रविवार, 15 अक्टूबर 2023

सिस्टर नीलू कार्मेल के अभिषेक के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम

 सिस्टर नीलू कार्मेल के अभिषेक के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम


शाहपुर.आज बक्सर धर्मप्रांत के शाहपुर पल्ली में खुशनुमा माहौल था.शाहपुर पल्ली में जन्म लेने वाली सिस्टर नीलू कार्मेल ने सिस्टर के रूप में अपने कार्यकाल के शानदार 25 साल सीजे मण्डली,नेपाल में पूरा किया है.सिस्टर नीलू कार्मेल के अभिषेक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को शाहपुर पल्ली चर्च में सिल्वर जुबली समारोह मनाया गया.

      मौके पर फादर एल्विन एसजे मुख्य उत्सवकर्ता थे.फादर प्रताप और सिल्वेनाथन एस.जे. सामूहिक प्रार्थना की अगुवाई की.उसके छोटा सा अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया और केक काटा गया.उसकी रजत जयंती पर शाहपुर पैरिश ने एकजुट होकर आज जश्न मनाया.

शाहपुर पल्ली के श्री मोतीलाल एवं स्व.सीसिलिया की बेटी है सिस्टर नीलू कार्मेल.सीजे मण्डली, नेपाल क्षेत्र से संबंधित है.उसके चार भाई और चार बहनें हैं.वह नेपाल क्षेत्र की एक महान मिशनरी हैं.इस उपलक्ष्य में सिस्टर के सभी भाई-बहन उपस्थित थे.

       शाहपुर पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर भास्कर बोज्जा ने सभी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.लोगों ने भी सिस्टर  नीलू कार्मेल सीजे को उपहार दिए.इस अवसर पर करीब 350 लोगों की मौजूदगी में पल्लवी ने शानदार नृत्य पेश किया.इस मनोरंजन कार्यक्रम की एमसी पूनम टीचर थीं.गायन मंडली का संचालन विश्वनाथ सर ने किया. प्रोग्राम अच्छे ढंग से संचालित करने में समीर ने काफी मदद की है.

       इस तरह के मनोरंजन प्रस्तुति के बाद सभी लोगों को पूड़ी और छोला खाने को दिया गया. इस उत्सवी भोज ग्रहण करने बाद  सभी सभी लोग घर प्रस्थान कर गये.उल्लेखनीय है कि फादर बोज्जा भास्कर ने नेतृत्व में शाहपुर पल्ली के भक्तगण कार्यक्रम को बेहतर ढंग से कार्य अंजाम देने में आगे ही रहते है.बक्सर धर्मप्रांत के स्वामी जी के आगमन और अभी सिस्टर जी की सिल्वर जुबली समारोह में झलक दिखा.

आलोक कुमार

दुनिया की सबसे बड़ी खुली जेल में गाजा को कर दिया गया है तब्दील : दीपंकर भट्टाचार्य

दुनिया की सबसे बड़ी खुली जेल में गाजा को कर दिया गया है तब्दील : दीपंकर भट्टाचार्य

चीन तो बहाना है-पत्रकार निशाना है, मोदी शासन में चाटुकारिता ही पत्रकारिता है

गाजा में जारी इजरायली जनसंहार और मीडिया पर हमले के खिलाफ नागरिक प्रतिवाद

भाकपा-माले, सीपीआई और सीपीआई (एम) के आह्वान पर हुआ नागरिक प्रतिवाद

पटना .गाजा में इजरायल द्वारा बच्चों-महिलाओं और बेगुनाहों के बर्बर जनसंहार और भारत में मीडिया/पत्रकारों पर मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे हमले के खिलाफ आज पटना में भाकपा-माले, सीपीआई और सीपीआई (एम) के संयुक्त बैनर से बुद्ध स्मृति पार्क पर नागरिक प्रतिवाद सभा का आयोजन हुआ.

गाजा में इजरायली जनसंहार पर रोक लगाओ, फिलिस्तीनियों के होमलैंड के अधिकार के साथ खड़े हो, भारत में इस नाम पर मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाना बंद करो, इजरायली जनसंहार पर मोदी सरकार चुप क्यों, प्रेस/मीडिया की आवाज दबाना बंद करो आदि तख्तियों के साथ सैकड़ो लोग नागरिक प्रतिवाद में शामिल हुए.

कार्यक्रम को मुख्य रूप से भाकपा-माले के महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य, सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मंडल के सदस्य अरूण मिश्र, सर्वोदय शर्मा, सीपीआई के गजनफर नबाव, ऐपवा की मीना तिवारी, शशि यादव, सामाजिक कार्यकर्ता अफजल हुसैन आदि ने संबोधित किया. तीन सदस्यों की टीम ने कार्यक्रम का संचालन किया, जिसमें भाकपा-माले के पटना महानगर सचिव अभ्युदय, सीपीआई के जिला सचिव विश्वजीत कुमार तथा सीपीआई (एम) के जिला सचिव मनोज चंद्रवंशी शामिल थे.

