मंगलवार, 25 जुलाई 2023

शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक

 


गया. ’जिला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती की संयुक्त अध्यक्षता में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द के वातावरण में मनाने तथा विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक करते हुए सम्मानित सदस्यों से उनके क्षेत्र में की जा रही तैयारियों के संबंध में अवगत हुए.’

       जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिस तरह रामनवमी  एवं बकरीद के त्योहार में विधि व्यवस्था तथा शांति व्यवस्था संधारण किया गया था उसी प्रकार मुहर्रम पर्व में भी संधारित कराया जाएगा. किसी भी स्थिति में डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा. डीजे पर पूर्ण पाबंदी रखी गई है इसके लिए सभी थानाध्यक्ष अपने एरिया के डीजे संचालकों के साथ बैठक कर ली गयी है. मुहर्रम पर्व के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को ध्यान में रखते हुए सभी थाना रूट वेरीफाई कर ली गयी है और उसी रास्ते से ही जुलूस निकाला जाएगा.

       उन्होंने शांति समिति के सभी सम्मानित सदस्यों को कहा कि अपने क्षेत्र के ताजिया के ऊंचाई को भी आकलन कर लें ताकि रास्ते में बिजली तार या अन्य चीजों से टच न हो सके. उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्यों को अवगत कराया कि मुहर्रम पर्व को देखते हुए संवेदनशील अतिसंवेदनशील रास्तों को चिन्हित किया गया है वहां पदाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति रखी जाएगी.

    आप सभी सम्मानित व्यक्तियों से अनुरोध है कि अपने अपने क्षेत्र में स्वयं उपस्थिति रखते हुए मोहर्रम के जुलूस को शांत माहौल में पार करवाएं. अपने पर्याप्त वॉलिंटियर्स को जुलूस में हर हाल में रखे साथ ही सभी जुलूस के आयोजक को कहा कि आपके जुलूस में कौन कौन लोग हैं, उसकी पहचान के लिये एक टीम रखे, जिससे असामाजिक तत्व चिन्हित हो सके ताकि विधि व्यवस्था पूरी तरह से बरकरार रहे।उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था से संबंधित किसी भी समस्या होने पर त्वरित गति से जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0631 2222253/59 पर संपर्क करते हुए जानकारी उपलब्ध करवाए इसके साथ ही वरीय अधिकारियों को भी सूचित करें ताकि विधि व्यवस्था को कायम रखा जा सके.

       जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त नगर निगम को निर्देश दिया कि कर्बला जाने के रास्ते तथा कर्बला में पर्याप्त बिजली की व्यवस्था आवश्यकतानुसार सीसीटीवी अधिष्ठापन पेयजल की व्यवस्था साफ सफाई का मुकम्मल व्यवस्था तथा मोबाइल टॉयलेट भी लगवाए.

       उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी एवं वरीय उप समाहर्ता नजारत को निर्देश दिया कि पर्याप्त सीसीटीवी, ड्रोन, वीडियोग्राफी, लाइट आदि की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें.

       उन्होंने कहा कि जुलूस रुट के मेजर रास्ता जो खराब थे, उसका पूरा सर्वे हो चुका है, रोड बनाने का भी काम अंतिम चरण में है.

       उन्होंने कार्यपालक अभियंता बिजली को निर्देश दिया कि अपने स्तर से कनीय अभियंता को जुलूस के मेन पॉइंट्स पर प्रतिनियुक्ति रखेंगे. साथ ही जुलूस रूट का बिजली तार आदि का अच्छा से जांच करवाना सुनिश्चित करेंगे.

       उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि पंचायती अखाड़ा के साथ साथ मेन जगहों पर एम्बुलेंस सहित मेडिकल टीम उपस्थित रहे, साथ ही ज़िले के सभी सरकारी अस्पताल को अलर्ट रखते हुए रोस्टर बना कर ड्यूटी करवाये।.उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस सेक्टर, मेडिकल सेक्टर, सिविल सेक्टर सभी का छुट्टी 30 जुलाई तक रद्द किया गया है। आवश्यक परिस्थिति में ही केवल छुट्टी पर विचार किया जाएगा.

         वरीय पुलिस अधीक्षक कहा कि हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों को कड़ाई से निपटा जाएगा। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है. शांति व्यवस्था भंग करने वाले को चिन्हित करते हुए कठोर कार्रवाई किया जाएगा. पूर्व वर्षों के लाइसेंस धारी को ही इस वर्ष लाइसेंस निर्गत किया जा रहा है.उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस के एक भी जुलूस ना निकले इसे सभी थाना अध्यक्ष सुनिश्चित करावे. उन्होंने कहा कि विभिन्न थानों तथा अनुमंडल पदाधिकारी के प्रस्ताव पर प्राप्त संस्थानों की सूची के आलोक में वीडियो ग्राफर,  ड्रोन, वॉच टावर  इत्यादि  लगाया जा रहा है. सोशल मीडिया पर पूरी पैनी नजर रखी जा रही है, कुछ भी अफवाह या गलत भावना वाला पोस्ट या शेयर करने वालो पर पूरी नजर रहेगी.

           सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा थानाध्यक्ष द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है तथा संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करते हुए लगातार पेट्रोलिंग करवाया जा रहा है.उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक घटना की संभावना के आलोक में अपने क्षेत्र में धारा 107 के अधीन निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है.

         इसके उपरांत जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले वासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी अच्छे माहौल तथा आपसी भाईचारा के रूप में यह पर्व को मनाए. जिला प्रशासन द्वारा मुहर्रम पर्व को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई हैं.

         इसके उपरांत बारी-बारी से शांति समिति के सम्मानित सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र में मोहर्रम की तैयारी के संबंध में जानकारी प्राप्त किया तथा प्राप्त सुझाव के आलोक में संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं.

         बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक नगर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं शांति समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित थे.


आलोक कुमार

जिला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम द्वारा सीता कुंड, तुलसी बाग इत्यादि का निरीक्षण

  

गया. पितृपक्ष मेला 2023 के सफल आयोजन तथा देश विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व में किए जा रहे तैयारियों का जायजा आज जिला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम द्वारा सीता कुंड, सीता पथ, गयाजी डैम, देवघाट, गजाधर घाट, सूर्य कुंड का रास्ता, विष्णुपद मंदिर प्रांगण, तुलसी बाग इत्यादि का निरीक्षण करें यात्रियों की सुविधा देने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं.

        सीता कुंड निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी में नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि टूटे हुए टाइल्स को अभी से ही ठीक करवाना शुरू करवाएं. इसके उपरांत उन्होंने कार्यपालक अभियंता गया जी डैम से जानकारी लिया कि कितने स्थानों से सीता पथ में बने अंडरग्राउंड नाला  में वार्ड संख्या 53 के कितने नाले मिल रहे हैं, इसपर बताया गया कि कुल रास्ता का नाला को मेन नाला में जोड़ा गया है. स्थानीय लोगों ने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया कि नाला काफी ढलकाव होने के कारण पानी जमा हो जा रहा है, नाली का ऊपरी सरफेस को बड़ा करवाने की आवश्यकता है इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अगले 7 दिनों के अंदर उपर्युक्त काम करवाना सुनिश्चित करावे.

    गया जी डैम में वर्तमान में औसतन 09 फ़ीट पानी भरा हुआ है. सीता पथ में पैदल भ्रमण के दौरान डीएम ने पर्याप्त लाइट लगाने का निर्देश नगर निगम को दिया. साथ ही पीएचडी विभाग को सीता पत्र में पर्याप्त टॉयलेट, चेंजिंग रूम एवं पेयजल व्यवस्था करवाने का निर्देश दिए, ताकि पितृपक्ष मेला में यहां पर तर्पण करने आने वाले यात्रियों को सुविधा दिया जा सके.

        जिला पदाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक नगर तथा थाना अध्यक्ष मानपुर एवं थाना अध्यक्ष विष्णुपद को निर्देश दिया कि गयाजी डैम के समीप आए दिन असामाजिक तत्व द्वारा छिटपुट घटनाएं करने की सूचना प्राप्त हो रही है इस पर पूरी कड़ाई से अनुपालन करावे.जिला पदाधिकारी ने आसपास के क्षेत्र में विधि व्यवस्था बरकरार रखने के उद्देश्य से 4 होमगार्ड का जवान भी उपलब्ध कराया है.

        उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि गया जी डैम को पितृपक्ष मेला के समय निरंतर साफ कैसे रखा जाए इस पर अभी से ही विचार तथा कार्य योजना तैयार करे.

        गया जी डैम के पास बने पुल के उत्तर दिशा में जमे गंदा पानी को साफ करने का निर्देश दिए.उन्होंने कहा कि जेसीबी मशीन के माध्यम से केयारी बनाकर पानी के फ्लो के साथ निकासी करें.

        जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता एलएईओ को निर्देश दिया कि श्मशान घाट, देवघाट, गजाधर घाट होते हुए गयाजी डैम तक जितने भी टूटे हुए टाइल्स हैं उसे अविलंब ठीक करवाएं.

