✦ Latest News Loading...

रविवार, 25 फ़रवरी 2024

कांग्रेस के संगठन के मजबूती पर चर्चा

 कांग्रेस पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा विभाग की प्रदेश कार्यकारणी की बैठक संपन्न

पटना.कांग्रेस पिछड़ा एवं अति पिछड़ा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनुराग चंदन जी ने सदाकत आश्रम पटना में प्रदेश के सभी पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्षों के साथ बैठक किया. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी श्री अरुण यादव शामिल हुए. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी डॉ गौतम कुमार ने किया. प्रभारी श्री यादव ने लोकसभा एवं विधानसभा के चुनावों पर चर्चा किया.प्रदेश अध्यक्ष श्री अनुराग जी ने कांग्रेस के संगठन के मजबूती पर चर्चा किया.

      वही डॉ गौतम कुमार ने 3 मार्च को गांधी मैदान में होने वाले महागठबंधन में शामिल होकर सफल बनाने के लिए दिशा निर्देश दिया.पटना महानगर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष शशि रंजन ने मांग किया कि बिहार विधान परिषद के होने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी से किसी पिछड़ा एवं अति पिछड़ा को उम्मीदवार बनाया जाय.

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रवि गोल्डन , पटना महानगर अध्यक्ष शशि यादव, राजीव मेहता, डॉ मनोज कुमार राजेश रंजन, मुद्रिका यादव, आलोक रंजन, शंभू यादव, भास्कर यादव,नदीम अंसारी, संतोष सौरव, राजनन्दन कुमार, रामप्रीत रॉय, प्रतिमा देवी, भानु यादव, मुकेश कुमार, संजय कुमार, डॉ पंकज कुमार, संजय कुमार, प्रभा सिंह यादव, आदि लोग उपस्थित हुए.


आलोक कुमार

शनिवार, 24 फ़रवरी 2024

जेवियर्स यूथ पार्लियामेंटः युवाओं के बीच नागरिक जुड़ाव और नेतृत्व को बढ़ावा देना

पटना के जेवियर डिबेट क्लब ने 24 फरवरी को बहुप्रतीक्षित ‘जेवियर्स यूथ पार्लियामेंट‘ की मेजबानी की


पटना।  सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, पटना के जेवियर डिबेट क्लब ने 24 फरवरी, 2024 को बहुप्रतीक्षित ‘जेवियर्स यूथ पार्लियामेंट‘ की मेजबानी की। दिन भर चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत सम्मानित उद्घाटन भाषण के साथ हुई। डिबेट क्लब के मार्गदर्शक देने वाले फादर डॉ. शेरी जॉर्ज, एसजे द्वारा के सभी भाग लेने वाले सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं दीं। वहीं फादर ने एक दिन की उत्साही बहस और रचनात्मक बातचीत के लिए माहौल तैयार करते हुए कहा, ‘हमारा राष्ट्र विविधता, धर्मनिरपेक्षता और एकता के प्रतीक के रूप में खड़ा है।‘ ‘भाईचारा, मूल्य जो सिर्फ आदर्श नहीं हैं बल्कि हमारे लोकतांत्रिक ताने-बाने की नींव हैं।‘

जेवियर्स यूथ पार्लियामेंट ने पटना वीमेंस कॉलेज, वाणिज्य महाविद्यालय, पटना कॉलेज और सेंट कैरेंस कॉलेजिएट स्कूल सहित विभिन्न संस्थानों के छात्रों के लिए विभिन्न राजनीतिक संस्थाओं की भूमिका निभाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने के लिए एक मंच के रूप में कार्य किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संसदीय प्रक्रियाओं, आलोचनात्मक सोच और सार्वजनिक बोलने के कौशल की गहरी समझ पैदा करना, उन्हें कल के सूचित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

यह कार्यक्रम लोकसभा और राज्यसभा दोनों के कामकाज का अनुसरण करते हुए दो समानांतर सत्रों के साथ शुरू हुआ। प्रतिभागियों ने व्यापक राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की, जीवंत चर्चाओं में भाग लिया, समाधान प्रस्तावित किए और अपनी बातचीत क्षमताओं को निखारा। प्रत्येक सत्र में युवा प्रतिनिधियों द्वारा प्रदर्शित उत्साही भागीदारी और अनुकरणीय टीम वर्क की विशेषता थी, जो नागरिक सहभागिता और नेतृत्व विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पूरे दिन, प्रतिभागियों ने अपने अनुसंधान कौशल और