माले महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि आज गाजा को दुनिया की सबसे बड़ी खुली जेल में तब्दील कर दिया गया है. बच्चे-बुजुर्ग-महिलाओं पर लगातार बम गिराए जा रहे हैं. न गाजा में पानी है न बिजली है न दवाई. इस तरह की नाकेबंदी का मतलब है - एक बहुत बड़ा जनसंहार. जो होलोकास्ट यहूदियों और अन्य लोगों को हिटलर के समय झेलना पड़ा था, आज वही हाल फिलिस्तीन का है. इजरायल फिलिस्तीन को मिटा देने चाहता है. 

हमारे देश के प्रधानमंत्री मणिपुर पर एक शब्द नहीं बोलते, लेकिन इजरायल पर तुरत ट्वीट करते हैं. लेकिन आज जब पूरी दुनिया में फिलिस्तीन को बचाने की आवाज उठी है, यूनाइटेड नेशन ने इसे जबरदस्त मानवीय संकट कहा है, तब मोदी सरकार ने फिलिस्तीन की ओर से पीठ फेर ली है. भाजपा के लोग प्रचार करते हैं कि मोदी जी ने यूक्रेन का युद्ध बंद करा दिया. इजरायल से दोस्ती का दावा करते हैं. जो भी दोस्ती है, उस प्रभाव का इस्तेमाल करके वे फिलिस्तीन में शांति स्थापित करने का प्रयास क्यों नहीं करते?

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में पत्रकारों पर हमला किया जा रहा है. यह सरकार चाटुकारिता को पत्रकारिता बताती है. चीन तो बहाना है, पत्रकार निशाना है.

सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मंडल सदस्य अरूण मिश्रा ने गाजा पर इजरायली हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि भाजपा, भारत में आतंकी हमलों और हमास के वर्तमान हमलों के बीच फर्जी समानता प्रदर्शित करने की कोशिश कर रही है. मोदी सरकार और भाजपा इस स्थिति का उपयोग भारत में मुस्लिम समुदाय के विरुद्ध घृणा भड़काने के लिए करना चाहते हैं. प्रेस की आजादी पर लगातार हमला हो रहा है.

सीपीआई के गजनफर नबाव ने कहा कि इजराइल के विरुद्ध सैन्य हमले की निंदा का पतन गाज़ा में उत्पीड़ित फिलिस्तीनी लोगों के विरुद्ध इजराइल के जनसंहारक युद्ध का समर्थन करने और उसके सहअपराधी बन जाने के रूप में नहीं होना चाहिए. भारतीय विदेशी नीति को तत्काल युद्धविराम व शांति स्थापित करने के लिए काम करना चाहिए और फिलिस्तीनियों के संप्रभु होमलैण्ड के अधिकार को मान्यता देते हुए राजनीतिक समाधान को संभव बनाने की दिशा में काम करना चाहिए. 

उपर्युक्त नेताओं के अलावा प्रतिवाद सभा को कमलेश शर्मा, कुमार दिव्यम, आसमा खान, सीपीआई के सुनील कुमार, देवरतन प्रसाद, सुशील उमाराज; सीपीआई (एम) के विक्रम सिंह आदि ने संबोधित किया. 

मौके पर भाकपा-माले के राज्य सचिव कुणाल, सीपीआई (एम) के राज्य सचिव ललन चौधरी, सीपीआई के गुलाम सरवर सहित कई लोग उपस्थित थे.

आलोक कुमार

सी.जे धर्म समाज में शानदार 25 साल सेवा कार्य



शाहपुर.बक्सर धर्मप्रांत में शाहपुर पल्ली है.इस पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर बोज्जा बस्कर है.इस पल्ली में कल रविवार के दिन खास है.


सी.जे धर्म समाज में शानदार 25 साल सेवा कार्य करने के बाद सिस्टर नीलू कार्मेल 15 अक्टूबर को जन्म स्थल शाहपुर पल्ली में सिल्वर जुबली मनाने जा रही है.

    सिल्वर जुबली मनाने वाली सिस्टर नीलू कार्मेल के बारे में बताया गया कि भोजपुर जिला,बेहिया प्रखंड, रूद्र नगर का गांव और शाहपुर पल्ली की रहने वाली हैं.उनका पिता का नाम मोतीलाल है.उनकी माता सीसिलिया का निधन हो गया है.आठ भाई-बहन है.सिस्टर नीलू सीजे नामक धर्म समाज में नेपाल क्षेत्र में सेवा कार्य करती हैं.

     शाहपुर पल्ली में जन्म लेने वाली सिस्टर नीलू कार्मेल का 25 वर्षीय समारोही मिस्सा येसु समाजी फादर अल्विन फ्रांसिस करेंगे.मुख्य अनुष्ठाता फादर अल्विन फ्रांसिस ,बक्सर के साथ आरा पल्ली के फादर प्रताप दल्या, बक्सर के पुरोहित फादर सिल्वेनाथन,येसु समाजी मिलकर पवित्र मिस्सा अर्पित करेंगे.

