🔥 Breaking News | Bihar | India | Sports | Politics | Live Updates
🔥 CHINGARI PRIME NEWS
🔴 Breaking News | Latest Updates | India News | Politics | Sports | Business | Entertainment

बुधवार, 13 दिसंबर 2023

शिथिलता और कोताही बरतने वाले बैंकर्स के विरूद्ध की जायेगी विधिसम्मत कार्रवाई

 बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने में व्यक्गित अभिरुचि लें बैंकर्स, ससमय निर्धारित लक्ष्य की करें प्राप्ति : जिलाधिकारी

लक्ष्य की प्राप्ति में लापरवाही, शिथिलता और कोताही बरतने वाले बैंकर्स के विरूद्ध की जायेगी विधिसम्मत कार्रवाई



बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा प्रकाशित संभाव्यतायुक्त ऋण योजना 2024-25 का हुआ लोकार्पण।जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में जिलास्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुयी।

               इस बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, साख-जमा, वार्षिक ऋण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, स्वयं सहायता समूह (जीविका), पीएम-स्वनिधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, जन सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति की बैंकवार समीक्षा की गयी।

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय ने कहा कि सीडी रेसियो में जिन बैंकों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है, वे इसमें ससमय वांछित सुधार लाएं। पीएमईजीपी, किसान क्रेडिट ऋण योजना, मुद्रा योजना आदि बेहद महत्वपूर्ण है। इसके क्रियान्वयन में अधिकारी एवं बैंकर्स तत्परता दिखाएं तथा इच्छुक व्यक्तियों को लाभान्वित करें।

              जिलाधिकारी ने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी एवं बैंकर्स सार्थक प्रयास करें। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत अभिरुचि लेते हुए तेजी के साथ अपेक्षाकृत सुधार करने की आवश्यकता है। विभिन्न योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य की ससमय प्राप्ति करें ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि रूचि नहीं लेने वाले बैंकर्स के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।

           उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिया कि जिन बैंकों का प्रदर्शन बेहतर नहीं है, उनसे समन्वय स्थापित कर अपेक्षाकृत सुधार लाना सुनिश्चित करेंगे। कार्य प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा करेंगे। कम उपलब्धि वाले बैंकर्स को शोकॉज करने सहित अन्य नियमानुकूल कार्रवाई करें।

              उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंकर्स की महती भूमिका है। योग्य व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराकर उनके रोजगार को बढ़ाने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है। बैंकर्स अपने दायित्वों को समझें और ऐसे योग्य व्यक्तियों को ससमय ऋण दिलाना सुनिश्चित करें।

         उप विकास आयुक्त द्वारा प्रबंधक, आरसेटी को निर्देश दिया गया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने अर्थात अपना स्वरोजगार बेहतर तरीके से संचालित करने वाले कम से कम 40 लाभुकों की सक्सेस स्टोरी उपलब्ध करायेंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि आर-सेटी से ट्रेनिंग के उपरांत लाभुक आगे क्या कर रहे हैं, इसकी ट्रैकिंग भी करें। सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के आलोक में आरसेटी के लाभुकों को निर्धारित समयावधि में प्रशिक्षण दिलाते हुए उन्हें ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार शुरू करने में हर संभव मदद करें।

           उन्होंने बैंकर्स से कहा कि मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना के तहत प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के तहत निष्पादित कराएंगे। इसकी लगातार समीक्षा की जाएगी।समीक्षा के क्रम में प्रबंधक, आरसेटी द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की द्वितीय तिमाही तक 06 प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कुल-188 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित कराया गया है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त 06 प्रशिक्षण कार्यक्रम में 130 पुरुष एवं 58 महिला प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया है, जिसमें 171 बीपीएल प्रतिभागी सम्मिलित हुए।  

           इस अवसर पर राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा प्रकाशित संभाव्यतायुक्त ऋण योजना 2024-25 का लोकार्पण जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसका ध्येय सहभागिता, संधारणीयता और समानता पर आधारित वित्तीय और गैर-वित्तीय सहयोगों, नवोन्मेषों, प्रौद्योगिकी और संस्थागत विकास के माध्यम से समृद्धि लाने के लिए कृषि और ग्रामीण विकास का संवर्धन करना है।

         इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, संयोजक-सह-अग्रणी जिला प्रबंधक, श्री सतीश कुमार, आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, श्री शंभू कुमार सहित माननीय सांसद के प्रतिनिधि, अन्य अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रबंधक/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


आलोक कुमार

पंचायत उप निर्वाचन 2023 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये

 राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सफलतापूर्वक सम्पन्न कराएं पंचायत उप निर्वाचन : जिलाधिकारी

