🔴 ताजा खबर
खबरें लोड हो रही हैं...

सत्ता से बेदखली के बाद बौखलाई भाजपा की भी हो सकती है साजिश, इसकी भी जांच हो

 * बेगूसराय घटना की उच्चस्तरीय जांच कराए सरकार, घायलों का सरकारी खर्च पर इलाज कराए

* सत्ता से बेदखली के बाद बौखलाई भाजपा की भी हो सकती है साजिश, इसकी भी जांच हो



पटना. भाकपा-माले राज्य सचिव कुणाल ने बेगूसराय जिले में अपराधियों द्वारा 10 लोगों को सरेआम गोली मारने, जिसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है, की घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने घटना के चरित्र को देखते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

यह भी कहा कि जांच में भाजपाई साजिश के भी बिंदुओं की जांच होनी चाहिए क्योंकि बिहार की सत्ता से बेदखली के बाद भाजपा पूरी तरह बौखलाई हुई है और इस बात से कत्तई इंकार नहीं किया जा सकता कि ऐसी कार्रवाइयां उसकी साजिश का भी नतीजा हो सकती हैं. अभी हाल में बिहार में गरीबों की झोपड़ियां उजाड़ने की जितनी कार्रवाइयां हुई हैं, उसमें भाजपा किसी न किसी रूप में शामिल पाई गई है. सिवान के बड़हरिया में भी सांप्रदायिक उन्माद फैलाने में वह शामिल थी.

उधर, गोलीबारी की घटना में घायलों से मिलने माले के बेगूसराय जिला सचिव दिवाकर प्रसाद, आरवाइए के राष्ट्रीय महासचिव नीरज कुमार, पार्टी नेता नवल किशोर, किसान नेता बैजू सिंह, पार्टी नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव आदि बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे. नेताओं ने इलाज करा रहे जीतो पासवान व गौतम कुमार पाठक से मुलाकात की. दस में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है. दो लोग बेगूसराय सदर अस्पताल में, चार प्राइवेट नर्सिंग होम में और बाकी तीन को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है.

भाकपा-माले सभी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, घायलों का सरकारी इलाज पर समुचित इलाज व 5-5 लाख रुपया तथा मृतक परिजन के लिए 20 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग करती है.

आलोक कुमार


 

ब अपने दूसरे कार्यकाल में योगी जी उस स्क्वाड का नाम भी नहीं लेते:राष्ट्रीय महासचिव

 


पटना.बिहार भाजपा के  राज्य अध्यक्ष द्वारा बिहार में एंटी रोमियो स्क्वायड बनाने की मांग का ऐपवा ने विरोध किया है.भाजपा द्वारा बिहार में एंटी रोमियो स्क्वायड बनाने की मांग का विरोध करते हुए ऐपवा की राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी ने कहा है कि जायसवाल जी को पता होना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में अपने पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंटी रोमियो स्क्वायड बनाया था लेकिन यह महिलाओं के उत्पीड़न का ही स्क्वायड बन गया था जिसकी भारी आलोचना हुई और अब अपने दूसरे कार्यकाल में योगी जी उस स्क्वाड का नाम भी नहीं लेते.

 मीना तिवारी ने कहा कि बिहार में महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी है कि वर्तमान पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया जाए. साथ ही ऐसे अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलना बंद हो और समाज में  महिला विरोधी मानसिकता को बदलने के लिए माहौल बनाया जाए. लेकिन यह काम भाजपा से नहीं होने वाला है. भाजपा द्वारा ऐसे अपराधियों को संरक्षण मिलता रहा है. बिहार की महिलाएं भूली नहीं हैं कि अपने विधायक बलात्कारी राजकिशोर केसरी का भाजपा ने महिमामंडन किया था. बलात्कारी आसाराम बापू और रामरहीम का इनके राष्ट्रीय नेता न केवल पैर छूते रहे हैं बल्कि उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास करते रहे हैं.

 बिहार में 2020 से भाजपा सरकार में थी लेकिन दो वर्षो में यहां महिला आयोग का पुनर्गठन करने की कोशिश नहीं की गई और आयोग के अध्यक्ष का पद रिक्त रहा. महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध को रोकने के लिए जरूरी है कि महिलाओं के संविधान प्रदत्त अधिकारों का सम्मान किया जाए इसलिए मनुस्मृति के अनुसार देश चलाने की मंशा रखने वाले भाजपा  आरएसएस के लोगों द्वारा महिलाओं के सम्मान और अधिकार की बात हास्यास्पद है.

 बता दें, उत्तर प्रदेश में इस समय सीएम योगी के निर्देश पर पुलिस जगह-जगह एंटी रोमियो अभियान चला कर छेड़छाड़ करने वाले मनचलों पर शिकंजा कस रही है. इस अभियान के तहत एंटी रोमियो दस्ते की महिला सिपाही सादे कपड़ों में घूमकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मनचलों की पहचान करके उन पर एक्शन लेती हैं.

 आलोक कुमार


छात्रों को हिंदी भाषा के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए वाक प्रतियोगिता

  


पटना.संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, पटना में हिंदी दिवस के अवसर पर वाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. वाक प्रतियोगिता का विषय था. “समृद्ध भारत, सफल भारत”. इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों बीबीए, बीसीए, बीबीए (इंटरनेशनल बिजनेस), बीएजेएमसी और बीसीपी के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. 

प्रतियोगिता में अनिशा भारती (बीसीपी 2) और स्वाति मिश्रा (बीएजेएमसी 2) ने प्रथम मनन चंद्रा (बीएजेएमसी 2) ने दूसरा और प्रीति कुमारी (बीसीए 3) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.


निर्णायक कमिटी में फादर पुलीकल एसजे और डॉ. माला कुमारी उपाध्याय, डीन एकेडमिक थे. कार्यक्रम का संचालन बीएजेएमसी द्वितीय वर्ष की छात्रा उपासना ने किया. बीएजेएमसी तृतीय वर्ष के छात्र विकास ने राष्ट्रकवि दिनकर जी की रचना रश्मिरथी से उद्धत काव्य-पाठ किया. बीबीई की प्रांजल प्रिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य फादर डॉ. मार्टिन पोरस एसजे ने प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा करते हुए छात्रों को हिंदी भाषा के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया. वाक प्रतियोगिता का

आयोजन कॉलेज की एकेडमिक एक्टिविटी कमिटी के सदस्यों द्वारा डॉ. कल्पना कुमारी की अध्यक्षता और फादर डॉ. शेरी जॉर्ज एसजे के निर्देशन में किया गया. प्रतियोगिता में तृतीय वर्ष के छात्र, शिक्षकगण और कॉलेज के प्राचार्य और उप-प्राचार्य उपस्थित थे.

आलोक कुमार

Jharkhand : खूंटी में आखिर चल क्या रहा है?

खूंटी में आखिर चल क्या रहा है? अमन-चैन पर मंडराता खतरा खूंटी में एक के बाद एक सामने आ रही हिंसक घटनाएं और उनके विरोध में हो रहे प्रदर्शन कई ...