विश्लेषणात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए, विविध सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर सराहनीय ज्ञान और जागरूकता का प्रदर्शन किया। आर्थिक सुधारों पर विचार-विमर्श से लेकर पर्यावरणीय स्थिरता और सामाजिक न्याय को संबोधित करने तक, बहसों में समकालीन राष्ट्रीय चिंताओं को प्रतिबिंबित करने वाले विषयों का एक व्यापक स्पेक्ट्रम शामिल था।

जेवियर्स यूथ पार्लियामेंट ने न केवल बौद्धिक आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान किया, बल्कि विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि और संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच सौहार्द और आपसी सम्मान को भी बढ़ावा दिया। सहयोगात्मक वातावरण ने अंतर-विषयक शिक्षा की सुविधा प्रदान की और प्रतिभागियों को विविध दृष्टिकोणों की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे उनका समग्र शैक्षिक अनुभव समृद्ध हुआ।

सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के उप-प्रिंसिपल फादर डॉ. सुशील बिलुंग, एसजे ने कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके समर्पण और उत्साह के लिए सभी प्रतिभागियों, संकाय सलाहकारों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवा नेताओं के पोषण में ऐसी पहल के महत्व पर जोर दिया जो समाज में सार्थक योगदान देने और लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए सुसज्जित हैं।

समापन समारोह में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्रों द्वारा जीवंत बिहारी लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। जैसे ही जेवियर्स यूथ पार्लियामेंट का समापन होने वाला था, प्रतिभागी नई अंतर्दृष्टि, मित्रता और नागरिक जिम्मेदारी की एक नई भावना के साथ चले गए। यह कार्यक्रम हमारे राष्ट्र के लिए एक उज्जवल भविष्य को आकार देने में युवाओं की भागीदारी और सहयोग की शक्ति का प्रमाण है।

आलोक कुमार


जलवायु न्याय, नदी और समाज विषय पर तीन दिनों तक व्यापक चर्चा


विश्व सामाजिक मंच में पहली बार भागीदारी

सुपौल। कोसी नवनिर्माण मंच के भेजे गए मेल पर जन संगठनों के लिए 16, 17 और 18 फरवरी को तीन दिनों का सत्र निःशुल्क आयोजित करने का अवसर आयोजन समिति के द्वारा दिया गया। इसके लिए कोसी नवनिर्माण मंच आभार व्यक्त किया।

    जलवायु न्याय, नदी और समाज विषय पर तीन दिनों तक व्यापक चर्चा हुआ और चैथे दिन एक संयुक्त स्टेटमेंट जारी हुई। इसके लिए भी समापन में अलग से टेबल मिला। सभी लोगों के मिलकर तय किया कि हमलोग पीपल्स डायलॉग लगातार भारत नेपाल के बीच आयोजित करेंगे और आगे इसे अन्य संबंधित नदियों के लोगों के साथ जोड़ते जायेंगे।

इन चर्चाओं में अजय दीक्षित, सौम्या दत्ता, प्रफुल्ल सामंत्रा, डॉ. सुनीलम जी जैसे वरिष्ठ लोगों की भागीदारी इसे शानदार  बना दी। नेपाल के कोसी नदी पर कार्यरत देवनारायण यादव, काली गंडक नेपाल के आर.के. आदित्य  और विजय जी, कर्नाली नदी नेपाल की तरफ से मेघ आले, गंडक नदी नेपाल की स्थिति पर उत्तम जी, नारायणी पर ही किशन शर्मा जी, 7 देशों की नदियों के किनारे साइकिल यात्रा कर चुके दीपक ने बाते रखी तो। भारत में पश्चिम बंगाल के नदी बचाओ जीवन बचाओ आंदोलन की तरफ प्रो अमित्व सेन गुप्ता, गंगा मुक्ति आंदोलन भागलपुर बिहार से उदय जी, लखनदेई नदी, अधवारा और बागमती की स्थिति  पर बिहार के  सीतामढ़ी के प्रो आनंद किशोर जी, पंजाब से सुखदेव सिंह जी, मध्य प्रदेश से अनिल जी यमुना सहित नदियों के रिवर फ्रंट पर कार्यरत राजेंद्र रवि और ममता जी कोशी पर मैने बात रखी, गंगा वाराणसी की स्थिति पर सुरेश राठौर जी ने बात रखी।  हिमाचल, उत्तराखंड सहित हिमालय की नदियों की स्थिति पर कार्य करने वाली मानसी जी और नेपाल के सोमन जी ने संचालन किया।