निर्वाचन कार्य में छोटी सी भी चूक नहीं हो, इसका रखें विशेष ध्यान



चनपटिया । पंचायत उप निर्वाचन 2023 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के निमित जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न। 28 दिसंबर को मतदान की तिथि एवं 30 दिसंबर को होगी मतों की गणना।पंचायत उप निर्वाचन 2023 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के निमित आज जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत), श्री दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न हुयी।

       इस अवसर पर विभिन्न कोषांगों द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) ने कहा कि अन्य निर्वाचनों की तरह पंचायत उप निर्वाचन भी बेहद ही महत्वपूर्ण है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए संबंधित अधिकारी तत्परतापूर्वक अपने-अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निवर्हन करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में छोटी सी भी चूक नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाय।

              उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी निर्वाचन से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखेंगे। साथ ही संचिकाओं को ससमय वरीय अधिकारियों के समक्ष उपस्थित कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां ससमय कर लेंगे ताकि मतदान एवं मतगणना में किसी भी तरह की परेशानियां उत्पन्न नहीं हो।

          उन्होंने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन की पूर्ण तैयारी समय पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोषांगों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरी तत्परता के साथ कार्यों का सम्पादन करना सुनिश्चित करेंगे। सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी अपने कोषांगों के माध्यम से निष्पादित होने वाले कार्यों की ससमय व्यापक कार्य योजना तैयार कर लेंगे तथा तदनुरूप कार्यों का सम्पादन करेंगे।

              जिलाधिकारी द्वारा नोडल पदाधिकारी, सामग्री कोषांग को निर्देश दिया गया कि ससमय सभी निर्वाची पदाधिकारियों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। नोडल पदाधिकारी, ईवीएम कोषांग निर्धारित संख्या में आवंटित किये जाने वाले ईवीएम के अलावे अतिरिक्त ईवीएम भी निर्वाची पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं ताकि सुचारू रूप से मतदान सम्पन्न कराया जा सके।

              उप विकास आयुक्त द्वारा सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाय। परिवहन कोषांग द्वारा पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय। नोडल पदाधिकारी, परिवहन कोषांग निर्वाची पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करायेंगे।

               समीक्षा के क्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक-02.12.2023 को किया जा चुका है। प्रपत्र-5 में सूचना का प्रकाशन दिनांक-08.12.2023 को कर दिया गया है। दिनांक-09.12.2023 से 15.12.2023 (पूर्वाह्न 11.00 बजे से 04.00 बजे अपराह्न) तक नामांकन प्राप्त करने की तिथि निर्धारित है। दिनांक-16.12.2023 से 18.12.2023 ( पूर्वाह्न 11.00 बजे से 04.00 बजे अपराह्न) तक संवीक्षा की तिथि निर्धारित है। अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि दिनांक-20.12.2023 निर्धारित है। उन्होंने बताया कि दिनांक-20.12.2023 को अपराह्न 04.00 बजे के बाद अभ्यर्थिता वापसी के पश्चात अंतिम रूप से अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन एवं प्रतीक आवंटन किया जाना है।

                 उन्होंने बताया कि मतदान की तिथि दिनांक-28.12.2023 (प्रातः 07 बजे से अपराह्न 05.00 बजे तक) है। साथ ही दिनांक-30.12.2023 (प्रातः 08.00 बजे) को मतों की गणना होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित निर्वाची पदाधिकारी द्वारा मतगणना संबंधित प्रखंड मुख्यालय में सम्पन्न कराया जाना है। ग्राम पंचायत एवं ग्राम कचहरी के रिक्त सभी पदों पर मतदान ईवीएम के माध्यम से कराए जायेंगे।

              उन्होंने बताया कि पंचायत उप निर्वाचन 2023 को लेकर जिले में कुल-97 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंच के कुल-50 रिक्त पदों के विरूद्ध निर्वाचन सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि मझौलिया प्रखंड में वार्ड सदस्य के 02, पंच के 04 रिक्त पदों पर निर्वाचन होगा। इसी तरह नौतन प्रखंड में पंच के 02, बैरिया प्रखंड में मुखिया के 01, योगापट्टी प्रखंड में वार्ड सदस्य के 01 एवं पंच के 05, चनपटिया प्रखंड में पंच के 03, लौरिया प्रखंड में वार्ड सदस्य के 01 एवं पंच के 02, नरकटियागंज प्रखंड में पंच के 05, गौनाहा प्रखंड में वार्ड सदस्य के 02 एवं पंच के 02, सिकटा प्रखंड में पंच के 01, मैनाटांड़ प्रखंड में पंच के 01, रामनगर प्रखंड में वार्ड सदस्य के 01 एवं पंच के 01, बगहा-01 प्रखंड में वार्ड सदस्य के 01 एवं पंच के 03, बगहा-02 प्रखंड में मुखिया के 01, सरपंच के 01 एवं पंच के 05, ठकराहां प्रखंड में पंच के 02, भितहां प्रखंड में में वार्ड सदस्य के 01, पिपरासी प्रखंड में पंच के 01 सहित मधुबनी प्रखंड में वार्ड सदस्य के 01 एवं पंच के 01 पदों पर निर्वाचन होगा।

