🔥 CHINGARI PRIME NEWS
🔴 Breaking News | Latest Updates | India News | Politics | Sports | Business | Entertainment

मंगलवार, 19 दिसंबर 2023

स्थापना दिवस पर कांग्रेस करेगी लोकसभा चुनाव का शंखनाद : डॉ. अखिलेश

 स्थापना दिवस पर कांग्रेस करेगी लोकसभा चुनाव का शंखनाद : डॉ. अखिलेश


पटना.कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही है। इसके लिए बिहार कांग्रेस प्रदेश भर में पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 28 दिसम्बर को समारोह का आयोजन करेगी।

     ज्ञात हो कि देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उस दिन 138 साल पूरा कर 139वें में प्रवेश कर जायेगी। इस अवसर पर प्रदेश भर के सभी मतदान केंद्रों, प्रखंडों, जिलों एवं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 9 बजे तक कांग्रेस का झंडा फहराने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके अलावा कांग्रेस नेता अपने कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों को सम्बोधित भी करेंगे।

         बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा0 अखिलेश प्रसाद सिंह ने इसके लिए सभी मोर्चा संगठनों, सभी विभागों, सभी प्रकोष्ठों एवं सभी जिलों के अध्यक्षों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं। इसमें प्रदेश के सभी मतदान केन्द्रों एवं प्रखंड मुख्यालयों में भी कांग्रेस का झंडा फहराया जाना है। प्रत्येक बूथ पर ऐसा करने के लिए खास तौर पर कहा गया है। प्रदेश अध्यक्ष डा0 सिंह ने कहा है कि सभी जिला, प्रखंड और मतदान केन्द्रों पर सुबह 9 बजे तक पार्टी का झंडा फहराने का आयोजन करें एवं कार्यकर्ताओं और आम लोगों को सम्बोधित करें।

       उन्होेंने बताया कि इस अवसर को यादगार बनाने के लिए पार्टी आलाकमान राष्ट्रीय स्तर पर नागपुर में ‘‘हम तैयार हैं’’ के युद्धघोष के साथ एक महारैली का आयोजन कर रही है। हमारा उद्देश्य कांग्रेस की विचारधारा को बढ़ावा देने एवं स्वतंत्रता संग्राम के साथ राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका का प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने प्रदेश भर के पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि हर स्तर पर खासकर मतदान केन्द्रों पर पार्टी का झंडा फहराने की तैयारी के लिए प्रारंभिक बैठक प्रारंभ कर दें। उन्होंने सबों को 20 दिसम्बर तक तैयारी बैठकों में भाग लेने का निर्देश दिया है और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का लेखा-जोखा प्रदेश मुख्यालय को भेजने के लिए कहा है।

आलोक कुमार


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

welcome your comment on https://chingariprimenews.blogspot.com/

🟢