प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की जो विचारधारा है उसे विचारधारा को विस्तार करने की जरूरत है कांग्रेस की जो इतिहास रही है उसकी सही जानकारी लेकर उन्हें लोगों तक पहुंचाने की जरुरत है इसके लिए सभी पदाधिकारी को युवाओं को कांग्रेस की योजनाएं को अच्छी तरह से समझकर उसका प्रचार प्रसार करें और लोगों को यह बताने का कोशिश करें कि कांग्रेस ही देश को एकजुट  और समरसता बनाए  रख सकता है।

             इस आयोजन में राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा जी ने कहा की देश में युवाओं को अपनी भागीदारी और अपनी जिम्मेवारी को ईमानदारी से पूरी करें कि यह समय की मांग है,और अलका लांबा  ने यह भी बताया की एकजुट होकर हम सभी लोग देश में जिस तरह से महंगाई बेरोजगारी की जो मुद्दे हैं उन मुद्दों को जमीनी स्तर तक लोगों को पहुंचाने की जरूरत है ताकि आने वाले समय में केंद्र  में जो सरकार है उसे हटाया जा सके। 

             भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी श्री कृष्णा अलवारु जी इस मौके पर सभी पदाधिकारी को मेहनत और और मौजूदा स्थिति है उससे निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है संगठन में एकता भाईचारा और समन्वय बनाकर अपने नेता राहुल गांधी जी का जो नारा है डरो मत उसे पर अमल करते हुए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है और युवाओं को बताया की हर युवा को अपने गांव, वार्ड,बूथ तक जाना होगा।

            पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ शकील अहमद जी ने इस मौके पर युवाओं का हौसला अफजाई किया और कहा की प्रशिक्षण शिविर में जो बताया गया उसको अमल करने का रास्ता बताते हुए उनको अपने नेता राहुल गांधी जी की विचारधारा को सभी तक पहुंचाने को  प्रेरित किया।

          इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव श्री चंदन यादव , पूर्व विधायक अमित कुमार टुना, पूर्व  युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गुंजन पटेल विधायक आनंद शंकर , युवा कांग्रेस के मीडिया के चेयरमैन अमित कुमार,प्रदेश प्रवक्ता ज्ञान रंजन समेत युवा कांग्रेस के सभी पदाधिकारी मौजूद थे।


आलोक कुमार

सोमवार, 20 मार्च 2023

उप विकास आयुक्त ने समय-समय पर सेविका का मनोबल बढ़ा रहे थे

 

उप विकास आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण


नालंदा। नालंदा जिला के अस्थावां प्रखंड क़े कैला पंचायत के बहादीबीघा केंद्र का निरीक्षण श्री वैभव श्रीवास्तव, उप विकास आयुक्त नालन्दा द्वारा किया गया। 

उप विकास आयुक्त ने बच्चों के सर्वागीण विकास के तहत शारीरिक एवं क्रियात्मक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास एवं रचनात्मक विकास के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों में बच्चों के साथ खुद भी प्रतिभाग दिखे।

बच्चों ने मुक्त खेल के माध्यम से अलग -अलग समूह में घर, खिलोने, पेड़, क्रम में सजना तथा कई रचनाये कर रहे थे। बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में बने प्रिंट रीच वातावरण के तहत रंगों की पहचान, चित्रों के माध्यम से कहानी सुना रहे थे।  ग्रुविंग पर उभरे अक्षरों पर बच्चो द्वारा अंगुलियों के माध्यम से बताया गया ,यह देखकर उप विकास आयुक्त काफी खुश दिखे।

  इस मौके पर पूजा किरण बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, अस्थावां को केंद्र संचालन से काफी खुश दिखे तथा शेष आंगनबाड़ी केंद्रों पर इस तरह की गतिविधियों का संचालन करने का निर्देश भी दिए। 

    जैसा कि विदित है कि आईसीडीएस नालंदा और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से प्रारम्भिक वाल्यवस्था एवम शिक्षा से संबंधित गतिविधियों का सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड समन्वयक एवं सभी प्रखंड से पाँच आंगनबाड़ी सेविकाओं का प्रशिक्षण दिया गया था । जिसमें स्कूल पूर्व शिक्षा में बच्चों के लिए रोचक गतिविधि, प्रार्थना, साफ-सफाई की आदतें, भाषा विकास, छोटे समूह, बड़े समूह में बैठाना, अपना परिचय देना, रंगो की पहचान कराना, माहौल क्रिएट करना जिसमे बच्चे खुद से चीजों को करना सीखे, बालगीत, एवम खाने पीने के चीजों के बारे में बातचीत करना,, खाने से पहले हाथ धोने, मांशपेशियों की गतिविधि, चित्र बनाना, भाषा विकास, मानसिक विकास, शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, समाजिक विकास से जुड़े गतिविधियों के अतिरिक्त तमाम महत्त्वपूर्ण गतिविधियों के बारे में बताया गया था।