        गजाधर घाट के आगे गयाजी डैम के सीढ़ी के समीप जमे हुए पानी को अभिलंब हटवाने का निर्देश दिए साथ ही उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि देवघाट एवं सटे हुए अन्य घाटो में तर्पण करने वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में 240 लीटर क्षमता वाले डस्टबिन लगवाना सुनिश्चित करें. भ्रमण के दौरान देवघाट में गड़े हुए पॉल में लटका हुआ तार को अभिलंब ऊंचा करवाने का निर्देश दिए. साथ ही नदी के पानी में एक बिजली का खंभा शेष बचा है उसे हटाने का निर्देश दिए.

  उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि देवघाट में किसी भी हाल में आवारा पशु घूमता हुआ ना रहे, इसे सुनिश्चित कराएं साथ ही कोई भी दो पहिया वाहन घाट पर ना पहुंचे , इसके लिए जो भी आवश्यक कार्य है उसे पूर्ण करावे। पिछले 1 सप्ताह में 10 से 15 आवारा पशु को पकड़कर गौशाला में रखा गया है. अभी से लगातार अभियान चलाकर मेला क्षेत्र से आवारा पशुओं को हटाकर गौशाला में रखने का कार्य किया जाएगा ताकि देश विदेश से आए तीर्थ यात्रियों को कोई नुकसान ना पहुंचे.

        निरीक्षण के दौरान विष्णुपद मंदिर जाने के रास्ते में दोनों तरफ कई दुकानें गली में ही निकाला हुआ है इस पर अनुमंडल पदाधिकारी तथा नगर निगम को निर्देश दिया कि संयुक्त रूप से भ्रमण कर रास्ता को अतिक्रमण मुक्त रखना सुनिश्चित करें.उन्होंने कहा कि संवाद सदन के जमीन में हो रहे अवैध कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध अभिलंब जांच करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराएं.

        निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त गया नगर निगम,  उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता पर्यटन, वरीय उप समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी पितृपक्ष मेला, संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, विष्णुपद के पुरोहित सहित अन्य सहायक पदाधिकारी उपस्थित थे.


आलोक कुमार


सोमवार, 24 जुलाई 2023

आंगनबाड़ी केन्द्रों का सुचारू संचालन कराएं सुनिश्चित : जिलाधिकारी

  

* आंगनबाड़ी केन्द्रों का सुचारू संचालन कराएं सुनिश्चित : जिलाधिकारी

* बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री महिलाओं को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं आंगनबाड़ी केन्द्र के माध्यम से दिलाएं

* केन्द्रों पर बच्चों की ड्रेस कोड में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश


बेतिया. पश्चिम चंपारण जिले के जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय ने कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का सुचारू संचालन कराना सुनिश्चित किया जाय. बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धातृ महिलाओं को सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं आंगनबाड़ी केन्द्र के माध्यम से दिलाएं. उन्होंने निर्देश दिया कि केन्द्रों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं सुदृढ़ रहनी चाहिए.

    उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को मेन्यू के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए. केन्द्र पर बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ सभी बच्चे पोशाक पहनकर आएं, इसे सुनिश्चित किया जाए. आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित रूप से जांच सीडीपीओ एवं एलएस करेंगी. डीपीओ, आइसीडीएस आंगनबाड़ी केन्द्रों के कार्यों का लगातार अनुश्रवण करेंगी तथा रेंडमली जांच करेंगी. जिलाधिकारी समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे.

    जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर टीएचआर का वितरण ससमय हो तथा लाभुकों को मुहैया कराने वाली अन्य सुविधाएं ससमय मिले, हर हाल में सुनिश्चित किया जाय. केन्द्रों पर टीएचआर वितरण के दिन एक फ्लेक्स/बैनर का अधिष्ठापन कराया जाए, जिसमें टीएचआर में कौन-कौन सी सामग्री कितनी मात्रा में दी जा रही है, का उल्लेख हो.

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सीडीपीओ, एलएस क्षेत्रान्तर्गत सेविका- सहायिकाओं के साथ नियमित बैठक करेंगी तथा समीक्षा के क्रम में आई कमियों को दुरुस्त करेंगी. मुख्यमंत्री कन्या उत्थान के लक्ष्य को अविलंब प्राप्त करने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी. उन्होंने निर्देश दिया कि सेविका-सहायिका को मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम में सहयोग किया जाना है. मिशन इन्द्रधनुष कार्यक्रम में रूचि नहीं लेने वाली सेविका-सहायिकाओं को चिन्हित किया जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए.

     जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों से संबंधित शिकायत के आलोक में स्वच्छ एवं पारदर्शी तरीके से जांच करें और रिर्पाेट तुरंत प्रतिवेदित करें. आंगनबाड़ी एप के माध्यम से किया जाने वाला निरीक्षण शत-प्रतिशत होना चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रोग्राम कार्यालय सहित बाल विकास परियोजना कार्यालय के सभी कार्य ससमय निष्पादित हो, इसे सुनिश्चित किया जाए. समय पर सभी रिपोर्ट बिना त्रुटि के संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराएं. कैशबुक अद्यतन रखें, सभी संचिकाएं अपडेट रखें. कर्मियों को वेतन आदि ससमय मिले, सेवानिवृत्त कर्मियों को देय सभी सुविधाएं तत्परतापूर्वक दिलाना सुनिश्चित किया जाए.

     उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी होने पर तुरंत जांच करायी जायेगी. जांच में दोष सत्य पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई निश्चित है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्वयं आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित बाल विकास परियोजना कार्यालय, जिला प्रोग्राम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया जायेगा.

     इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, वरीय उप समाहर्ता, श्री प्रतीक कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा, श्रीमती बेबी कुमारी, डीपीओ, आईसीडीएस सहित सभी सीडीपीओ उपस्थित रहे.


आलोक कुमार

जलापूर्ति योजना से शत-प्रतिशत लाभुकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश

 * जिलाधिकारी द्वारा की गयी बुडको, नगर निगम, बेतिया सहित अन्य सभी नगर निकाय द्वारा क्रियान्वित                                                                         योजनाओं की समीक्षा

* जलापूर्ति योजना से शत-प्रतिशत लाभुकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश


*बरसात के मद्देनजर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश



बेतिया. पश्चिम चंपारण जिले के जिलाधिकारी है श्री दिनेश कुमार राय. आज जिले में बुडको, नगर निगम, बेतिया सहित अन्य सभी नगर निकाय द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की गयी.

     इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार, निदेशक, डीआरडीए, श्री सुजीत बरनवाल, जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री विपिन कुमार यादव, वरीय उप समाहर्ता, श्री प्रतीक कुमार, आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, श्री शंभु कुमार सहित सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं बुडको के सहायक अभियंता उपस्थित रहे.

    जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बुडको, नगर निगम, बेतिया तथा अन्य नगर निकाय द्वारा क्रियान्वित योजनाओं में विभागीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य होना चाहिए. क्रियान्वित योजनाओं का लगातार अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया जाए.

      जिलाधिकारी द्वारा सहायक अभियंता, बुडको को निर्देश दिया गया कि बेतिया नगर निगम अंतर्गत शेष बचे घरों को भी जलापूर्ति योजना से आच्छादित किया जाय। सभी लाभुकों को समय जलापूर्ति हो, इसे सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि नये मकान बनवाने वाले व्यक्तियों को भी जलापूर्ति योजना से आच्छादित किया जाए. पाईप लाईन बिछाने, मरम्मति करने के दौरान क्षतिग्रस्त स्थल को तुरंत समतलीकरण कराना सुनिश्चित करें.

     समीक्षा के क्रम में सहायक अभियंता, बुडको द्वारा बताया गया कि बगहा नगर परिषद अंतर्गत जलापूर्ति योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ कर दिया गया है. रेलवे से एनओसी प्राप्त हो गया है. गंडक कॉलोनी के समीप पाईप बिछाने में पानी लेयर की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिस कारण जलापूर्ति योजना में बाधा उत्पन्न हो रही है.

             उन्होंने निर्देश दिया कि बगहा अंतर्गत शत-प्रतिशत लाभुकों को अविलंब जलापूर्ति योजना से लाभान्वित किया जाना है. इसके लिए कारगर कार्रवाई करें. पानी के लेयर की समस्या को दूर करें. इसकी जानकारी मुख्यालय सहित स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों को भी दें. जिलाधिकारी ने कहा कि इस समस्या का समाधान कराना अति आवश्यक है.

     जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बरसात के मद्देनजर नगर निगम, बेतिया सहित जिले के सभी नगर निकाय अपनी-अपनी तैयारी सुदृढ़ रखेंगे. सभी बड़े एवं छोटे नालों की अच्छे तरीके से साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करेंगे ताकि जलनिकासी में बाधा नहीं उत्पन्न होने पाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि लो लैंड एरिया में विशेष सतर्कता बरतनी है, ज्यादा एमएम में बारिश होने तथा जलजमाव से निपटने के लिए सभी तैयारियां कर लेंगे. जलजमाव होने की स्थिति में त्वरित गति से कार्रवाई करेंगे और मैन पावर, आधुनिक मशीनों की मदद से जलजमाव को दूर करेंगे.

      उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि जलनिकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणकारियों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाय. नियमानुसार जुर्माना वसूल किया जाए. नालियों को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराना सुनिश्चित किया जाए. शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने के लिए सभी प्रकार की कारगर कार्रवाई करें. हर घर से कचरा का उठाव तथा उसका समुचित निस्तारण कराना सुनिश्चित किया जाए.