               ज्ञातव्य हो कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए  जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) द्वारा विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है। इन कोषांगों में कार्मिक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग, परिवहन कोषांग, बज्रगृह एवं मतगणना कोषांग, आदर्श आचार संहिता-सह-विधि व्यवस्था कोषांग, मीडिया कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, मतपत्र/बैलेट बॉक्स कोषांग, शिकायत अनुश्रवण-सह-कम्प्यूटराइजेशन, एसएमएस, लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग कोषांग, कोविड कोषांग, सैनिटाइजेशन कोषांग, कार्मिक कल्याण कोषांग, व्यय लेखा कोषांग, कम्युनिकेशन प्लान, जिला नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन कोषांग एवं जिला निर्वाचन कोषांग शामिल हैं।

                    इस अवसर पर सभी कोषांगों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी तथा नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।


आलोक कुमार

मंगलवार, 12 दिसंबर 2023

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना का लोग खूब ले रहे लाभ

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना का लोग खूब ले रहे लाभ


गया। कौन शेरघाटी के मोहम्मद नदीम फिरोज की तरह कर सकता है! यह सवाल धार्मिक और भाषाई अल्पसंख्यकों से किया जा रहा है.आप भी शेरघाटी के मोहम्मद नदीम फिरोज की तरह कर सकते हैं।

   शेरघाटी के मोहम्मद नदीम फिरोज पिता मोहम्मद फिरोजुद्दीन, उर्दू मोहल्ला शेरघाटी के रहने वाले जो उर्दू मोहल्ला बाजार के निकट मोबाइल की दुकान थी, इन्हें वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना के माध्यम से ₹200000 का ऋण मिला, इस ऋण के संबंध में मुझे समाचार पत्र द्वारा सूचना प्राप्त हुई इस संबंध में मोहम्मद नदीम आवेदन को गया कार्यालय में जाकर किए थे। कुछ महीनों के अंदर ही चयनित होने की सूचना मिली एवं बहुत कम समय में कागजी कार्रवाई भी पूरी हो गई। इसके बाद राशि उनके खाते में आ गई। यह ऋण मुझे ऐसे समय में मिला जिस समय में दुकान की पूंजी के लिए बहुत परेशान था। ऋण मिलने के बाद मुझे अपने व्यवसाय को बढ़ाने में काफी मदद मिली। वर्तमान में मेरी आय पूर्व की भांति बहुत अच्छी हो गई है। मैं अपना परिवार इसी दुकान के आय से चलाता हु।

     ज़िला पदाधिकारी गया डॉ० त्यागराजन एसएम के नेतृत्व में लगातार समीक्षा कर, प्राप्त आवेदनों को समय सीमा के अंदर पात्रता रखने वाले लाभार्थियों को लाभान्वित करवाया जा रहा है।


आलोक कुमार

लक्षित 168 ग्राम पंचायतों‌ में उपयोगिता शुल्क संग्रह के लिए जागरूकता अभियान


नालंदा। आज दिनांक 12.12.2023 को श्री वैभव श्रीवास्तव, उप विकास आयुक्त द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/ लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान द्वितीय चरण के क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बीएसडब्लूएएन के माध्यम से की गई ।

   इस समीक्षा बैठक में तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए लक्षित ग्राम पंचायतों में लक्ष्य के अनुरूप उपयुक्त स्थल पर मानक के अनुसार सोख्ता गड्ढा , जंक्शन चेम्बर तथा नाली आऊट लेट का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। सामुदायिक सोख्ता गड्ढा, जंक्शन चेम्बर तथा नाली आऊट लेट का मापी पुस्तिका का संधारण उपरांत भुगतान करने का निर्देश दिया गया। व्यय किये राशि का उपयोगिता जिला कार्यालय को साझा करने का निर्देश दिया गया।

अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का निर्माण में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के लिए स्थल‌ का अंचल‌ कार्यलय से अनापत्ति प्रमाण पत्र‌ प्राप्त कर निर्माण कार्य‌‌ में गति लाने‌ का निर्देश‌ दिया गया।

   लक्षित 168 ग्राम पंचायतों‌ में उपयोगिता शुल्क संग्रह के लिए जागरूकता अभियान  संचालन कराने का निर्देश दिया गया। पंचायतों में घरों तथा प्रतिष्ठानों से कचरा उठाव, ग्रामीण सड़क / गली तथा नालियों‌ की सफाई कराने का निर्देश दिया गया।

  प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का संचालन करने  तथा इकाई पर क्रय तथा विक्रय प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

  इस बैठक में श्री निगम झा, सहायक परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, श्री राजीव रंजन जिला समन्वयक , श्री रोहित कुमार जिला सलाहकार (सीबी और आईईसी) तथा सभी प्रखण्ड समन्वयक शामिल थें।


आलोक कुमार


सोमवार, 11 दिसंबर 2023

गैर तकनीकी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक


 


जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के तकनीकी एवं गैर तकनीकी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक


नालंदा। नालंदा जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने आज हरदेव भवन सभागार में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदाधिकारियों के साथ बैठक किया। जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम से संबंधित जिला में प्राप्त अद्यतन  मामलों को निष्पादित किया गया है। नवंबर-दिसंबर में प्राप्त कुछ  मामले लंबित पाए गए। सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को सभी लंबित मामलों में विभागीय प्रावधान के अनुरूप एक सप्ताह के अंतर्गत  कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए कार्रवाई प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया।

     न्यायालय से संबंधित लंबित वादों में  ससमय तथ्य विवरणी दायर करने का निर्देश दिया गया। मानवाधिकार आयोग से संबंधित लंबित वादों में भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। विधानसभा एवं विधान परिषद से संबंधित प्रश्नों का उत्तर ससमय प्रेषित करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। जिलाधिकारी के दैनिक जनता दरबार से संबंधित मामलों में से अद्यतन लंबित मामलों में निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए कार्रवाई प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।

    जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को विभिन्न स्रोतों से प्राप्त परिवाद पत्रों में उच्च प्राथमिकता देते हुए मामलों का ससमय निष्पादन एवं अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में नगर आयुक्त,उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित थे।


 आलोक कुमार

लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम

 बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत  द्वितीय अपीलीय प्राधिकार के रूप में जिलाधिकारी ने आज 19 मामलों की सुनवाई

नालंदा। लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपीलीय प्राधिकार के रूप में जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर द्वारा आज 19 मामले की सुनवाई की गई। इनमें से कुछ मामलों का निवारण सुनवाई से पूर्व ही संबंधित लोक प्राधिकार द्वारा किया गया तथा कुछ मामलों में निवारण  के लिए  संबंधित लोक प्राधिकार के पदाधिकारियों को आदेश दिया गया।हरनौत के परिवादी दिनेश प्रसाद तथा चुन्नू सिंह के अतिक्रमण हटाने संबंधित मामले में सीओ ।             

      हरनौत को नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया ।बिहार शरीफ के परिवादी आलोक गुप्ता के जमाबंदी रद्दीकरण  के लिए अपर समाहर्ता नालंदा के यहां जाने का निर्देश दिया गया ।इस्लामपुर के परिवादी चेतन कुमार को  आवास  योजना में लाभ देने  के लिए  उप विकास आयुक्त नालंदा में जांच रिपोर्ट मांगा गया चंडी के परिवादी उमेश प्रसाद के मामले में एक ही भूमि का दो रसीद काटने संबंधित मामले में सीओ चंडी से रिपोर्ट मांगा गया । परवलपुर के परिवादी रामनिवास कुमार को दाखिल खारिज का नकल नहीं दिए जाने तथा अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण संबंधित कर्मी  के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया । 

        इस्लामपुर के परिवादी राजेंद्र शाह तथा चंडी के परिवादी बालेश्वर प्रसाद के अतिक्रमण मामले में संबंधित लोक प्राधिकार से प्रतिवेदन मांगा गया । सिलाव के परिवादी सरयू प्रसाद के मामले में कार्यपालक पदाधिकारी सिलाव तथा अंचल अधिकारी सिलाव से संयुक्त प्रतिवेदन मांगा गया ।  


 आलोक कुमार

योग्य व्यक्तियों को ससमय दिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ : जिलाधिकारी

योग्य व्यक्तियों को ससमय दिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ : जिलाधिकारी

योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं किया जाएगा बर्दाश्त

जिलाधिकारी ने बगहा-02 प्रखंड अंतर्गत हरनाटांड़, सिधाव, नौरंगिया दरदरी आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर क्रियान्वित योजनाओं के कार्य प्रगति का लिया जायजा

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के जिलाधिकारी श्री दिनेश कुमार राय ने आज बगहा-02 प्रखंड अंतर्गत हरनाटांड़, सिधाव, नौरंगिया दरदरी आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर क्रियान्वित योजनाओं के कार्य प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

               जिलाधिकारी ने कहा कि आमजनों के कल्याण एवं उत्थान के लिए सरकार द्वारा कई प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। योग्य व्यक्तियों को ससमय योजनाओं का लाभ मिले, इसे सुनिश्चित किया जाय। योजनाओं का लाभ लेने में आमजनों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजनाएं आमजन को सुलभ हो सके इसे सुनिश्चित करना है।

            उन्होंने निर्देश दिया कि आमजनों की सहूलियत को देखते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर विकास शिविर का आयोजन किया जाय। शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं और शिकायतों का नियमानुकूल त्वरित  समाधान किया जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निष्पादन करने में अधिकारी तत्परता दिखाएं।

              उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता एवं कोताही पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवतापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से हर हाल में सुनिश्चित किया जाय।

               जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में जनसंवाद कार्यक्रम किया गया है। जनसंवाद के दौरान प्राप्त सुझाव/शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। राज्य स्तर तथा जिलास्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों का तुरंत अनुपालन सुनिश्चित किया जाय।

              नौरंगिया दरदरी पंचायत में पंचायत सरकार भवन के सामने अवस्थित पोखरा का सौंदर्यीकरण अविलंब कराने का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया। कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग को क्षेत्र अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति अविलंब कराने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा पंचायत सरकार भवन, नौरंगिया दरदरी तथा निर्माणाधीन हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर, नौरंगिया का जायजा भी लिया। पंचायत सरकार भवन के समीप स्थित लोक सेवा अधिकार काउंटर को भी पूर्ण रूपेण संचालित करने का निर्देश दिया गया।

भ्रमण के दौरान स्थानीय माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामीणों से जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी ली। इस क्रम में कई माननीय जनप्रतिनिधिगण तथा ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की समस्याओं से जिलाधिकारी को।अवगत कराया गया।

             इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, अपर समाहर्त्ता, श्री राजीव कुमार सिंह, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री अनिल राय, एसडीएम, बगहा, डॉ अनुपमा सिंह, सिविल सर्जन, डॉ0 श्रीकांत दुबे सहित अन्य जिलास्तरीय, अनुमंडल स्तरीय तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आलोक कुमार

रविवार, 10 दिसंबर 2023

मन्नत मांगने वालों की मन्नते पूरी हो जाती

 दुसैया.पश्चिम चंपारण जिले में रहने वाले बेतिया क्रिश्चियन क्वाटर्स और पादरी दुसैया के लैटिन कैथोलिकों के बीच हर्ष का दिवस रहा.आज रविवार को ग्वादालूपे की मां मरियम का वार्षिक पर्वोत्सव था.यहां पर ग्रोटों है जिसमें ग्वादालूपे मां मरियम की प्रतिमा है.यह चमत्कारिक माता है.मन्नत मांगने वालों की मन्नते पूरी हो जाती है.

   आज सुबह 9:00 बजे से नेटिविटी ऑफ दी ब्लेस्ड विर्जिन मेरी चर्च, बेतिया से यात्रा निकाली. जिसमें करीब 2000 मरियम भक्तों ने भाग लिया. यह पैदल यात्रा सवा 11:00 बजे मां मरियम के चर्च दुसैया में पहुंची.जहां स्वागत के बाद सभी श्रद्धालु भक्तों जिनकी संख्या करीब 4000 से 5000 थी. उनका भोजन कराया गया. 

       तत्पश्चात करिश्माई  प्रार्थना एवं मिस्सा पूजा संपन्न हुआ. समारोही मिस्सा के नेतृत्व करने मुजफ्फरपुर धर्मप्रान्त अतिमाननीय श्रद्धेय बिशप काजिटन फ्रांसिस ओस्ता आए थे.उनके साथ बेतिया धर्मप्रांत के बिशप पीटर सेबेस्टियन गोबियस के अलावे दर्जनों पुरोहित थे.इन बिशप और पुरोहितों को "आओ चले हम बेदी के पास येसु बुलाता अपने पास

गाते बजाते झूमते चले उनकी बढ़ाई में नाचे हम

ताली बजाओ ढोल बजाओ प्रभु ईश्वर की स्तुति गाओ

सारी सृष्टि तेरी कलाकृति सुंदर लगे मन भाये मुझे

करता निर्वाह तुझ से धरती में दिल से मन से कहुं धन्यवाद..आओ चले हम बेदी के 

मुझको बनाया अपने ही जैसा प्रेम करना सीखाया मुझे

मेरी सुरक्षा करता सदा अंतत प्रेम का स्वामी प्रभु..आओ चले हम बेदी के" प्रवेश गान के साथ पूजा बेदी तक लाया गया.