प्रशिक्षण उपरांत सभी सदस्य दस दिनों का आंगनबाड़ी केंद्रों में अभ्यास कक्षा का संचालन कर रहे थे। अनुसमर्थन के क्रम में उप विकास आयुक्त ने समय-समय पर सेविका का मनोबल बढ़ा रहे थे।

 अभ्यास कक्षा का अनुसमर्थन के मौके पर महिला पर्येवेक्षिका ज्योति कुमारी, प्रखंड समन्वयक जितेंद्र कुमार ,चन्दन कुमार प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन पटना से दीनानाथ कुमार सिंहा, मनोज कुमार, शक्ति कुमारी, अर्चना कुमारी ,आरती कुमारी  मौजूद रहें।

आलोक कुमार

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित करें कि बिना खनन परमिट के कोई भी खनन नहीं हो

  *जिला खनन टास्क फोर्स की की गई बैठक.राजस्व संग्रहण में तेजी लाएं. अवैध खनन /परिवहन को लेकर लगातार छापामारी करते हुए दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाए...

सीतामढ़ी। यहां के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित विमर्श हॉल में खनन टास्क फोर्स की बैठक शनिवार शाम को की गई।

बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन,खनन परमिट,ईंट भट्टा,जब्त वाहनों को रखने, चेक पोस्ट बनाने ,विभाग में प्रतिनियुक्त सुरक्षाबलों, राजस्व प्राप्ति की गति बढ़ाने आदि से संबंधित कई विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

      जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित करें कि बिना खनन परमिट के कोई भी खनन नहीं हो। उन्होंने कहा कि अवैध खनन को लेकर लगातार अभियान चलाकर करवाई करें।राजस्व प्राप्ति को लेकर अभियान में तेजी लाकर तीव्र गति से लक्ष्य की प्राप्ति करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खनन विभाग ,परिवहन विभाग एवं अनुमंडल पदाधिकारी संयुक्त रूप से टीम बनाकर अवैध खनन/ परिवहन को लेकर औचक छापेमारी करें। पर्यावरण क्लीयरेंस के बगैर चल रहे ईंट भट्ठोंe पर कार्रवाई करने की बात कही। जिला खनन अधिकारी को निर्देशित किया कि नियमित रूप से वाहनों की जांच कर आवश्यक करवाई करना सुनिश्चित करें साथ ही सदर एसडीओ,परिवहन पदाधिकारी एवं सभी सीईओ एवं थानाध्यक्ष अपने अपने स्तर से अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत नदी और नहरों पर नजर रखें । 

   अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों को जप्त  करने की कार्रवाई करें ताकि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लग सके। निर्देश दिया कि जिला परिवहन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से ओवरलोडिंग बालू गिट्टी लदे वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। अवैध मिट्टी और बालू खनन पर नियंत्रण के लिए लगातार छापामारी करने और पकड़े जाने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

    वहीं खनन पदाधिकारी  ने बैठक में जानकारी दी कि 2022 -23 में सीतामढ़ी जिला में 3124.69 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित है जिसके विरुद्ध अब तक 2560.92 लाख की जो कि लक्ष्य का 81.95 प्रतिशत है। बैठक में पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीसीएलआर पुपरी, सदर एसडीओ राकेश कुमार, जिला जनसंपर्क अधिकारी कमल सिंह के साथ अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



आलोक कुमार

डाटा एंट्री ऑपरेटर को प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया

 

सीतामढ़ी। बिहार जाति आधारित गणना- 2022 के अंतर्गत द्वितीय चरण का प्रशिक्षण का आरंभ जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा, अपर समाहर्ता राजस्व मनीष कुमार शर्मा ,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा मास्टर ट्रेनर के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। जाति आधारित गणना के द्वितीय चरण वास्तविक गणना 15 अप्रैल से 15 मई 2023 तक होगी। परिचर्चा भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी ,फील्ड ट्रेनरों, सहायको एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर को प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रशिक्षण 20 से 25 मार्च 2023 तक अलग-अलग बैच में किया जाएगा।