     मिस्सा खत्म होने के बाद सिल्वर जुबली का कार्यक्रम होगा. केक काटकर खाया जाएगा.

आलोक कुमार 

पूर्व मंत्री एवं जमुई के पूर्व विधायक अर्जुन मंडल का निधन

सामाजिक न्याय के योद्धा थे अर्जुन मंडल : डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह 



पटना। पूर्व मंत्री एवं जमुई के पूर्व विधायक अर्जुन मंडल जी का निधन दुःखद। उन्होंने बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। स्व० अर्जुन मंडल जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

        कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार के पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री, अर्जुन मंडल का आज दोपहर में निधन हो गया। बिहार सरकार ने उनकी अंत्येष्ठी पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने की घोषणा की है। उनकी मृत्यु की खबर से कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सदमें में है। 

             बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने उनकी मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। जयपुर से भेजे अपने शोक-संदेश में उन्होंने कहा कि अर्जुन मंडल जी करीब तीन दशक से मेरा राजनीतिक मार्गदर्शक रहे। मुझे याद है जब वे पहली बार 1995 में जमुई से विधायक चुन कर आये थे और मैं छात्र नेता था तब उन्होंने मेरी बहुत हौसला अफजाई की थी। सामाजिक न्याय के लिए सदैव संघर्षशील रहने वाले अर्जुन मंडल जी कभी भी साम्प्रदायिक ताकत से लोहा लेने में पीछे नहीं हटे। मेरे प्रति उनके दिल में खास स्नेह हमेशा बना रहा। उनकी मृत्यु की खबर सुनकर मैं व्यक्तिगत रूप से मर्माहत हूँ। वे केवल मेरे वरिष्ठ नहीं बल्कि अभिभावक थे। 

                शोक व्यक्त करने वाले कांग्रेस नेताओं में शामिल हैं कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता शकील अहमद खान, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव तारिक अनवर, पूर्व बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा, पूर्व मंत्री कृपा नाथ पाठक, नरेन्द्र कुमार, ब्रजेश पाण्डेय, लाल बाबू लाल, निर्मल वर्मा, ब्रजेश प्रसाद मुनन, राजेश राठौड़, आलोक हर्ष, धर्मवीर शुक्ला। 


गुरुवार, 12 अक्टूबर 2023

जिलाधिकारी ने सरथा पंचायत के चैनपुर में शून्य अपशिष्ट पर आधारित अनंतजीत फूड्स के प्लांट का किया अवलोक

  * जिलाधिकारी ने सरथा पंचायत के चैनपुर में शून्य अपशिष्ट पर आधारित अनंतजीत फूड्स के प्लांट का किया अवलोकन





नालंदा। आज हरनौत प्रखण्ड में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने सरथा पंचायत के चैनपुर में अनंतजीत फूड्स के प्लांट का अवलोकन किया। इस प्लांट का वर्त्तमान सालाना टर्नओवर लगभग 6 करोड़ रुपये का है।

इस प्लांट में आम, अनानास, लीची आदि जैसे फलों का जूस  किसी प्रिजर्वेटिव के उपयोग किये बिना तैयार किया जाता है। बिहार सरकार के उद्योग विभाग की योजना के माध्यम से इस उद्योग को ब्याज सब्सिडी सहित अन्य प्रकार का लाभ दिया गया है।

इस उद्यम का संस्थापन सेवानिवृत्त अभियंता श्री मृत्युंजय सिंह  द्वारा किया गया है। इसका संचालन उनकी पुत्री स्मिता सिंह के सहयोग से किया जा रहा है। श्री  मृत्युंजय सिंह द्वारा हॉर्टिकल्चर, मत्स्य पालन, डेयरी आदि के रूप में इंटीग्रेटेड फार्मिंग भी किया जा रहा है।

 जिलाधिकारी ने उनके उद्यम को और वृहद बनाने के लिए उद्योग विभाग एवं अन्य विभागों की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कार्रवाई को कहा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

आलोक कुमार


 

दूसरा जनसंवाद कार्यक्रम नगरनौसा पंचायत में आयोजित

 

नालंदा। नगरनौसा प्रखण्ड में दूसरा जनसंवाद  कार्यक्रम नगरनौसा पंचायत में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यरूप से भूतहाखार,गोरायपुर, कैला, नगरनौसा तथा रामपुर पंचायत के लोग शामिल हुए।

       जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं नगरनौसा प्रखंड में विगत वर्षों में किये गए एवं किये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों के बारे में जानकारी दी।

    लघु वृत्तचित्र के माध्यम से विगत वर्षों में प्रखण्ड में किये गए विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी गई।

   पुलिस अधीक्षक ने डायल 112, साइबर थाना तथा थाना में महिला हेल्प डेस्क के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि कल्याणबीघा पुलिस ओपी को थाना के रूप में स्थापित करने के लिए प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है, जल्द ही यहाँ थाना की स्थापना होगी।