  

बलिदान, तत्पश्चात ग्वादालूपे माँ मरियम की शोभा यात्रा.मुख्य अनुष्ठानदाता मुजफ्फरपुर धर्मप्रान्त अतिमाननीय श्रद्धेय बिशप काजिटन फ्रांसिस ओस्ता ने नेतृत्व किया. इसके बाद पादरी दुसैया गांव में मां मरियम की डोली यात्रा निकली गयी. 


आलोक कुमार




मामलों की दयनीय स्थिति से गहराई से प्रभावित


 


जुबली एवं आजीवन व्रत धारण समारोह

पटना.बालूपर पटना में सिस्टर्स ऑफ द सेक्रेड हार्ट सोसाइटी की सिस्टरों का निवास स्थान है.यदुवंशी नगर में प्रोविंशियल हाउस है. सिस्टर्स ऑफ द सेक्रेड हार्ट 1926 में बिहार के बेतिया में बेल्जियम के जेसुइट पुजारी, रेव बिशप लुइस वानहॉक द्वारा स्थापित एक स्वदेशी मण्डली है.प्लेग और हैजा जैसी बार-बार होने वाली बीमारियों, मजबूत जाति व्यवस्था, अंधविश्वासों और सामंती समाज के अस्तित्व के कारण गाँव की महिलाओं और बच्चों की स्थिति दयनीय थी. बिशप, मामलों की दयनीय स्थिति से गहराई से प्रभावित होकर, भारतीय बहनों की एक मंडली बनाने के लिए प्रेरित हुए, जिनके पास स्थानीय परंपराओं, संस्कृति और भाषा का ज्ञान और समझ थी.

  इस प्रकार, बिशप ने नौ स्थानीय उम्मीदवारों की पहचान की, उन्हें औपचारिक रूप से सेक्रेड हार्ट की बहनों की नई मण्डली के लिए उम्मीदवार के रूप में स्वीकार किया गया था. प्रारंभ में नवगठित मंडली स्विस ऑर्डर सिस्टर्स ऑफ मर्सी ऑफ द होली क्रॉस के प्रबंधन और नियंत्रण में थी और उसके मिशन के लिए काम करती थी, जो 1894 से उत्तरी बिहार में काम कर रही थी. होली क्रॉस सुपीरियर भी सुपीरियर जनरल थी सेक्रेड हार्ट मण्डली के.

   चूँकि सेक्रेड हार्ट सिस्टर्स का काम गाँवों में जाकर महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए काम करना था, इसलिए होली क्रॉस सिस्टर्स उन्हें अपने अधीन मानती थीं. चुने गए उम्मीदवार कम शिक्षित थे, और चूँकि गांव के काम के लिए उच्च शिक्षा की आवश्यकता नहीं थी, इसलिए होली क्रॉस बहनों का उनके प्रति बहुत कम सम्मान था, उनके साथ खराब व्यवहार किया जाता था और बहुत अधिक भेदभाव होता था.


यहां तक ​​कि 1953 में सेक्रेड हार्ट मण्डली के लिए पहले विकार जनरल की नियुक्ति में भी होली क्रॉस सिस्टर्स के रवैये पर कोई प्रबंधन नियंत्रण नहीं था। यह 1969 तक जारी रहा, जब सेक्रेड हार्ट की बहनों ने स्वतंत्रता की ओर पहला कदम उठाया और उनके नए सुपीरियर जनरल चुने गए.


पहला कार्यकाल शुरू में तीन साल के लिए था और इसे एक अवलोकन अवधि माना जाता था. शक्तियां अभी भी होली क्रॉस की बहनों के हाथों में थीं. 1972 में सुपीरियर जनरल को फिर से चुना गया, और तब से मण्डली को अपने निर्णय लेने की शक्ति दी गई.


एसएसएच मण्डली अपनी बहनों के लिए बुनियादी शिक्षा प्रदान कर रही थी, लेकिन लंबे समय से वे उच्च शिक्षा वाले उम्मीदवारों को आकर्षित करने में असमर्थ थे। अधिकांश के पास नर्सिंग या शिक्षण पृष्ठभूमि थी.