आज के प्रशिक्षण में बैरगनिया ,सुप्पी, सोनबरसा, सुरसंड, नगर परिषद सुरसंड से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में द्वितीय चरण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं के विस्तृत जानकारी ट्रेनर के द्वारा दी गई।

   मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी ने कहा  कि द्वितीय चरण की ट्रेनिंग प्राप्त करने के पश्चात सभी अधिकारी /कर्मी अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत पूरी मुस्तैदी से कार्य करना सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला स्तरीय गणना महत्व एवं बारीकियों को देखते हुए प्रशिक्षण का कार्य तीन स्तरों:-राज्य , जिला तथा चार्ज स्तर पर किया जाना है। उन्होंने बताया कि तृतीय चरण का कार्य मोबाइल ऐप, गणना प्रपत्रों एवं पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है।

अतः गणना कर्मियों को सभी पहलुओं, तथ्यों एवं तरीकों की विस्तृत,सारगर्भित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक चार्ज स्तर पर एक बैच में प्रगणकों एवं प्रेक्षकों की संख्या 40 से 50 के बीच रहेगी। बताया  कि द्वितीय चरण में मोबाइल एप्प और पोर्टल पर कार्य किया जाना है।इसलिए आई टी सहायको की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है।

 प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि प्रतिदिन 1 प्रगणक न्यूनतम 5 परिवारों के गणना प्रपत्र पर संधारित करते हुए पर्यवेक्षक के मोबाइल एप्प पर भेजना सुनिश्चित करेंगे। प्रगणक प्रतिदिन के गणना का रिपोर्ट हार्ड कॉपी में(17 बिंदु प्रपत्र) एवं सॉफ्ट कॉपी में संधारित कर पर्यवेक्षक को मोबाइल ऐप पर समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे।जिसे पर्यवेक्षक के द्वारा गहनता के साथ जांच कर सूचना का मिलान करते हुए सभी सूचना सही पाए जाने पर चार्ज अधिकारी के वेब पोर्टल पर सबमिट करते हुए प्रगणक प्रपत्र चार्ज पदाधिकारी को हस्तगत करना सुनिश्चित करेंगे। एक प्रपत्र में एक ही परिवार के सभी सदस्यों की गणना की जाएगी। जानकारी दी गई कि कुल चार्ज पदाधिकारी की संख्या 22 है जबकि 1410 पर्यवेक्षक हैं। 7759 प्रगणक की संख्या है। जिला स्तरीय पदाधिकारी, फील्ड ट्रेनरों , सहायक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर की कुल संख्या 248 है।चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण 26 मार्च से 11 अप्रैल 2023 तक की जाएगी।

आलोक कुमार

बिहार के लोक गायन की समृद्ध विरासत के साथ सूफी एवं ग़ज़ल गायकी की धूम मचेगी

  * बिहार दिवस-2023 के अवसर पर होगा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन

* सीतामढ़ी सांस्कृतिक विमर्श कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक संध्या के आयोजन में बिहार के लोक गायन की समृद्ध विरासत के साथ सूफी एवं ग़ज़ल गायकी की धूम मचेगी

 * स्थानीय कलाकारों के साथ कई प्रसिद्ध कलाकार की होगी सहभागिता


सीतामढ़ी। बिहार दिवस -2023 के अवसर पर जिले में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 22 मार्च को प्रातः 7ः 00 बजे कमला बालिका विद्यालय से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वही 10ः 00 पूर्वाह्न से 2ः 00 अपराहन तक स्थानीय परिचर्चा भवन में सीतामढ़ी ’सांस्कृतिक विमर्श’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत पर उपस्थित अतिथियों के द्वारा चर्चा की जाएगी।

     संध्या 5ः 00 बजे डुमरा हवाई अड्डा मैदान में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन होगा।  स्थानीय कलाकारों(कमला नेहरू के छात्राओ) के द्वारा बिहार गौरव गान से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज होगा। साथ ही श्री उमाशंकर द्वारा सितार वादन तथा सुश्री  सुदीपा बोस द्वारा भरतनाट्यम की प्रस्तुति की जाएगी।इसके अतिरिक्त मध निषेध पर आधारित नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार एवं आमंत्रित कलाकारों के द्वारा भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा की प्रस्तुति विभिन्न विधाओं के माध्यम से की जाएगी। उक्त कार्यक्रम 22 दिसंबर को होगा।