   उप विकास आयुक्त द्वारा ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं के साथ साथ बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम आदि के बारे में जानकारी दी गई।विभिन्न प्रकार की आपदा से संबंधित मुआवजा/अनुग्रह अनुदान के बारे में जानकारी दी गई। आपदा से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में दूरभाष संख्या  06112-233168 पर देने को कहा गया।

       डीपीएम जीविका द्वारा जीविका समूहों के गठन, उनके आर्थिक उन्नयन एवं स्वावलंबन के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत किये जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। जीविका समूह, ग्राम संगठन एवं संकुल के कार्यकलापों के बारे में विस्तार से बताया गया।

        सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा  पेंशन एवं विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी।उन्होंने विभाग द्वारा संचालित शांति कुटिर एवं सेवा कुटिर के बारे में भी बताया।

    कृषि विभाग के पदाधिकारी द्वारा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। जैविक खेती के साथ साथ उर्वरक की उपलब्धता के बारे में भी बताया गया। लोगों को बताया गया कि उर्वरक से संबंधित समस्या के लिए जिला कृषि नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06112-231143 पर जानकारी दी जा सकती है। आकस्मिक फसल योजना के तहत वैकल्पिक फसलों के बारे में जानकारी दी गई।फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में किसानों को जागरूक किया गया।इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट की जानकारी दी गई।

      अपर समाहर्त्ता द्वारा भूमि एवं राजस्व विभाग के माध्यम से दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। ऑनलाइन दी जाने वाली सेवाओं के बारे में बताया गया। बताया गया कि जमीन से संबंधित अभिलेखों को सुरक्षित रखने हेतु सभी अंचल में आधुनिक अभिलेखागार बनाया गया है। भूमि विवाद से संबंधित मामलों को लेकर आवश्यक प्रावधानों एवं किये जा रहे कार्यों के बारे में बताया गया।

   स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रखंड   से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दिया। प्रखंड के सभी पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ देने का अनुरोध किया गया।दिव्यांगजनों की सहायता के लिए काम करने वाले स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता श्री रंजीत कुमार ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं से किस प्रकार लोग लाभान्वित हो रहे हैं, इसपर प्रकाश डाला। प्रखंड में जैविक खेती करने वाले किसान श्री हरिवंश प्रसाद ने जैविक खेती के उत्पादों के विपणन हेतु समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

      इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा, जिला परिवहन पदाधिकारी,विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, उप-प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, स्थानीय मुखिया गण, जीविका दीदियां , स्थानीय लोग आदि उपस्थित थे।


आलोक कुमार

 

जिलाधिकारी ने नगरनौसा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ की बैठक


 * जिलाधिकारी ने नगरनौसा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ की बैठक

* जन संवाद में प्रखंड से संबंधित बताई गई समस्याओं/आवश्यकताओं के आलोक में योजना को लेकर की गई चर्चा, संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को दिया गया आवश्यक दिशा निर्देश

नालंदा। आज नगरनौसा प्रखंड के दामोदरपुर बलधा एवं नगरनौसा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं आम लोगों द्वारा प्रखंड से संबंधित मुख्य समस्याओं/आवश्यकताओं के बारे में बताया गया।

     इन समस्याओं के समाधान तथा अन्य आवश्यकताओं से संबंधित योजनाओं की फिजिबिलिटी को लेकर जिलाधिकारी ने प्रखंड सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक किया। जनसंवाद में संज्ञान में लाए गई आवश्यकताओं को लेकर संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

      बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी हिलसा, विभिन्न संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जन प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


आलोक कुमार

बुधवार, 11 अक्टूबर 2023

कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो को लोयला मैदान में राजकीय सम्मान दिया

रांची.कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो को लोयला मैदान में राजकीय सम्मान दिया गया.इस मैदान में पवित्र मिस्सा आयोजित किया गया.रांची महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो के नेतृत्व में मिस्सा किया गया.इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से करीब 30 बिशप, 500 फादर, रोम से नियुक्त किये गए वाटिकन  एंबेसी के सदस्य भारत में पोप के राजदूत के प्रतिनिधि मोनसिन्योर अलबेरतो नपोलितानो, शामिल हुए.उनके अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ जुटी.सीएम हेमंत सोरेन ने भी यहां आकर कार्डिनल को श्रद्धा सुमन अर्पित किया.

  ख्रीस्तयाग के शुरू में पोप के प्रतिनिधि मोनसिन्योर अलबेरतो नपोलितानो ने कार्डिनल टोप्पो के निधन पर रांची की कलीसिया को पोप फ्रांसिस एवं वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन के संवेदना संदेश को पढ़कर सुनाया.उसके बाद कार्डिनल टोप्पो की जीवनी पढ़ी गई.