    उप विकास आयुक्त, श्री अनिल कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत नगर निकाय क्षेत्रों को लक्ष्य दिया गया है. इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सार्थक पहल करें. उन्होंने निर्देश दिया कि नगर निकाय क्षेत्रों में सघन पौधारोपण का कार्यक्रम संचालित किया जाय. इसके साथ ही जल-जीवन- हरियाली अंतर्गत अन्य कार्यों को भी ससमय कराना सुनिश्चित किया जाए.


आलोक कुमार

रविवार, 23 जुलाई 2023

एसएसपी ने दीघा थानेदार को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया

 दीघा थाने के थानाध्यक्ष पर कार्रवाई

पटना.  पटना  के दीघा थाना के थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय को एसएसपी राजीव मिश्रा ने लाइन हाजिर कर दिया है. मामला रिटायर डीएसपी के मोबाइल चाेरी से जुड़ा है. थानाध्यक्ष पर मोबाइल चोरी होने के बाद केस दर्ज नहीं करने को लेकर कार्रवाई की गई है.

पूरा मामला पिछले साल चैती छठ का है.चैती छठ के मौके पर रिटायर डीएसपी का मोबाइल चोरी हुआ था. इसके बाद रिटायर डीएसपी दीघा थाना मामला दर्ज करने पहुंचे. लिखित शिकायत देने के बाद उनका मामला दर्ज नहीं हुआ. इसके बाद रिटायर डीएसपी ने आईजी राकेश राठी से इसकी शिकायत कर दी.

आईजी ने थानेदार को शो काॅज किया. मामले की जांच की गई। जांच में राजकुमार पांडेय दोषी पाए गए. उसके बाद आईजी के आदेश पर एसएसपी ने दीघा थानेदार को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया. एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि दीघा थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया गया है. उनकी जगह पर उसी थाना के अपर थानेदार शंभू कुमार को थाना का प्रभारी थानेदार बनाया गया.


आलोक कुमार 

शनिवार, 22 जुलाई 2023

एक दिवसीय बैठक में कहा कि मछुआरों का वगैर फीस वाला वकील-डा0 अखिलेश

 


मछुआरों का वगैर फीस वाला वकील-डा0 अखिलेश

पटना.मैं खुद को मछुआरों का बिना फीस वाला वकील मानता हूँ. पता नहीं क्यों राजनीति में आने के साथ ही मेरे दिल में मछुआरा समाज के लिए कुछ करने की एक अजीब सी ललक पैदा हो गयी. वह ललक आज भी जारी है.  जब मैं अरवल से विधायक बना तब भी, और जब पूर्वी चम्पारण से लोकसभा का सांसद बना तब भी, मैं उनके राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्हें पार्टी नेतृत्व से लड़कर जिला अध्यक्ष बनवाने से लेकर दो विधान सभा क्षेत्रों से टिकट दिलवाये.  यह बातें बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने कही. वे आज पार्टी मुख्यालय, सदाकत आश्रम में आयोजित बिहार प्रदेश मछुआरा कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में हुई एक दिवसीय बैठक में बोल रहे थे.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मछुआरा समाज से एक अलग लगाव रहा है, जिसके कारण पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2017 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में मछुआरा प्रकोष्ठ की स्थापना की.

इस अवसर पर बोलते हुए बिहार के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि आज मछुआरा समाज विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है. पानी में औद्योगिक रसायन के निष्पादन से मछली के उत्पादन में लगातार कमी आ रही है जिससे मछुआरों की स्थिति दयनीय होती जा रही है. कांग्रेस उनके लिए लगातार लड़ती रही है इसलिए उन्हें पूरी ताकत से कांग्रेस के साथ खड़ा रहना चाहिये.

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी मछुआरा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आर्मस्ट्रांग फर्नाडो ने संगठन को मजबूत करने पर बल दिया तथा मछुआरा समाज के लोगों से अपील की कि आने वाले लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर कांग्रेस के लिए वोट करें और भाजपा को सत्ता से बेदखल करें.

          इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से भारी तादाद में मछुआरा समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस मछुआरा प्रकोष्ठ की अध्यक्ष जन्मोत्री ममता निषाद ने किया तथा मंच का संचालन बृजेश प्रसाद मुनन ने किया.