     वहीं 23 मार्च को 1ः 00 अपराहन में जानकी आउटडोर स्टेडियम में फैंसी कबड्डी मैच का आयोजन किया जाएगा। 23 मार्च को ही सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम डुमरा हवाई अड्डा मैदान में आयोजित होगा. जिसमें स्थानीय कलाकारों के द्वारा प्रस्तुति करने के साथ ही श्री राजीव सिन्हा द्वारा सूफी एवं गजल गायन और श्री अमर आनंद द्वारा बिहार गौरव गान एवं सुगम संगीत की प्रस्तुति की जाएगी।

      वहीं 24 मार्च को शिक्षा बिहार दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। शिक्षा विभाग के द्वारा 24 मार्च को ’हेरिटेज वॉक’ पुनौरा धाम से जानकी स्थान तक निकाली जाएगी।


आलोक कुमार

रविवार, 19 मार्च 2023

अब बहुत मेहनत करके कार्यक्रम में चार चांद लगाना है

  

पटना। आज रविवार ( 19 मार्च) को गुड फ्राइडे की झांकी की तैयारी करने में समय बिताने के बाद भी सलीब ढोते को कलाकार को खोज निकालने में असफल होने के बाद बेस्ट कलाकार के रूप में विक्टर फ्रांसिस का ही चयन कर लिया गया है। अब बहुत कम समय बच गया है।  
   अब बहुत मेहनत करके कार्यक्रम में चार चांद लगाना है। हमारे पल्ली में कलाकारों की बहुत कमी है इसलिए

बिल्कुल नए लोगों से अभिनय करना थोड़ा मुश्किल है लेकिन मैं मानता हूँ कि यदि कोई किसी भी काम में दिल से कोशिश करे तो वह जरूर सफ़ल होता ही है और आज झांकी  के रिहर्सल कराते समय इसे महसूस किया क्योंकि बिल्कुल नए कलाकारों से काम करने में मुझे व्यक्तिगत रूप से बहुत आनंद का अनुभव होता है क्योंकि नए कलाकारों से काम कराते समय मुझे भी बहुत कुछ सीखने का मौका मिलता है। हाँ यह बहुत सही है कि मेरा खून कुछ ज्यादा ही जलता है।

आज जिन कलाकारों ने भी इस झांकी  में काम करने की इच्छा लेकर चर्च के प्रांगण में आए वे जल्दी सीखने की कोशिश कर रहे हैं यह देखकर मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि इस बार की भी झांकी  बहुत सुन्दर, प्रभावपूर्ण और पूरी भक्तिपूर्ण निकाली जाएगी।

  यह झांकी  7 अप्रैल 2023 को गुड़ फ्राइडे के पवन बेला में फेयर फिल्ड ( आशा दीप) से सुबह सात बजे सुबह निकलेगी और मुख्य सड़क से होती हुई Kurji Church के प्रांगण में आकर एक विशेष प्रार्थना के साथ संपन्न होगी।इस झांकी  को तैयार कर रहे हैं विक्टर फ्रांसिस ( जो इस बार भी) जिसकी भूमिका में नज़र आएँगे।



आलोक कुमार

अपहरणकर्ता मुकेश कुमार का तुषार राज से पूर्व से परिचय था वह पूर्व में छात्र का शिक्षक रह चुका है


बिहटा.पटना के बिहटा से गुरुवार 16 मार्च को बिहटा थानान्तर्गत ग्राम कन्हौली से छठी कक्षा के एक किशोर छात्र तुषार राज का अपहरण किया गया था.पुलिस का मानना है कि अपहृत छठी के छात्र तुषार को अपहरण के तुरंत बाद ही शाम में हत्या कर दी गई थी.अपहरणकर्ता मुकेश कुमार का तुषार राज से पूर्व से परिचय था वह पूर्व में छात्र का शिक्षक रह चुका है.

    शनिवार को बिहटा में ESIC अस्पताल के पीछे अधजली लाश बरामद हुई थी.शव बरामद होने के तुरंत बाद ही FSL की टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया ताकि त्वरित अनुसंधान किया जा सके.अग्रतर अनुसंधान में भी FSL की टीम की मदद ली जा रही है.

मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए शव के पास से बरामद हुये खून लगे चाकू व अन्य वस्तुओं से प्राप्त सैंपल का DNA मिलान कराया जाएगा.अब खुलासा हुआ है कि लाश उसी की थी. पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता, अपहर्ता और हत्यारा को गिरफ्तार किया है.अभियुक्त को सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा.