       कैथोलिक ईसाइयों के बड़े धर्मगुरु कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का लंबी बीमारी के बाद 4 अक्टूबर को लीवंस हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में निधन हो गया था.सेंटर में ही 10 अक्टूबर तक रखा गया.वहां पर प्रार्थना करने के बाद कार्डिनल टीपी टोप्पो का पार्थिव शरीर 10 अक्टूबर को विदा किया गया.इसके बाद उन्हें रांची के पुरुलिया रोड स्थित संत मेरीज महागिरिजाघर में लाया गया.जहां लोग अपने प्रिय कार्डिनल का दर्शन किये और पुष्पांजलि अर्पित किये.08 बजे रात में महागिरजाघर का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया.फिर 11 अक्टूबर को सुबह 06 बजे से लेकर 12 बजे तक लोग दर्शन कर किये और श्रद्धा सुमन अर्पित किये.राज्य के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन भी दर्शन किये और श्रद्धा सुमन निवेदित किये.

 इसके बाद कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का पार्थिव शरीर को लोयला मैदान में लाया गया.यहां पर आज यानी 11 अक्टूबर को राजकीय सम्मान दिया गया.इस मैदान में पवित्र मिस्सा आयोजित किया गया.रांची महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो के नेतृत्व में मिस्सा किया गया.सीएम हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनके अंतिम दर्शन को सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.मिस्सा के अंत में रांची महाधर्मप्रांत के सहायक  धर्माध्यक्ष थियोडोर मैस्करेनहास, (एसएफएक्स) ने धन्यवाद दिया.जिन्होंने महामहिम कार्डिनर को आजीवन मदद पहुंचाते रहे हैं.

   लोयला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का संचालन करने वाले ने कहा कि यहां के कार्यक्रम खत्म होने के बाद लाइन बनाकर सबसे पहले कूसधारी लोग चलेंगे.इसके बाद मोमबत्तीधारी चलेंगे.इसके बाद कार्डिनल का पार्थिव शरीर वाला रथ.इसके पीछे बिशप, पुरोहित, गायक मंडली, धर्मबंधु, सिस्टर,विशिष्ट प्रतिनिधि और भाई-बहन चलेंगे.संत मेरीज महागिरजाघर में जगहाभाव होने के कारण बाहर में रहकर प्रार्थना करते रहे.

   एमेरिटस कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो का अंतिम संस्कार करने के लिए पार्थिव शरीर संत मेरीज महागिरजाघर में रखा गया.यहां पर आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने प्रार्थना किये और पवित्र जल का छिड़काव पार्थिव शरीर पर और नवनिर्मित कब्र पर किया.इसके बाद पार्थिव शरीर को नवनिर्मित कब्र में दफन के लिए उतारा गया.पार्थिव शरीर को कब्र में रखने के बाद मिट्टी के बदले फूल डाले गए.संत टेरेसा की प्रतिमा के समक्ष ही कब्र निर्माण किया गया है. इसी जगह कब्र में दफन करने को कार्डिनल ने कह चुके थे. 

  एमेरिटस कार्डिनल तेलेस्फोर प्लासीडस टोप्पो का जन्म 15 अक्टूबर 1939 को हुआ.उनका पुरोहित अभिषेक 3 मई 1969 को हुआ.दुमका धर्मप्रांत के बिशप 8 जून 1978 को नियुक्त हुए. गुमला के चैनपुर में एक आदिवासी परिवार में जन्मे कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो बचपन से ही धार्मिक प्रवृत्ति थे. एशिया के वह पहले महापुरुष थे जिन्हें कार्डिनल की उपाधि मिली थी.अब यह सवाल उठ रहा है कि दिवंगत कार्डिनल के बाद रांची महाधर्मप्रांत अथव पटना महाधर्मप्रांत के कौन बिशप कार्डिनल बनेंगे.इसी तरह कार्डिनल को ‘संत‘घोषित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी! 

  रांची के लोयला मैदान में   आयोजित श्रद्धांजलि सभा में करीब 30 हजार लोग जुटे. पिछले पांच दिनों में करीब एक लाख लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, सांसद महुआ माजी, राज्य के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, विधायक नेहा तिर्की, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए.पटना महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप सेबेस्टियन कल्लूपुरा,फादर एलेक्स वी,फादर अमल राज, फादर कुलदीप, बक्सर धर्मप्रांत के शाहपुर पल्ली के फादर बोज्जा बस्कर भी शामिल थे.