कोसी के दोनो देशों के लोगों के साथ साझा संवाद शुरू करने की उम्मीद से शुरू इस कार्यक्रम में भारत नेपाल के अनेक नदियों पर कार्यरत लोगों का साथ आना सुखद संदेश देता है तो इको सोसलिस्ट के लिए शोधकर्ता  लैटिन अमेरिकी देशों से होते श्रीलंका में कार्यरत मूल के USA मूल के Quincy Saul,  पीपुल्स कोएलिशन फॉर द राइट टू वाटर इंडोनेशिया के मोहम्मद रेजा, थाईलैंड और फ्रांस के नदियों पर शोध कर रहे लोग भी इस मीटिंग में आए और बात चीत रखे।

पूरे आयोजन में डिगो विकास इंस्टिट्यूट काठमांडू के शैल श्रेष्ठ जी और उषा तितिक्षु जी और कोसी पर शोध कर रहे हमारे साथी आरिफ निजाम जी की मेहनत के बल पर आयोजित हो पाया। कोशी के युवा साथी जयप्रकाश ने भी मेहनत की, सुनील भाई और महेंद्र राठौर ने गीत गाए। राहुल यादुका भाई रहते तो निश्चित यह आयोजन और बेहतर होता। मेधा पाटकर ताई कम समय में भले सत्र में नहीं आ पाई पर कार्यक्रम के अप्रत्यक्ष रूप से भागीदार थी स उनके नर्मदा बचाओ आंदोलन के साथी आए।  अलग अलग नदियों के सैकड़ो लोगों की भागीदारी रही इसके लिए सभी का आभार। कोशिश रहेगी कि पीपल्स डायलॉग को बढ़ाया जाए।

            WSF के आयोजन, तौर तरीको, भागीदारी पर आलोचना बहस होती रहेगी और होती रहनी चाहिए पर हमलोग इस मंच पर जाकर जलवायु न्याय नदी और समाज विषय पर कुछ नए साथियों के साथ साझा संवाद कायम कर पाए यह भी कम  नहीं है। ऊपर से 92 देशों के लोगों के साथ बात करना भी हुआ।

आलोक कुमार

शुक्रवार, 23 फ़रवरी 2024

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर एवं बैलून उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री ने 'डेस्टिनेशन बिहार - एक्सपो 2024' का किया उद्घाटन, विभिन्न स्टॉलों का किया निरीक्षण

पटना।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार इंडस्ट्री एसोसिएशन तथा द कनफेडरेशन ऑफ रियल स्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी०आर०ई०डी०ए०आई०) द्वारा गांधी मैदान में आयोजित 'डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2024' कार्यक्रम का फीता काटकर उद्घाटन किया.इस अवसर पर
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर एवं बैलून उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.


इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने औद्योगिक प्रदर्शनी में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों तथा राज्य के विभिन्न विभागों एवं उनके उपक्रमों द्वारा स्थापित किये गये स्टॉलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्टॉलों पर प्रदर्शित किये गये उत्पाद एवं उसके कार्यों के संबंध में जानकारी ली.प्रदर्शनी में लगभग 250 इकाईयों द्वारा अपने उत्पाद का प्रदर्शन किया गया है.

         इसमें राज्य सरकार के भी विभिन्न विभागों तथा उपकरणों का स्टॉल है, जिसमें बिहार के विकास एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है.राज्य के संसाधनों, विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति तथा भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिये 5 दिवसीय औद्योगिक प्रदर्शनी डेस्टिनेशन बिहार- एक्सपो 2024 का आयोजन किया गया है. इस तरह के आयोजन से आने वाले समय में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और औद्योगीकरण को गति मिलेगी.

     इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संदीप पौंड्रिक, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री के०पी०एस० केसरी, एक्सपो आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री राम लाल खेतान, एक्सपो आयोजन समिति के उपाध्यक्ष श्री आशीष रोहतगी, श्री नरेन्द्र कुमार, महासचिव श्री गौरव साह, पूर्व कोषाध्यक्ष श्री मनीष तिवारी, पटना के जिलाधिकारी श्री शीर्षत कपिल अशोक, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राजीव मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी ने, उद्योग जगत के उद्यमी गण उपस्थित थे. 

गुरुवार, 22 फ़रवरी 2024

अधिक से अधिक निर्धन कारीगरों और शिल्पकारों को करें लाभान्वित

 प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वयन में लाएं तेजी : जिलाधिकारी



जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत जिलास्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक सम्पन्न

बेतिया. पश्चिम चंपारण जिले के जिलाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत जिलास्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक सम्पन्न हुयी.जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत किये जा रहे कार्यों में तेजी लायी जाय ताकि लक्ष्य के अनुरूप जिले के निर्धन कारीगरों और शिल्पकारों को लाभान्वित किया जा सके.उन्होंने कहा कि योजना अंतर्गत सभी स्टेजों को तीव्र गति से संपादित कराने के लिए सार्थक प्रयास करना है.

          उन्होंने उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों से कहा कि प्रखंड स्तर पर मुखिया/प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक आवेदन स्टेज-02 में स्वीकृति के लिए भेजने का प्रयास करें ताकि जिले के योग्य व्यक्तियों को लाभ प्रदान किया जा सके.बैठक में उप विकास आयुक्त, श्रीमती प्रतिभा रानी द्वारा आवेदकों की पात्रता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी.

             इस योजनान्तर्गत परंपरागत तरीके से कार्य कर रहे शिल्पकारों को विभिन्न 18 ट्रेंडों में योग्य लाभार्थियों का चयन कर लाभान्वित करने का उदेश्य उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया. उन्होंने बताया कि अब तक द्वितीय स्तर पर आवेदक का फील्ड वेरिफिकेशन के पश्चात 70 आवेदकों का चयन कर स्टेज-03 के लिए अनुशंसित किया गया है. समिति की बैठक में एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित डोमेन विशेषज्ञ श्रीमती रेणु गुप्ता, श्री पंकज कुमार झुनझुनवाला, श्री भूपेन्द्र नाथ तिवारी ने अपने-अपने सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया.

             इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्रीमती प्रतिभा रानी, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेतिया, श्री शंभू कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, श्री अनिल कुमार सिंह, अग्रणी बैंक प्रबंधक, श्री सतीश कुमार, श्रम अधीक्षक, श्री विरेन्द्र कुमार महतो, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित सभी सदस्य उपस्थित थे.


आलोक कुमार

बुधवार, 21 फ़रवरी 2024

रैली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी विशेष रूप से शामिल होंगे

 बिहार की राजनीति में नीतीश 12वें प्लेयर की तरह : डा0 अखिलेश

पटना.बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने घोषणा की है कि आगामी 3 मार्च को पटना के गाँधी मैदान में महागठबंधन की महारैली


होगी.इस रैली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी विशेष रूप से शामिल होंगे. डा0 सिंह ने यह घोषणा पार्टी मुख्यालय सदाकत आश्रम में भारत जोड़ो कार्यक्रम के तहत आयोजित ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान की.

   डा0 सिंह ने नीतीश कुमार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश किसी भी दल या गठबंधन के लिए भार हैं. कांग्रेस ऐसे तत्वों से दूर रहती है जो स्थिर नहीं होते और बार-बार भरोसा तोड़ने का काम करते हैं. नीतीश के भाजपा में जाने से महागठबंधन और मजबूत हुआ है. पिछले चुनाव में जब नीतीश भाजपा के साथ थे तब भी नीतीश-भाजपा गठबंधन को केवल 12 हजार वोट ज्यादा मिले थे इसलिए बिहार की राजनीति में नीतीश फैक्टर का कोई औचित्य नहीं रह गया है.

   डा0 सिंह ने आगे कहा कि नीतीश किसी भी गठबंधन के लिए अतिथि की भूमिका में रहते हैं उनके आने-जाने का कोई असर नहीं होता. वे बिहार की राजनीति में 12वें प्लेयर की तरह हो गये हैं.

      ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने की. इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी से आये प्रतिनिधियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के गूढ़ मंत्र बताये एवं आने वाले चुनाव में वोटरों को लामबंद करने का सूत्र साझा किया. जो लोग ट्रेनिंग सेसन में हिस्सा लिये उनमें मुख्य हैं सांसद डा0 मो0 जावेद, कृपानाथ पाठक, नरेन्द्र कुमार, विधायक राजेश कुमार, प्रतिमा कुमारी दास, इजहारूल हुसैन,  प्रमोद कुमार सिंह, निर्मल वर्मा, राजेश राठौड़, राजकुमार राजन, आलोक हर्ष, कैसर अली खान, तारानन्द सदा, डा0 विनोद शर्मा,  रामायण प्रसाद यादव, आई0पी0 गुप्ता, असित नाथ तिवारी, राजकिशोर सिंह, धर्मवीर शुक्ला, अमरेन्द्र सिंह,  गरीब दास, सौरभ सिन्हा, रीता सिंह, दुर्गा प्रसाद गुप्ता,डा0 कमलदेव नारायण शुक्ला, गुंजन पटेल, सुधा मिश्रा, सुनीता देवी, जयप्रकाश चौधरी,  सिद्धार्थ क्षत्रिय,  गुरूदयाल सिंह, निधि पाण्डेय, मृणाल अनामय, रामाशंकर पाण्डेय, अरूणा सिंह, वसी अख्तर, मो0 कामरान, विमलेश तिवारी, प्रियंका सिंह, मिथलेश शर्मा मधुकर, विशाल झा, सुनैना झा, धनंजय शर्मा, राजीव कुमार मेहता इत्यादि.


आलोक कुमार

मंगलवार, 20 फ़रवरी 2024

भागलपुर के ट्रिपल आई०टी० के स्थायी भवन का किया वर्चुअल उद्घाटन

 प्रधानमंत्री ने आई०आई०टी० पटना के नवनिर्मित भवनों, बोधगया आई०आई०एम० के स्थायी भवन, भागलपुर के ट्रिपल आई०टी० के स्थायी भवन का किया वर्चुअल उद्घाटन, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री तथा विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री भी हुए शामिल

पटना.प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज आई०आई०टी० पटना के नवनिर्मित 24 भवनों, आई०आई०एम० बोधगया के स्थायी भवन तथा भागलपुर ट्रिपल आई०टी० के नये स्थायी भवन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया.इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित अपने कक्ष से जुड़े.

ध्यातव्य है कि 466 करोड़ रुपये की लागत से बने आई०आई०टी० पटना में 24 भवनों के निर्माण होने से अकादमिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, छात्रावास, सेंट्रल लेक्चर हॉल और स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर सहित अन्य सुविधाएं छात्रों को मिलने लगी.कल मुख्यमंत्री ने बिहटा स्थित आई०आई०टी० परिसर पहुंचकर नवनिर्मित भवनों का जायजा लिया था और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली थी. मुख्यमंत्री ने वर्ष 2007 में भारत सरकार से पटना में आई०आई०टी० की स्थापना के लिए आग्रह किया था और वर्ष 2008 में पटना में इसकी स्थापना हुई थी. राज्य सरकार द्वारा पटना के बिहटा में उसके लिए 500 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई गई थी. 

   मूलभूत शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवनों का निर्माण होने पर वर्ष 2012 में यह संस्थान बिहटा के स्थायी परिसर में हस्तांतरित हो गया. आज नवनिर्मित भवनों का प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण किए जाने से अब यहां पठन-पाठन का कार्य और बेहतर ढंग से संचालित हो सकेगा.

आई०आई०एम०, बोधगया के भवन के उद्घाटन होने से इस परिसर में छात्रों को अत्याधुनिक स्मार्ट कक्षाएं और पुस्तकालय आदि की और बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं. 128 करोड़ रुपये की लागत से भागलपुर में ट्रिपल आई०टी० भवन के उद्घाटन से छात्र-छात्राओं को भी सुविधाएं मिलने लगी है। कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा तथा विज्ञान,प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह भी जुड़े हुए थे.




आलोक कुमार