   अपहरण के बाद से पुलिस इस एंगल पर ज्यादा विश्वास कर रही थी कि छात्र का मोबाइल ज्ञान अच्छा था और उसने खुद अपहरण का ड्रामा रचा हो. 12 साल के तुषार के अपहरण के बाद परिजनों के पास कॉल कर 40 लाख की फिरौती मांगी गई थी.धमकी दी गई थी कि अगर पुलिस के पास गए तो बच्चे को मार डालूंगा. अपराधियों ने वॉयस मैसेज भेजा था, जिसके बारे में पुलिस यह भी अंदेशा जता रही थी कि किसी एप के जरिए तुषार और उसके साथियों ने आवाज बदलकर यह सब किया हो.

     बिहटा प्रखंड के श्रीरामपुर निवासी शिक्षक राज किशोर पंडित का इकलौता बेटा तुषार कुमार गुरुवार की शाम 6 बजे घर से बाहर निकला था. बिहटा के जिस विवेकानंद कोचिंग में उसने दो साल पढ़ाई की थी, उसी के मुकेश कुमार ने तुषार को व्हाट्सएप कॉल कर बुलाया था. बुलाने के बाद उसे मुकेश ने अगवा कर लिया और डेढ़ घंटे के अंदर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद तुषार के मोबाइल से ही वॉइस मैसेज के जरिए 40 लाख रुपये की मांग की जा रही थी.पुलिस ने सिर्फ मुकेश को पेश किया, हालांकि बिहटा में उसके साथ और चार लोगों के शामिल होने की जानकारी मिल रही थी.

अपहरण और हत्या की साजिश के मुख्य आरोपी मुकेश पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज था.कर्ज चुकाने का उपाय ढूढ़ते हुए उसने तुषार के अपहरण की साजिश रची. चूंकि तुषार उसे अच्छी तरह से जानता था, इसलिए आसानी से फंसाने की सोच रखते हुए उसने यह साजिश रची.इसके लिए उसने कॉल की जगह व्हाट्सएप कॉल का सहारा लिया.

    इकलौते बेटे की वापसी के लिए अगर शिक्षक परिवार जैसे-तैसे 40 लाख रुपये फिरौती में देने के लिए जुटा भी लेता तो भी उनकी जिंदगी में रोशनी लौटने की संभावना नहीं थी.तुषार चूंकि मुकेश को ठीक से पहचानता था, इसलिए उसने अपहरण के साथ ही हत्या की प्लानिंग कर रखी थी.चाकू और पेट्रोल का इंतजाम रखने का मतलब ही है कि हत्या के बाद लाश को जलाना भी था.

    पटना के SSP राजीव मिश्रा ने अपराधियों को मीडिया के सामने पेश करते हुए बताया कि मुकेश ने पहले तुषार का गला दबाया, फिर चाकू से मार डाला.तुषार की लाश को बिहटा थाना क्षेत्र के ही खेदलपुरा गांव के जंगल में जला डाला था. इधर, तुषार के परिजनों से उसे वापस करने के लिए रुपयों की मांग जारी रखी गई थी.पुलिस काफी दूर तक मोबाइल लोकेशन के आधार पर ही पहुंची, फिर जली लाश मिलने के साथ मुकेश की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उसके पीछे लगी.

   अभियुक्त मुकेश कुमार द्वारा स्वीकारोक्ति बयान में बताया गया है कि उसके उपर करीब 20 लाख रूपये का कर्ज है जिसे चुकाने के लिए उसने अपने पूर्व छात्र तुषार राज का अपहरण कर हत्या कर उसके परिजन से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची थी.


शनिवार, 18 मार्च 2023

एक भी व्यक्ति/घर छूटना नहीं चाहिए, इसके लिए करें नियमित मॉनिटरिंग

  *एक भी व्यक्ति/घर छूटना नहीं चाहिए, इसके लिए करें नियमित मॉनिटरिंग

*लाभुकों के हुनर को निखारते हुए उनके उत्पादों के लिए मार्केट लिंकेज की करें व्यवस्था ताकि इनकम बढ़ सके

*बेहतर कार्य करने वाले विकास मित्रों को जिलास्तर पर किया जाएगा सम्मानित



बेतिया। जिले के सभी विकास मित्रों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों का क्षमतावर्धन करने के लिए एक दिवसीय उन्नयन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक किया गया आयोजन।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के कल्याण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा चलाये जा रहे सभी विकासात्मक योजनाओं एवं इसमें विकास रजिस्टर वर्जन-2.0 की भूमिका से सभी विकास मित्रों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने के लिए आज स्थानीय डीआरसीसी सभागार में एक दिवसीय उन्नयन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।