1972 तक सेक्रेड हार्ट मण्डली के पास बिहार की राजधानी में एक घर भी नहीं था, जहाँ डायोसेसन प्रशासन का मुख्यालय था. जो बहनें किसी भी उद्देश्य से बिशप हाउस में आती थीं, वे उचित आश्रय के बिना आवारा थीं; अधिकांश समय उनके अन्य मंडलियों के साथ साझा करने के लिए कहा जाता था और उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता था.

 डायोसेसन स्वदेशी मंडली के रूप में, सेक्रेड हार्ट सिस्टर्स मुख्य रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्य और धर्मार्थ/राहत कार्यों में विभिन्न पैरिश में काम करती हैं.

   सेक्रेड हार्ट की बहनों का मिशन वंचित ग्रामीण लोगों को संगठित और मजबूत करना है ताकि स्थायी सामाजिक और आर्थिक विकास प्राप्त करने में मदद की जा सके और एक न्यायसंगत और न्यायसंगत समाज के लिए प्रयास किया जा सके।


दान, सामाजिक, शारीरिक और आध्यात्मिक कार्य करने में लगी सिस्टर्स सिस्टर एडलिन और सिस्टर बोर्जिया ने शानदार 60 वर्ष कार्य करके हीरक जयंती मनायी.शानदार 50 वर्ष सिस्टर फ्लोरा एक्का, सिस्टर मेरी कुजूर,सिस्टर एडित,सिस्टर बिबियाना तिर्की,सिस्टर आन थोमस और सिस्टर मेरी जौन ने स्वर्ण जयंती मनायी.अमूल्य 25 वर्ष पूरा करने सिस्टर शान्ति,सिस्टर सुनीति और सिस्टर सुजाता ने रजत जयंती मनायी.सिस्टर्स ऑफ द सेक्रेड   हार्ट सोसाइटी में रहने वाली सिस्टर दिव्या केरकेटा,सिस्टर सरिता खुर्रा,सिस्टर हेमलता एक्का,सिस्टर फिलोमिना कुल्लु, सिस्टर पुनम टोप्पो, सिस्टर रजनी तिर्की और सिस्टर अनुपा लकड़ा ने अंतिम व्रतधारण किया.

   यह धार्मिक समारोह प्रेरितों की रानी ईश मन्दिर कुर्जी, दीघा घाट में संपन्न हुआ.पटना महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष सेबेस्टियन कल्लूपुरा ने मिस्सा अर्पित करने वाले पुरोहितों का नेतृत्व किया.

आलोक कुमार




आज लोयोला हाई स्कूल का 24वाँ वार्षिक खेल दिवस-2023 संपन्न



 ऑवर ऑल चैम्पियन ब्लू टीम

पटना. पटना नगर निगम के वार्ड नम्बर 22 बी में लोयोला हाई स्कूल संचालित है.इस स्कूल का स्थापना 1969 में हुआ था.आज लोयोला हाई स्कूल का 24वाँ वार्षिक खेल दिवस-2023 संपन्न हुआ. मुख्य अतिथि माननीय न्यायाधीश श्री पूर्णेन्दु सिंह (पटना उच्च न्यायालय) थे.सम्मानित अतिथि श्री विजय कुमार, (डीआईजी, सीआरपीएफ मुख्यालय,  दिल्ली) थे.विशेष अतिथि आदरणीय ब्रदर अल्फोंस टोप्पो, प्रधानाचार्य, सेंट  अलॉयसियस हाई स्कूल, रांची, झारखंड थे.

सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत किया गया.उसके बाद विद्यालय का ध्वज फहराया गया. स्कूल गीत के बाद अतिथियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का अभिनंदन किया गया.स्वागत भाषण प्रिंसिपल वाई.सुधाकर रेड्डी ने दिया. उसके बाद अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.स्पोर्ट्स ओपन की घोषणा की गयी.

सम्मानित अतिथियों ने अपने   संबोधन में कहा कि यह स्कूल काफी तरक्की कर गयी है.मौके पर सम्मानित अतिथि श्री विजय कुमार ने कहा कि मैं भी लोयोला हाई स्कूल के छात्र रहे थे.सेसिल साह के साथ 1983 के ग्रुप के है.