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व मंच पर आसीन रहा जिसमें शामिल थे कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, पूर्व राज्यपाल निखिल कुंमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा0 मदन मोहन झा, बिहार सरकार के मंत्री अफाक आलम, मुरारी प्रसाद गौतम, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक,विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, विधायक राजेश कुमार, विजेन्द्र चौधरी, प्रतिमा कुमारी दास, विश्वनाथ राम,मुन्ना तिवारी, नीतू सिंह,संतोष मिश्रा,आनन्द शंकर, अवधेश कुमार सिंह तथा  संजीव प्रसाद टोनी। इनके अलावा जो नेता शामिल हुए वे हैं मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, निर्मल वर्मा, ब्रजेश पाण्डेय, लाल बाबू लाल, राज कुमार राजन, असितनाथ तिवारी,आलोक हर्ष, मुन्द्रिका सिंह यादव रीता सिंह, अजय चौधरी, ज्ञान रंजन, कुमार आशीष, केशर कुमार सिंह, सौरभ सिन्हा, राज किशोर प्रसाद सिंह, सुधा मिश्रा, राजनन्दन कुमार, अनुराग चंदन, अश्विनी कुमार,मृणाल अनामय, सुनैना झा, असफर अहमद, प्रदुम्न यादव,रामशंकर कुमार, एवं मंजीत आनन्द साहू इत्यादि.



आलोक  कुमार 

छात्रों एवं युवाओं को कोर्ट में बेल से लेकर अन्य कई मदद की

 लीगल एड कैंप अति आवश्यक 

पटना .बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन विकास कुमार झा की अध्यक्षता में एक दिवसीय मीटिंग की गई जिसमें संगठन को मजबूती प्रदान करने पर विशेष बल देते हुए कहा की आगामी दो माह में प्रदेश के विभिन्न जिला में संगठन का विस्तार किया जायेगा.

    लीगल सेल के मीटिंग को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रभारी ब्रिंदर सिंह ढिल्लो ने बताया कि युवा कांग्रेस लीगल सेल प्रदेश के प्रत्येक जिला में विस्तार करना एवं लीगल एड कैंप अति आवश्यक है.

     मीटिंग में प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने भी लीगल सेल की सराहना करते हुए कहा कि पिछले दिनों आंदोलन कर रहे छात्रों एवं युवाओं को कोर्ट में बेल से लेकर अन्य कई मदद की गई.

    बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष खुशबू कुमारी, विशाल सिंह, नंद सागर पासवान, राकेश कुमार, राजीव सक्सेना, गौहर अली, नीलेश कुमार, शाहरुख खान, सुशांत कुमार सहित दर्जनों लीगल सेल के सदस्य उपस्थित रहें.




 आलोक  कुमार 

शुक्रवार, 21 जुलाई 2023

इन वाहनों में 72 प्रकार के उपकरण लगे हैं

 

* मुख्यमंत्री ने बिहार अग्निशमन सेवा के सुदृढ़ीकरण करने के लिए राज्य के अग्निशामालयों के लिए 34 अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पटना. मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बिहार अग्निशमन सेवा के सुदृढ़ीकरण करने के लिए राज्य के अग्निशामालयों के लिए 34 अग्निशमन वाहनों को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद भवन के सामने बने मंच से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

       बिहार की जनता के लिए आपातकालीन सेवा के रूप में बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा अपने उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से अग्नि से सुरक्षा एवं बचाव के कार्य लगातार किये जा रहे है. प्रभावी अग्निशमन कार्य को और बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने के लिए आज 34 अग्निशमन वाहनों को रवाना किया गया.ये अग्निशमन वाहन 5 हजार लीटर वाटर टैंक क्षमता के है. इन वाहनों में 72 प्रकार के उपकरण लगे हैं जिनका आवश्यकतानुसार अग्निशमन कर्मी अग्निकांड की स्थिति में उपयोग करेंगे.

   इन अग्निशमन वाहनों को बिहार अग्निशमन सेवा में सम्मिलित किये जाने से कार्य क्षमता में और वृद्धि होगी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री को पुलिस महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवायें श्रीमती शोभा अहोतकर ने हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार अग्निशमन सेवा के बहुआयामी विकास एवं उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट का विमोचन किया.

    कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद् के सभापति श्री देवेश चन्द्र ठाकुर, भवन निर्माण मंत्री श्री अशोक चौधरी, विधि मंत्री श्री शमीम अहमद, श्रम संसाधन मंत्री श्री सुरेन्द्र राम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री श्री रत्नेश सादा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री उदय कांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक श्री आर०एस० भट्टी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, सचिव, गृह श्री के० सेंथिल कुमार, पुलिस महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवायें श्रीमती शोभा अहोतकर, पुलिस महानिदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, विशेष सचिव, गृह श्रीमती के०एस० अनुपम, पटना के जिलाधिकारी श्री चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राजीव मिश्रा सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.