जिलाधिकारी, श्री कुंदन कुमार द्वारा विधिवत दीप प्रज्जवलित कर उन्नयन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, सहायक समाहर्ता, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता, श्री अनिल राय सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज का यह उन्नयन कार्यक्रम अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। अंतिम पायदान के व्यक्ति तक विकास की धारा को पहुंचाना है। इस कार्य में विकास मित्रों की अहम भूमिका है। सभी विकास मित्र अच्छे तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त करें और शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करें।

उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के कार्य में एक भी व्यक्ति/घर छूटना नहीं चाहिए। शत-प्रतिशत व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाय। प्रत्येक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का सम्पूर्ण लाभ मिले, इसके लिए प्रयास करें। आवश्कतानुसार महादलित टोलों में विशेष कैम्प का अधिष्ठापन कर विभिन्न समस्याओं का त्वरित गति से निराकरण कराया जाय।


जिलाधिकारी ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोगों की आर्थिक स्थिति को और कैसे बढ़ायें, इस पर फोकस करें। रोजगार के अवसर बढ़ायें। लाभुकों के हुनर के अनुरूप उनको रोजगार दिलाने की व्यवस्था की जाय। स्थानीय उत्पादों की मार्केट लिंकेज की व्यवस्था की जाय। स्कील को निखारने की व्यवस्था करें ताकि अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोगों का इनकम बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोगों को मुख्यधारा में लाना है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग एवं बिहार महादलित विकास मिशन की योजनाओं के साथ-साथ अन्य विभागों के योजनाओं/कार्यक्रमों की सूची अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोगों तक पहुंचाने में विकास मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि विकास की धारा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी को समन्वित प्रयास करना होगा। इनकी जिंदगी को बेहतर बनाने तथा इनके समग्र विकास के लिए एक-एक व्यक्ति को आगे बढ़ाना होगा, तभी जिले का सही मायने में विकास हो सकेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं/कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में कहीं गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत सूचित करें, सूचना गोपनीय रखी जायेगी। सूचना के आधार पर जांचोपरांत संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए विकास मित्रों से संबंधित एक व्हाट्सएप ग्रुप का निर्माण भी कराया जाय।

उन्नयन कार्यक्रम में विकास मित्र विकास कुमार, वसंत कुमार, अशोक कुमार, राजू राम, राजेश राम, रिंकु कुमारी, ममता कुमारी, अनिता कुमारी, आदित्य कुमार, माधव राम, दशरथ मांझी, नागेश्वर राम, संगीता कुमारी, अनिता देवी, नरसिंह राम, योगेन्द्र राम सहित अन्य विकास मित्रों द्वारा क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न विषयों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी द्वारा विकास मित्रों से कहा गया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोगों द्वारा कई तरह के बांस से बने उत्पाद जैसे-दउरा, सुपली, डाला, झाड़ू आदि का निर्माण किया जाता है। इनके उत्पादों को और अधिक बेहतर कैसे बनाया जाए, इस पर कार्य करें। प्रोजेक्ट तैयार करें, विस्तृत रिपोर्ट दें तथा इनका आर्थिक विकास करें। ऐसे विकास मित्रों को जिलास्तर पर सम्मानित किया जायेगा।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, पश्चिम चम्पारण, श्री अनिल कुमार द्वारा ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी विकास मित्रों को दी गयी। उन्होंने विकास मित्रों से कहा कि जरूरतमंद लोगों को विभिन्न कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं/कार्यक्रमों से लाभान्वित करें। सहायक समाहर्ता, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित ने कहा कि सभी विकास मित्र अच्छे तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा लोगों को लाभान्वित करें।

उन्नयन कार्यक्रम में विकास मित्रों का क्षमतावर्धन किया गया। उन्हें अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, बिहार महादलित विकास मिशन की मुख्य योजनाओं सहित तमाम योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। साथ ही विकास रजिस्टर वर्जन-2 के विभिन्न अवयव कौशल प्रशिक्षण, बिजली, जलापूर्ति, शौचालय, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, समेकित बाल विकास सेवाएं, वासभूमि, दिव्यांग कार्ड, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन, आरसीएच के संबंधित में अच्छे तरीके से जानकारी देते हुए उनका क्षमतावर्धन किया गया।



आलोक कुमार

🟢