आलोक कुमार

यूक्रेन की एक महिला के बाद जर्मनी से आये 11 महिलाओं सहित 12 विदेशी श्रद्धालुओं ने एक पखवाड़े तक चलने वाले पितृपक्ष

 


गया। आजकल विदेशी महिलाओं के द्वारा पिंडदान और तर्पण कर्मकांड को लेकर चर्चाओं की दौर जारी है। इसमें यूक्रेन की एक महिला के बाद जर्मनी से आये 11 महिलाओं सहित 12 विदेशी श्रद्धालुओं ने एक पखवाड़े तक चलने वाले पितृपक्ष के 13वें दिन बुधवार की सुबह विष्णुपद मंदिर के पास देव घाट पर पिंडदान और तर्पण कर्मकांड किया।

        जर्मन भक्तों ने मुख्य रूप से अपने पति और यहां तक कि बेटे सहित परिवार के सदस्यों की दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए तर्पण अनुष्ठान किया है। यूक्रेन की महिला ने शनिवार (7 अक्टूबर) को रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में मारे गए सैनिकों और आम लोगों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया था।

            बुधवार को रूस और यूरोपीय देशों के भारतीय संस्कृति की पारंपरिक पोशाक साड़ी पहने जर्मन महिलाएं नतालिया, स्वेतलाना, ऑक्साना, शासा, इरिना, मार्गेरिटा और ग्रिचकेविच  धोती पहने एकमात्र पुरुष केविन ने सक्रिय हिंदू जागरण समिति के प्रचारक लोकनाथ गौड़ दास के नेतृत्व में अनुष्ठान किया।

      गौड ने कहा, “महिलाओं में पुरुषों की तुलना में आध्यात्मिकता में अधिक आस्था और विश्वास होता है। जर्मन महिलाओं में से एक वैलेंटाइन इसका उदाहरण है। जब उनके पति ने रुचि नहीं दिखाई, तो उन्होंने अपने बेटे के लिए अनुष्ठान करने के लिए गया आने का फैसला किया, जो किशोरावस्था में ही चला गया था।

ज़िला पदाधिकारी गया डॉ० त्यागराजन एसएम ने कहा, “विदेशी श्रद्धालुओं के लिए देव घाट पर पर्याप्त महिला दंडाधिकारी एव महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। उन्होंने चल रहे पितृपक्ष के दौरान ज़िला प्रशासन द्वारा किये विभिन्न व्यवस्थाओ यथा साफ सफाई, मेडिकल फेसिलिटी, गर्व गृह में बिना रोक टोक दर्शन, अलग अलग स्थान पर पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की प्रशंसा की।

   जर्मन श्रद्धालुओं ने भी फल्गु नदी में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा, ‘हमने पढ़ा था कि फल्गु एक भूमिगत नदी है, जो बरसात के मौसम को छोड़कर सूखी रहती है। उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह एक अच्छी पहल है। गया जी डैम बनाकर श्रद्धालुओं की इतनी बड़ी भीड़ के लिए पानी की व्यवस्था की गई। डैम में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन आभारी है।‘सभी विदेशी श्रद्धालुओं ने आज देवघाट पर तर्पण कर काफी खुशी प्रकट किया है। 

   विदित हो कि इस पितृपक्ष मेला में अब तक 35 से ऊपर विदेशी श्रद्धालुओं ने तर्पण कर्मकांड किया है

आलोक कुमार

मंगलवार, 10 अक्टूबर 2023

आज सम्पन्न मंत्रिपरिषद् की बैठक में कुल 14 एजेंडों पर निर्णय

मंत्रिपरिषद के निर्णय 

पटना । आज सम्पन्न मंत्रिपरिषद् की बैठक में कुल 14 ( चौदह ) एजेंडों पर निर्णय लिए गए। इस सन्दर्भ में मंत्रिपरिषद् की बैठक के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव, डॉ० एस० सिद्धार्थ ने सूचना भवन के प्रथम तल स्थित सभा कक्ष में प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अन्तर्गत बिहार राजस्व कर्मचारी संवर्ग (संशोधन) नियमावली- 2023 के गठन की स्वीकृति दी गई। 

    ज्ञातव्य है कि नियमावली में चार घटक जोड़े गए हैं। तदनुसार कर्मियों की कम्प्यूटर दक्षता, हिन्दी टिप्पण/प्रारूपण, विभागीय परीक्षा तथा अनुकम्पा नियुक्ति के प्रावधान जोड़े गए हैं। वित्त विभाग के अन्तर्गत चुनाव कर्मी / सुरक्षा कर्मी के निर्वाचन कार्य के दौरान मृत्यु या स्थायी अपंगता की स्थिति में देय अनुग्रह अनुदान की स्वीकृति दी गई। प्राप्त सूचनानुसार पूर्व से निर्गत इस आदेश में राष्ट्रपति तथा उपराष्ट्रपति के निर्वाचन के दौरान भी आदेश प्रभावी होगा, इसे जोड़ा गया है। 