आलोक कुमार

शनिवार, 9 दिसंबर 2023

एक नहीं अनेक कार्यक्रम रजत जयंती के अवसर पर

 बेतिया.एक नहीं अनेक कार्यक्रम रजत जयंती के अवसर पर संत जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल में हुआ.संत जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल के रजत जयंती  के अवसर पर सभी पूर्व प्रिंसिपल फादर लॉरेंस पास्काल , फादर मैथ्यू, फादर जॉर्ज, फादर रिचर्ड आदि मौजूद थे.मौके पर पश्चिम चंपारण के डीएम दिनेश कुमार, मुख्य अतिथि थे.पटना जेसुइट प्रोविंस के प्रोविंसिएल डोनाल्ड जे मिरांडा,विशिष्ट अतिथि थे.इन महानुभावों के साथ बच्चों के अभिभावक और शुभचिंतक भारी संख्या में मौजूद थे.

        इसके पूर्व संत जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल के रजत जयंती समारोह के अवसर पर ग्रैंड पेरेट्स डे,इंटर स्कूल क्विज प्रतियोगिता,अंतर विघालय म्युजिकल नाटक प्रतियोगिता के साथ इंटर स्कूल कबड्डी टूर्नामेंट रजत जयंती समारोह 2023 कार्यक्रम भी किया गया. 

      अंतर विद्यालय म्यूजिकल नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर विद्यालय के प्राचार्य आर्मस्ट्रांग एडिशन, विद्यालय के उप प्राचार्य रेमंड रेमी, सिस्टर पुष्पा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. अंतर विद्यालय प्रतियोगिता में नगर के पांच स्कूलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया.प्राचार्य फादर आर्मस्ट्रांग एडिशन ने कहा कि हमें प्रेम एवं सेवा की भावना से अपने जीवन को अपनाना चाहिए. जिसमें संत जेवियर के छात्रों ने प्रथम स्थान हासिल कर इस प्रतियोगिता को अपने नाम कर लिया.

 इस प्रतियोगिता में नगर के नोट्रेडेम पब्लिक स्कूल, केआर स्कूल, सेंट जेवियर हायर सेकेंडरी, असेंबली ऑफ़ गॉड चर्च स्कूल के प्रतिभागियों ने भाग लिया. इस प्रतियोगिता में संत थॉमस स्कूल के प्रतिभागियों द्वारा प्रति प्रेम एवं उनकी महता को दर्शाया गया.नोट्रेडेम पब्लिक स्कूल ने राष्ट्र प्रेम की भावनाओं को दर्शाया.वही संत जेवियर स्कूल के प्रतिभागियों ने क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज वेल्लोर की स्थापना व उसके जीवनी की प्रस्तुति दी.अंत में प्रतियोगिता का रिजल्ट घोषित किया गया. जिसमें संत जेवियर को इस प्रतियोगिता का टॉपर घोषित किया गया.केआर स्कूल को संतावना पुरस्कार से सम्मानित किया गया. द्वितीय पुरस्कार नोट्रेडेम पब्लिक स्कूल के प्रतिभागियों को दिया गया. वही तृतीय पुरस्कार असेंबली आफ गॉड चर्च स्कूल को दिया गया.कार्यक्रम में निर्णायक मंडली के रूप में होली क्रॉस के सिस्टर जेसी, सेक्रेड हार्ट से सिस्टर सुजाता व गहरी मिशन से सिस्टर पुष्पा रही.मंच का संचालन अनघ, अमृत, श्रेयम और वंशिका द्वारा किया गया.मौके पर खेल समीर रेमी, जितेंद्र कुमार, संजीव शील आदि मौजूद रहे.

  बता दें इस समय संत जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य फादर आर्मस्ट्रांग एडिशन हैं.उन्होंने शिक्षा जगत में 2003 में कदम रखा था.संत जेवियर हाई स्कूल बेतिया में अंग्रेजी के शिक्षक के रूप में उन्होंने सेवा शुरू की थी. दस साल के अध्यापन के बाद अमेरिका के मैरक्वेट विश्वविद्यालय से उन्होंने शैक्षणिक प्रशासन में स्नातकोत्तर की डिग्री 2015 में हासिल की.फादर एडिसन 1 फरवरी 2015 को संत माइकल हाई स्कूल में उप-प्राचार्य का पद संभाला.बाद में संत माइकल हाई स्कूल के प्राचार्य बनाए गए थे.8 साल के बाद संत जेवियर हाई स्कूल बेतिया में अंग्रेजी के शिक्षक के रूप में कार्य करने वाले  फादर आर्मस्ट्रांग एडिशन प्राचार्य पद पर काबिज हैं.

      उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हो रहा है. उन्होंने कहा कि विद्यालय ने जिन ऊंचाइयों को पाया है, वे उसे और आगे ले जाएंगे। विद्यार्थियों को खेलकूद के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.



आलोक कुमार

🟢