आलोक कुमार


महिलाओं के उत्पीड़न की है जिसको सुनकर पूरा देश स्तब्ध

 





* मणिपुर में जारी अमानवीय घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन

भोपाल. मणिपुर में जारी हिंसक घटनाओं और महिलाओं के साथ किये गये शर्मनाक बर्ताव के विरोध में आज दिनांक 21 जुलाई को दोपहर 3 बजे से प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों, महिला आंदोलनों और जनांदोलनों की तरफ़ से संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन का आयोजन रौशनपुरा चौराहे पर किया गया . उक्त आयोजन में लगभग 300 लोगों ने भागीदारी की.

                 उल्लेखनीय है कि भारत के पूर्वोत्तर प्रांत मणिपुर में विगत लगभग 03 माह से विभिन्न समुदायों के बीच हिंसक घटनाएं जारी हैं जिनके चलते कई लोगों की मृत्यु हो गई और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं. हाल ही में उजागर हुई सर्वाधिक शर्मनाक घटना महिलाओं के उत्पीड़न की है जिसको सुनकर पूरा देश स्तब्ध है . इन घटनाओं में जहां आम लोगों के जीवन और उनकी सुरक्षा के संदर्भ में कई प्रश्न खड़े हुए हैं वहीं सत्तारूढ़ राजनैतिक दलों और प्रधानमंत्री की बेशर्म चुप्पी हम सभी को शर्मिंदा और परेशान करती है.इन हालातों पर अपना विरोध दर्ज कराते हुए वहां के आम लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने  के  इस प्रदर्शन का आयोजन किया गया था.

       आज के इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ पत्रकार लज्जा शंकर हरदेनिया, सुप्रसिद्ध कवि राजेश जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेन्द्र कोठारी, जन आंदोलनकर्मी प्रमोद प्रधान,आशा मिश्र, चितरूपा पालित, रचना ढींगरा, एस.रामचंद्रन, पूषण भट्टाचार्य,लेखक  रामप्रकाश त्रिपाठी, ईश्वर सिंह दोस्त, मनोज कुलकर्णी, प्रतिभा, आरती, संध्या कुलकर्णी, रेखा कस्तवार, शम्पा शाह, वीरेंद्र जैन, अनवारे इस्लाम, कार्टूनिस्ट बालेंद्र परसाई, वरिष्ठ पत्रकार राकेश दीक्षित,राकेश दीवान, शैलेंद्र कुमार शैली,  सुधीर सक्सेना, महिला संगठनों से नीना शर्मा, खुशबू केवट, कुमुद सिंह,सामाजिक संगठनों से दयाराम नामदेव, अरुण दनायक, अनीश थिल्कनेरी, इरफान जाफरी,प्रार्थना मिश्रा, सीमा कुरूप, पवन पवार, जावेद अनीस, सत्यम, सपना सहित कई लोग शामिल रहे.

    भोपाल के सभी सामाजिक, महिला और सांस्कृतिक संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए मणिपुर में जारी हिंसक घटनाओं को रोकने  के   राज्य और केंद्र सरकार की तरफ़ से उचित कार्यवाही और महिलाओं के ऊपर अमानवीय घटनाओं को अंजाम देने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है.


आलोक कुमार


विपक्ष के विजय सिंह की हत्या को बताया स्वाभाविक मृत्यु

 *  जदयू एमएलसी के पुत्र को कमजोर पैरवी कर उम्र कैद से बचाया गया

* विपक्ष के विजय सिंह की हत्या को बताया स्वाभाविक मृत्यु

* हिम्मत है तो लाठीचार्ज की सीबीआई जांच कराएं, रोडरेज मामले में जाएँ सुप्रीम कोर्ट

पटना. पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार सरकार सत्तारूढ़ दल से जुड़े हत्यारे को साफ बरी करा सकती है और आजीवन कारावास पाये बाहुबलियों की रिहाई के लिए कानून बदल सकती है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति विपक्षी दल का हो, तो उसकी हत्या को हार्ट अटैक बताने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी कर सकती है.

श्री मोदी ने कहा कि जदयू एमएलसी के पुत्र रॉकी यादव को रोडरेज की चर्चित घटना में आजीवन कारावास की सजा से बरी कराने के लिए सरकार ने हाई कोर्ट में न पुख्ता सबूत दिये, न ठीक से पैरवी की. सरकार बताये कि मई 2016 में आखिर व्यवसायी आदित्य सचदेवा की हत्या किसने की थी?

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर विधान सभा मार्च के दिन जब भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मृत्यु लाठीचार्ज से हुई, तो सरकार उसे हार्ट-अटैक बताने लगी. अब झूठी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी जारी हो गई.

श्री मोदी ने कहा कि घटना के थोड़ी देर बाद ही जब पुलिस और सत्तारूढ़ दल घटना को हार्ट अटैक बताने लगे, तब किस मेडिकल ऑफिसर की हिम्मत थी कि सरकार की राय के विपरीत पोस्टमार्टम रिपोर्ट देते.