    स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय अधिनियम, 2021 की धारा - 29 (1) में निहित प्रावधान के आलोक में बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के प्रथम परिनियम की स्वीकृति दी गई। सहकारिता विभाग के अन्तर्गत राज्य में अधिप्राप्ति कार्य में संलग्न सहकारी संस्थाओं पैक्स/व्यापार मंडलों को CMR (चावल) की आपूर्ति के आधार पर पूर्व से देय प्रबंधकीय अनुदान की राशि को खरीफ विपणन मौसम, 2022-23 से रू० 10 / - प्रति क्विंटल से बढ़ाकर प्रोत्साहन स्वरूप 30 जून तक शत प्रतिशत आपूर्ति करने पर रु० 30 / - प्रति क्विंटल, 31 जुलाई तक शत प्रतिशत आपूर्ति करने पर रू० 25 / - प्रति क्विंटल एवं उसके बाद शत प्रतिशत CMR (चावल) आपूर्ति करने पर रु० 20 / - प्रति क्विंटल की दर से प्रबंधकीय अनुदान की राशि की भुगतान की स्वीकृति दी गई। गृह विभाग (कारा) के अन्तर्गत कारा चिकित्सा सेवा को सुदृढ़ बनाने एवं मानसिक रोग से ग्रसित बंदियों के विशेष चिकित्सा सुविधा राज्य के सभी 08 केन्द्रीय काराओं में एक-एक नैदानिक मनोचिकित्सक (Clinical Psychologist ) (संविदा आधारित) का पद सृजित करने की स्वीकृति दी गई। 

           विदित हो कि उन 08 (आठ) केंद्रीय काराओं की सूची निम्नवत् है:- 1. आदर्श केंद्रीय कारा बेऊर, पटना, 2. केंद्रीय कारा गया, 3. केंद्रीय कारा बक्सर, 4. केंद्रीय कारा पूर्णिया, 5. केंद्रीय कारा मोतिहारी, 6. केंद्रीय कारा भागलपुर, 7. विशेष केंद्रीय कारा भागलपुर, 8. खुदीराम बोस केंद्रीय कारा मुजफ्फरपुर । राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अन्तर्गत जल संसाधन विभाग के कुल 07 सिंचाई अंचल पदाधिकारियों का बिहार राजस्व सेवा के मूल कोटि के पद - राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड में सेवा समायोजन की स्वीकृति दी गई।

    सामान्य प्रशासन विभाग के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में बिहार प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (बिपार्ड) गया के निर्माण के लिए मौजा- कोसडिहरा थाना नं० - 330, अंचल - नगर (चन्दौती), रकवा - 10.36 एकड़ रैयतों की भूमि के मुआवजा भुगतान हेतु पूर्व में स्वीकृत राशि ₹10,27,00,000/- ( दस करोड़ सताईस लाख रुपये) मात्र के विरूद्ध पुनरीक्षित राशि कुल ₹54,11,46,571/– (चौवन करोड़ ग्यारह लाख छियालीस हजार पाँच सौ इकहत्तर रूपये) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। 

          स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत CWJC No.- 15060/2008 तथा CWJC No.- 11248/2008 में दिनांक - 21.09.2017 को पारित समेकित आदेश के अनुपालन में वादी स्व० डा० निकहत रिजवी एवं डा० अब्दुल हनान, जो 60 वर्ष की आयु में वार्धक्य सेवानिवृत्त हो चुके है, को 62 वर्ष की आयु तक सेवा में मानते हुए तदनुसार वेतनादि एवं सेवांत लाभ का भुगतान LPA No.-24/2019 में पारित होने वाले आदेश से प्रभावित होने एवं यथावश्यक भुगतान की गई राशि संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी से वसूलनीय होने की शर्त पर करने हेतु निर्गत स्वीकृत्यादेश संख्या - 846 (आ० चि०) दिनांक-29.08.2023 पर घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।

          राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अन्तर्गत बिहार वित्त सेवा गृह निर्माण सहयोग समिति लिमिटेड, पटना को पटना जिलान्तर्गत पटना सदर अंचल के मौजा-धीराचक, थाना सं०-16 के विभिन्न खाता एवं खेसरा की कुल रकबा - 11.86 एकड़ भवन निर्माण विभाग के स्वामित्व की भूमि अवमाननावाद (सिविल) संख्या - 123/2011 में माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा पारित आदेश दिनांक- 10.04.2013 के अनुपालन में अनियतकालीन लीज (Perpetual Lease) पर बन्दोबस्त भू–खण्ड के कतिपय खेसरा का सर्वे नक्शा से रकबा एवं खतियानी रकबा में भिन्नता होने के फलस्वरूप वास्तविक रूप में 11.86 एकड़ के बजाय 12.02 एकड़ आवंटित हो जाने एवं अंश भाग पर भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता का कार्यालय स्थित होने के कारण उक्त बन्दोबस्ती सम्बन्धी राजस्व एवं भूमि सुधार विभागीय स्वीकृत्यादेश पत्रांक- 621 ( 6 ) / रा०, दिनांक - 23.07.2014 (परिशिष्ट-I) की भूमि विवरण को संशोधित (परिशिष्ट-II) करने की स्वीकृति दी गई । 

      राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के ही तहत श्री राकेश कुमार, तत्कालीन अंचल अधिकारी, राजपुर, बक्सर सम्प्रति पदस्थापन की प्रतीक्षा में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियमावली - 2005 के नियम - 14 (XI ) के तहत सरकारी सेवा से बर्खास्तगी, जो सामान्यतः सरकार के अधीन भविष्य में नियोजन के लिए निरर्हता होगी, का दंड अधिरोपित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत श्री गजेन्द्र कुमार मिश्रा, भा० प्र० से० ( बी०एच० 2010), संयुक्त सचिव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के उनकी सेवानिवृति की तिथि 31.10.2023 के उपरान्त उसी पद के विरूद्ध संविदा पर अगले दो ( 02 ) वर्षों या नियमित पदस्थापन होने तक के लिए, जो पहले हो, नियोजन की स्वीकृति दी गई। 

             मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग (सिविल विमानन निदेशालय) के अन्तर्गत कै० शिव प्रकाश, मुख्य उड्डयन प्रशिक्षक, सिविल विमानन निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि 31.10.2023 के पश्चात् उसी पद के विरूद्ध संविदा के आधार पर अगले 01 (एक) वर्ष या नियमित पदस्थापन / नियोजन होने ( जो पहले हो) तक के लिए नियोजन किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। 

       मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के ही तहत श्री कृष्ण कुमार यादव, तत्कालीन अधीक्षक, राजकीय अतिथिशाला, पटना सम्प्रति सेवानिवृत्त (से० नि० तिथि – 28.02.2015) को केन्द्रीय श्रम सेवा के अनुरूप केन्द्रीय वेतनमान का लाभ दिये जाने की स्वीकृति दी गई। निर्वाचन विभाग के अन्तर्गत लोक सभा आम निर्वाचन 2024 की तैयारी के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से प्राप्त निर्वाचन संचालन से संबंधित पुस्तकों के मुद्रण के लिए पश्चिम बंगाल, राज्य सरकार के उपक्रम मेसर्स सरस्वती प्रेस लिमिटेड, 11 बी०टी० रोड, कोलकाता - 700056 को बिहार वित्त (संशोधन) नियमावली के नियम - 131 ज्ञ (ड़) के तहत नामांकन के आधार पर प्राधिकृत करने की स्वीकृति दी गई ।


आलोक कुमार

दलितों को राजनीति के केन्द्र में लाने का काम कांग्रेस का: डा0 अखिलेश


 दलितों को राजनीति के केन्द्र में लाने का काम कांग्रेस का: डा0 अखिलेश

 पटना । वोट बैंक पाॅलिटिक्स की मजबूरी में आज भले ही सारे राजनीतिक दल दलित प्रेम का राग अलाप रहा हो लेकिन दलितों को देश की राजनीति के केन्द्र में लाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया। यही कारण है कि देश के जो भी महान दलित नेता हुए वे कांग्रेस से हुए। चाहे वे बी0आर0 अम्बेडकर हों, बाबू जगजीवन राम हों या अभी के दौर में मल्लिकार्जुन खड़गे और मीरा कुमार। ये बातें बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने कही। वे प्रदेश कांग्रेस की अनुसूचित जाति विभाग की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा और नसीहत भी दी कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे पूरी शिद्दत से निभाइए और हर जिले से पांच सौ दलित परिवारों की सूची बनाकर उनकी समस्याओं के बारे में प्रदेश नेतृत्व को बताएं ताकि हम उसके निराकरण के लिए गठबंधन की अपनी राज्य सरकार से सिफारिश करें।

कांग्रेस लगातार अपनी खोई जमीन को प्राप्त करने की कामयाब कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में बिहार कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने प्रदेश में नई कमिटी गठित की है जिसके अन्तर्गत 10 उपाध्यक्ष और 16 राज्य समन्वयक के अलावा 34 जिलों में नये अध्यक्षों की तैनाती की गयी है। प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष व विधायक राजेश कुमार ने बताया कि एक महीने की सलाह मशविरा के बाद राज्य स्तर पर संगठन का पुनर्गठन कर इस नई ताकत देने की कोशिश की गई है जिसमें उनका ध्यान रखा गया है कि दलित समुदाय के सभी वर्गों का समुचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि 534 प्रखंडों के अध्यक्ष एवं प्रभारी की नियुक्ति भी इस माह के अंत तक कर दी जाएगी।  

इस अवसर पर संविधान रक्षक बार कोड भी जारी करने की बात कही गयी जिसके तहत सेव संविधान अभियान चलाया जाएगा।

आज की बैठक में प्रदेश कांग्रेस की ओर से जिन नेताओं ने भाग लिया उनमें विजय शंकर दूबे, लाल बाबू लाल, कपिलदेव प्रसाद यादव, उमेश कुमार राम, विश्वनाथ बैठा, रंजीत कुमार, राहुल पासवान, दयानंद, अर्जुन पासवान, राजू राम, मोती लाल राम, सत्यनारायण चैपाल, साधना रजक, ममता देवी।  


 आलोक कुमार

बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए तत्पर

          शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए  Patna Women’s College (स्वायत्त) ...