उन्होंने कहा कि यदि हिम्मत है तो नीतीश सरकार विजय सिंह की मृत्यु की जांच सीबीआई से कराये और रॉकी यादव को बरी किये जाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे.

श्री मोदी ने कहा कि सरकार तो जहरीली शराब से मौत और हत्या तक को स्वाभाविक मृत्यु साबित करने का जुगाड़ किये बैठी है, ताकि अपराध के आंकड़ों से उसका चेहरा शर्मसार न हो.

श्री मोदी ने कहा कि अब वो नीतीश कुमार नहीं रहे, जो कहते थे कि सरकार न किसी को बचाती है, न किसी को फंसाती है। अब अपराधी बचाये जा रहे हैं और बेगुनाह लोग फंसाये भी जा रहे हैं.


आलोक कुमार



विभिन्न आपराधिक मामलों के राजनीतिकरण

 

नई दिल्ली.मई महीने से हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में बीते दिनों दो महिलाओं के साथ हुई बर्बर घटना ने इंसानियत को शर्मशार किया है. पूरे देश में घटना की निंदा हो रही है, लेकिन राजनीतिक दलों ने पूरे मसले पर सियासी रोटी सेंकना शुरू कर दिया है. इसका उदाहरण संसद के अंदर दिखाई पड़ रहा है. मणिपुर के मसले को उठाते हुए संसद को चलने तक नहीं दिया जा रहा है. केंद्र सरकार की तरफ से बार बार संसद में चर्चा और बहस की बात कही जा रही है, लेकिन विपक्ष लगातार बवाल काटे हुए है.
      इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कहा कि मणिपुर की घटना निश्चित रूप से बहुत ही गंभीर है और इसकी गंभीरता को समझते हुए प्रधानमंत्री जी ने स्वयं ही इस बात को कहा है कि मणिपुर में जो कुछ भी हुआ है उससे पूरे का पूरा राष्ट्र शर्मसार हुआ है. यहां तक कि मणिपुर की घटनाओं को लेकर कठोर से कठोर कार्यवाही किए जाने की बात प्रधानमंत्री जी ने कही है.
       उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मणिपुर की घटना से मेरा हृदय पीड़ा से भरा है. किसी भी सभ्य समाज के लिए ये शर्मसार करने वाली है. पाप करने वाले कितने हैं, कौन हैं, वो अपनी जगह पर है, लेकिन बेइज़्ज़ती पूरे देश की हो रही है. 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है. मैं मुख्यमंत्रियों से अपील करता हूं कि वो अपने-अपने राज्यों में क़ानून व्यवस्था मज़बूत करें.
      हम चाहते है कि इस घटना पर संसद में चर्चा हो. मैंने सर्वदलीय बैठक में भी इस बात को कहा है और आज मैं फिर से सदन में दोहराना चाहता हूं कि हम चाहते हैं कि मणिपुर की घटना पर सदन में चर्चा होनी चाहिए.
         मैं देख रहा हूं कि कुछ ऐसे राजनीतिक दल है जो कि अनावश्यक यहां पर ऐसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं ताकि किसी भी सूरत में मणिपुर की घटना पर चर्चा न हो पाए. मैं स्पष्ट रूप से यह आरोप लगाना चाहता हूं कि सचमुच यह प्रतिपक्ष मणिपुर की घटना को लेकर जितना गंभीर होना चाहिए उतना गंभीर नहीं है.
   
बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष और ईसाई नेता राजन क्लेमेंट साह ने कहा है कि देश में हत्या,लूट,बलात्कार आदि की घटनाओं समेत विभिन्न आपराधिक मामलों के राजनीतिकरण ने मानवीय संवेदनाओं को तार तार कर दिया है. अब पार्टी और विचारधारा के हिसाब से हिंसा एवं अपराध की गंभीरता आंकी जा रही है. निश्चित रूप से मणिपुर की घटना अत्यंत उद्वेलित करने वाली एवं निंदनीय है.
     वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों के दौरान शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. राज्य की ममता बनर्जी सरकार के पालतू गुंडों ने समस्त प्रदेश में हिंसा का तांडव मचा रखा है. एक महिला मुख्यमंत्री के शासन में महिलाओं पर हो रहे निरंतर अत्याचार की घटनाओं ने पूरे राष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है. भय के कारण राज्य से लोगों का पलायन अत्यंत गंभीर मामला है.

आलोक कुमार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम पिछले कुछ वर्षों में निरंतर प्रगति

नजरें 2026 में होने वाले ICC Women's T20 World Cup पर टिकी हैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम पिछले कुछ वर्षों में निरंतर प्रगति के नए आयाम छू...